हल्द्वानी पल-पल: छह करोड़ रु. की हानि, पांच हजार पर मुकदमा

Haldwani Violence Uproar Over Encroachment Curfew Death Injured Shooting Order
सीसीटीवी फुटेज से हो रही उपद्रवियों की पहचान, पांच हजार अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज

खास बातें
Uttarakhand Haldwani News Live Updates: हल्द्वानी के बनभूलपुरा में गुरुवार शाम को अतिक्रमण हटाने को लेकर बवाल हो गया। जिसके बाद प्रशासन ने देर शाम उपद्रवियों के पैर में गोली मारने के आदेश जारी किए। इस दौरान छह लोगों की मौत हो गई। प्रशासन ने शहर में कर्फ्यू लगा दिया है।
07:10 PM, 09-FEB-2024
अवैध कब्जे राज्य की डेमोग्राफी बदलने का षड्यंत्र: भट्ट
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने हल्द्वानी में हुई हिंसा पर सभी पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जे कर वातावरण खराब करने की मंशा रखने वालों को किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। इस तरह के कब्जे राज्य की डेमोग्राफी बदलने के षड्यंत्र का हिस्सा हैं।
06:34 PM, 09-FEB-2024
करीब छह करोड़ के नुकसान की आशंका

हल्द्वानी हिंसा में नगर निगम को पांच करोड़ जबकि पुलिस को एक करोड़ से ज्यादा के नुकसान की आशंका है।
06:30 PM, 09-FEB-2024
पांच हजार अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज, पांच हिरासत में
बनभूलपुरा हिंसा मामले में पुलिस ने अब तक पांच हजार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा लिखा है। चार लोग हिरासत में हैं।

06:29 PM, 09-FEB-2024
इंटरनेट के बाद टीवी का प्रसारण भी रोका
हल्द्वानी में हिंसा के बाद इंटरनेट सेवा बंद की गई थी। इसके साथ ही केबल टीवी प्रसारण भी रोका गया।
06:08 PM, 09-FEB-2024
वीडियो फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस बनभूलपुरा हिंसा के उपद्रवियों और पत्थरबाजों की पहचान मौके से मिले सीसीटीवी फुटेज से कर रही है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। सावधानी को हलद्वानी में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात कर स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
04:37 PM, 09-FEB-2024
मुख्यमंत्री धामी पहुंचे हल्द्वानी,कहा-किसी को नहीं छोडेंगें
हिंसा की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हल्द्वानी पहुंचे और यहां घायलों व पीड़ितों से कुशलक्षेम पूछी। साथ ही पुलिस अधिकारियों से मामले की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण कोर्ट के आदेश पर पहले से हटाया जा रहा था। लेकिन यह हमला सुनियोजित था। जैसे पुलिस पर हमला हुआ, बहुत ही दुख की बात है। यह देवभूमि है। इन्होंने कानून तोड़ा है और देवभूमि की छवि खराब की है। पत्रकारों को भी बुरी तरह से पीटा है। उनकी हत्या का प्रयास हुआ है। जिन लोगों ने संपत्ति जलाई , वीडियो फुटेज के आधार पर उन पर कठोर कार्रवाई होगी। वहां जो भी सामान एकत्रित किया गया था उस पर कार्रवाई होगी।
03:55 PM, 09-FEB-2024
हालात का जायजा लेने पहुंची मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक
हल्द्वानी हिंसा के बाद हालात का जायजा लेने उत्तराखंड की मुख्य सचिव राधा रतूड़ी और पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार दंगा स्थल पहुंचे। उन्होंने कहा- हम लोग पहले पूरी स्थिति अच्छे से अध्ययन करेंगे और फिर उसके क्या विधिक बिंदु है वो देखेंगे,सरकार के खिलाफ हिंसा के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। हम स्थिति का पूरा अध्ययन करने के बाद मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी देंगे। दंगाइयों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होगी।
03:49 PM, 09-FEB-2024
राज्यपाल से मिले मुख्यमंत्री धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह से मुलाकात की। उन्होंने राज्यपाल को बनभूलपुरा की मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी दी।
02:09 PM, 09-FEB-2024
कोटद्वार में पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट पर
हल्द्वानी की घटना के बाद कोटद्वार में पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट पर है। हर संदिग्ध व्यक्ति पर नजर रखी जा रही है। वातावरण खराब करने वालों पर भी पूरी निगाह रखी जा रही है। पौड़ी जिले के तमाम पुलिस स्टेशनों से थानों से फोर्स कोटद्वार बुला ली गई है।
01:23 PM, 09-FEB-2024
एक-एक दंगाई की पहचान कर कार्रवाई की जाए
मुख्यमंत्री धामी ने एडीजी कानून व्यवस्था और जिलाधिकारी नैनीताल को घटना के दोषियों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही कर क्षेत्र में शान्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि आगजनी और पथराव करने वाले एक-एक दंगाई की पहचान कर उन पर कार्रवाई हो। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कठोरतम कार्रवाई की जाए।
12:55 PM, 09-FEB-2024
मुख्यमंत्री धामी ने बुलाई उच्च स्तरीय बैठक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में शान्ति एवं कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने को एडीजी कानून और व्यवस्था ए.पी अंशुमान को प्रभावित क्षेत्र में कैंप करने को कहा हैं। मुख्यमंत्री ने अवैध निर्माण को हटाए जाने के समय पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों एवं कार्मिकों पर हमले और क्षेत्र में अशान्ति फैलाने को सख्ती से लेते हुए अराजक तत्वों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री आवास में उच्च स्तरीय बैठक लेते हुए मुख्यमंत्री ने उच्च अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिलाधिकारी नैनीताल से निरंतर समन्वय बनाकर रखें ।
12:30 PM, 09-FEB-2024
पुलिस की लापरवाही की अलग से होगी जांच : भरने
हल्द्वानी हिंसा पर पुलिस प्रवक्ता आईजी निलेश आनंद भरने ने कहा कि हिंसा में तीन की मौत की पुष्टि हुई है। हालात पर लगातार नज़र है। कई गिरफ़्तारियां हुई है। पूरे प्रदेश में संवेदनशील इलाक़ों में भी भ्रमण के निर्देश दिए गए है।

11:56 AM, 09-FEB-2024
पैरामिलिट्री फोर्स ने संभाला हल्द्वानी में मोर्चा
भड़की हिंसा के बाद पैरामिलिट्री फोर्स ने हल्द्वानी में मोर्चा संभाल लिया है। छह जिलों से भारी फोर्स मंगाई गई है। वहीं पुलिस ने उपद्रवियों का चिह्नीकरण शुरू कर दिया है। कल तक सेना भी पहुंच जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *