चौतरफा ले-दे मची तो भगत ने इंदिरा पर की टिप्पणी पर जताया खेद

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने इंदिरा हृदयेश पर टिप्पणी को लेकर जताया खेद
उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत। फाइल फोटो
नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता डा इंदिरा हृदयेश के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत को भारी पड़ गई। मुख्यमंत्री ने बीती रात्रि ही घटना पर खेद जताया और व्यक्तिगत तौर पर इंदिरा हृदयेश से क्षमा भी मांगी। भगत ने अपनी टिप्पणी पर खेद जताया।
देहरादून 06 जनवरी । विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता डाक्टर इंदिरा हृदयेश के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत को भारी पड़ गई। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बीती रात्रि ही घटना पर खेद जताया और व्यक्तिगत तौर पर इंदिरा हृदयेश से क्षमा भी मांगी। बुधवार को मामला और तूल पकड़ने पर बंशीधर भगत आगे आए। उन्होंने अपनी टिप्पणी पर खेद जताया। उधर, भगत की टिप्पणी को कांग्रेस ने मुद्दा बनाते हुए प्रदेशभर में प्रदर्शन कर उनके पुतले फूंके।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने बीते मंगलवार भीमताल में आयोजित कार्यकर्त्‍ता सम्मेलन में नेता प्रतिपक्ष डाक्टर इंदिरा हृदयेश पर अमर्यादित टिप्पणी की थी। इस कार्यक्रम का वीडियो तेजी से वायरल हो गया। कांग्रेस के दिग्गज नेताओं से लेकर संगठन ने आक्रामक रुख अख्तियार करते हुए भाजपा पर हमले तेज कर दिए। इंदिरा हृदयेश ने इस पर तीखी आपत्ति जताते हुए कहा था कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी भगत की शिकायत करेंगी। बताया जा रहा है कि यह मामला पार्टी हाईकमान के संज्ञान में आ चुका है।
यही वजह है कि दिल्ली में मौजूद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बीती देर रात्रि ट्वीट कर डैमेज कंट्रोल में देर नहीं की। बुधवार को दबाव बढ़ा तो भगत ने पहले ट्वीट और फिर वीडियो जारी कर सफाई दी और खेद भी जताया। एक बयान में उन्होंने कहा कि भीमताल में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में एक शब्द से नेता प्रतिपक्ष आहत हुई हैं, ऐसी जानकारी उन्हें मिली है। उनकी ऐसी कोई मंशा नहीं थी। यह उन्होंने सामान्य तौर पर कहा। वह और उनकी पार्टी महिलाओं के सम्मान के प्रति संकल्पित है। उनके शब्द से अगर नेता प्रतिपक्ष को कोई कष्ट पहुंचा, तो वह खेद प्रकट करते हुए अपने शब्द सम्मान सहित वापस लेते हैं.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को माफ करने को तैयार नहीं कांग्रेस, मुकदमा दर्ज करने की मांग


कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह डीजीपी को ज्ञापन देते हुए

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत की नेता प्रतिपक्ष को लेकर की गई टिप्पणी को कांग्रेस ने मुद्दा बना लिया है। कांग्रेस ने जगह-जगह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के पुतले फूंके और डीजीपी को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। भगत की ओर से माफी मांगने के बाद भी कांग्रेस के रुख में कोई बदलाव नहीं है।

कांग्रेस मुख्यालय में देर शाम अचानक बुलाई गई प्रेस कांफ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की माफी कांग्रेस को स्वीकार नहीं है। मामला अब सिर्फ कांग्रेस का नहीं है बल्कि प्रदेश की मातृशक्ति के अपमान का है। कांग्रेस की सीधी मांग है कि भगत के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री ने माफी मांगी,पर सरकार और संगठन अलग-अलग

मामले में मुख्यमंत्री की ओर से क्षमा मांगने पर कांग्रेस ने नरम रुख दिखाया, लेकिन कांग्रेस भगत को माफ करने को तैयार नहीं है। प्रीतम सिंह ने कहा कि सरकार और संगठन अलग-अलग हैं। संगठन का शीर्ष पदाधिकारी प्रदेश अध्यक्ष है, जो वीडियो वायरल हुआ है कि प्रदेश अध्यक्ष की टिप्पणी पर कार्यकर्ता भी खिलखिला रहे हैं।

प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने भी जताई नाराजगी

आज प्रदेश के दौरे पर पहुंच रहे कांग्रेस प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने भी ट्वीट कर इस मामले में नाराजगी जताई है। प्रभारी ने कहा कि इससे भाजपा की मानसिकता जाहिर होती है और इसकी निंदा की जानी चाहिए।

सड़क पर उतरकर आंदोलन करने की धमकी

प्रीतम सिंह ने कहा कि सरकार की तरफ से कार्रवाई नहीं होती है तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। कहा कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भाजपा के संगठन पदाधिकारी पर आरोप लगा था और आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। भाजपा के एक विधायक पर भी एक युवती ने शोषण का आरोप लगाया था और भाजपा की प्रदेश सरकार और संगठन इस मामले को दबाने में जुट गया।

नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी के मामले में बुधवार को कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल डीजीपी अशोक कुमार से मिला। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में डीजीपी से मिले प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि भीमताल में कार्यकर्ताओं की सभा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी की। टिप्पणी में नेता प्रतिपक्ष के प्रोटोकॉल, उनके महिला होने की गरिमा तक का ध्यान नहीं रखा गया।

महिलाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी आप : कलेर

आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर ने कहा कि महिलाओं का अपमान पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी। नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश पर भाजपा अध्यक्ष बंशीधर भगत के बयान की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा नेता विकास के मुद्दे पर बहस करने के बजाय महिलाओं को अपमानित करते हैं।

कलेर ने कहा कि मातृशक्ति के संघर्षों से ही उत्तराखंड राज्य मिला है। आज भाजपा नेता महिलाओं को अपमानित कर रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश पर की गई टिप्पणी भाजपा नेताओं की मानसिकता को प्रदर्शित करती है।

राजनीतिक रूप से मतभेद हो सकते हैं, लेकिन एक महिला पर भाजपा अध्यक्ष की टिप्पणी ने प्रदेश की मातृशक्ति का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के महिलाओं का अपमान करने का ये कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले ही भाजपा के कई नेताओं को महिलाओं को अपमानित किया है। इसे पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *