तो कर्नल कोठियाल होंगे उत्तराखंड में आपा का सीएम चेहरा

देवभूमि उत्तराखंड में अरविंद केजरीवाल का एलान, कर्नल कोठियाल होंगे मुख्यमंत्री पद के दावेदार
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एलान किया है कि कर्नल अजय कोठियाल उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। इसके साथ ही उन्होंने कोठियाल को भोले का फौजी भी बताया।

देवभूमि उत्तराखंड में अरविंद केजरीवाल का एलान, कर्नल कोठियाल होंगे मुख्यमंत्री पद के दावेदार। फाइल फोटो

देहरादून 17 अगस्त। आम आदमी पार्टी (आप) ने उत्तराखंड के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कर्नल अजय कोठियाल (सेवानिवृत्त) को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाया है। आप के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने देहरादून पहुंचकर इसका एलान किया। उन्होंने कहा कि कर्नल कोठियाल को पार्टी ने प्रदेश की जनता से रायशुमारी कर मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है। आप देवभूमि उत्तराखंड को दुनिया भर के हिंदुओं की आध्यात्मिक राजधानी बनाएगी।

मंगलवार को देहरादून में आयोजित मिशन उत्तराखंड नवनिर्माण कार्यक्रम में आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कर्नल कोठियाल ने फौज में रहकर देश की सेवा की। जब उत्तराखंड के नेता देवभूमि को लूट रहे थे, तब कर्नल कोठियाल सीमा पर देश सेवा में जुटे थे। प्रदेश के नागरिकों को ऐसे व्यक्ति की जरूरत है, जो अपनी जान की परवाह किए बगैर उत्तराखंड के बारे में सोचे। केदारनाथ पुनर्निर्माण में उनकी अहम भूमिका रही। अब उन्होंने उत्तराखंड के नवर्निर्माण का बीड़ा उठाया है। केजरीवाल ने कहा कि उत्तराखंड को देवभूमि कहते हैं। यहां हिंदुओं के बहुत सारे तीर्थ स्थल हैं। कर्नल कोठियाल को भोले का फौजी भी कहते हैं। इनके साथ मिलकर उत्तराखंड की जनता उत्तराखंड को पूरी दुनिया के हिंदुओं के लिए आध्यात्मिक राजधानी बनाएगी। एक तरफ दिल्ली देश की प्रशासनिक राजधानी है, तो दूसरी ओर उत्तराखंड देश की आध्यात्मिक राजधानी होगी। कर्नल कोठियाल 10 हजार से अधिक बच्चों को सेना में भर्ती के लिए प्रशिक्षित कर चुके हैं। प्रदेश में बेरोजगारी व पलायन की समस्या है। कर्नल कोठियाल को रोजगार देना आता है। युवाओं के सपनों और उनकी जरूरतों को पूरा कर सकते हैं। इनके हाथों में उत्तराखंड का भविष्य सुनहरा और सुरक्षित होगा।

कर्नल अजय कोठियाल (सेवानिवृत्त) ने कहा कि उनके लिए यह गर्व और सम्मान का दिन है। उनके लिए काम आसान नहीं है। उन्होंने कहा कि वह शादीशुदा नहीं हैं और राजनीति से भ्रष्टाचार समाप्त कर प्रभावशाली गवर्नेंस के लिए आगे आए हैं। अगर किसी कारण से उत्तराखंड का नवनिर्माण नहीं हुआ, तो वह इसे खुद की असफलता मानेंगे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी, अरविंद केजरीवाल व कर्नल कोठियाल को केवल छह माह का समय देकर देखें। अगर लगेगा कि सही दिशा में नहीं जा रहे हैं, तो दोबारा वोट मांगने नहीं आएंगे।

इसके बाद बीजापुर अतिथि गृह में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कर्नल अजय कोठियाल ने कहा कि जब हमारी सरकार उत्तराखंड में आएगी, हम युवाओं को बेहतर शिक्षा, रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगे। पार्टी का उद्देश्य रहेगा कि युवाओं को दाऊद इब्राहिम नहीं, अब्दुल कलाम बनने को प्रेरित किया जाए। प्रदेश में ऐसा भू-कानून लाएंगे, जिसमें निवेशक को आमंत्रित करने के साथ ही स्थानीय निवासियों के हक-हकूक की रक्षा भी हो सके। देवस्थानम बोर्ड की जरूरत नहीं है। इसे पहले की तरह पुरानी परंपराओं को व्यवस्थित कर चलाया जाएगा।

बीजापुर अतिथि गृह में आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में शिक्षा मंत्री अरविंद पाण्डेय के खिलाफ गदरपुर से बसपा के पूर्व प्रत्याशी जरनैल सिंह और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक केेज्ञनजदीकी  हरिद्वार के भाजपा नेता नरेश शर्मा ने आप की सदस्यता ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *