15 हजार से अधिक बहनों ने गणेश जोशी को बांधा रक्षा सूत्र

*रक्षा बंधन समारोह 2023 में मंत्री गणेश जोशी की कलाई पर 15 हजार से अधिक बहनों ने बांधा रक्षा सूत्र।* इनमें बड़ी संख्या मुस्लिम बहनों की

*कार्यक्रम में हजारों की संख्या में पहुंची बहनों पर पुष्प वर्षा कर मंत्री गणेश जोशी ने बहनों का किया स्वागत।*

*कार्यक्रम में बहिनों के अपार स्नेह को देखकर मंत्री गणेश जोशी हुए भावुक।*

देहरादून, 27 अगस्त। मसूरी विधानसभा में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी रक्षाबंधन समारोह बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास से मनाया गया। देहरादून के हाथीबड़कला स्थित सर्वे स्टेडियम में आयोजित ‘रक्षाबंधन समारोह 2023’ का आयोजन किया गया जिसमे 15 हजार से अधिक बहनों ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मंत्री गणेश जोशी ने हजारों की संख्या में पहुंची बहनों पर पुष्प वर्षा करते हुए उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने को मुख्य अतिथि पदमश्री एवं पदम भूषण पर्यावरणविद डॉक्टर अनिल प्रकाश जोशी एवं विशिष्ट अतिथि  टपकेश्वर महादेव मन्दिर के महन्त कृष्णा गिरी महाराज और उत्तराखंड भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आशा नौटियाल ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। छह सांस्कृतिक दलों ने विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियां भी दी। रक्षाबंधन समारोह में सबसे पहले भाजपा महिला प्रदेश अध्यक्ष आशा नौटियाल ने केबिनेट मंत्री गणेश जोशी की कलाई पर राखी बांधी, उसके बाद हजारों की संख्या में कार्यक्रम में पहुंची बहनों ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की कलाई पर राखी बांधकर उनके दीर्घायु जीवन की कामना की। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने भी बहनों को राखी के बदले उनकी रक्षा का वचन और उपहार देकर भाई का कर्तव्य निभाया।
इस अवसर पर भाजपा महिला प्रदेश अध्यक्ष आशा नौटियाल ने कहा कि बहनों का इतना बड़ा समूह उन्होंने जीवन में पहली बार देखा है। भव्य कार्यक्रम के लिए आशा नौटियाल ने मंत्री गणेश जोशी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। श्रीमती आशा  नौटियाल ने कहा कि मंत्री के रूप में गणेश जोशी ने कृषि एवं उद्यान के क्षेत्र में नए नए आयाम स्थापित करने की दिशा में निरंतर कार्य किया  है। उन्होंने मंत्री गणेश जोशी की लंबी उम्र की भी कामना  की।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि कृष्ण गिरी महाराज ने कहा कि भगवान टपकेश्वर महादेव  कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के इष्ट देव है।जब भी वह कोई शुभ कार्य करते है तो महादेव की जरूर विशेष पूजा अर्चना कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करते है। साथ ही उन्होंने रक्षा बंधन पर्व के  शास्त्रीय महत्व के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
मुख्य अतिथि पर्यवरणविद डॉक्टर अनिल जोशी ने  भव्य कार्यक्रम के लिए मंत्री गणेश जोशी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि वे राजनीतिक लोगों के बारे में कभी कोई टिप्पणी नहीं करते लेकिन आज का कार्यक्रम देख कह सकते हैं कि जन नेता लोक नेता विशेषण गणेश जोशी पर फिट बैठता है। उन्होंने कहा कि जब कहीं आपदा जैसी घटनाएं होती है तो मंत्री गणेश जोशी आपदा पीड़ितों का दुःख दर्द बांटते नजर आते हैं। उन्होंने याद दिलाया कि उत्तराखण्ड को अलग राज्य बनाने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
रक्षा बंधन के पावन पर्व पर आयोजित रक्षा बंधन समारोह को सम्बोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी अपने संबोधन के दौरान भावुक नजर आए। मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि आज मैं जिस भी स्थान पर हूं, आप सभी बहनों की वजह से हूं। यह आपके प्यार, स्नेह की ताकत है, जो मैं आज यह ऊंचाई प्राप्त कर पाया हूं। जितना भरोसा आप माताएं और बहनें मुझ पर करती हैं, उससे ज्यादा भरोसा मैं आप पर करता हूं। मंत्री जोशी ने कहा कि बहनों का यही स्नेह मेरी ताकत है जो मुझे आगे कार्य करने के लिए प्रेरित करती है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मेरे पास इस सब के लिए शब्द नहीं है । हर वर्ष बहिनों की संख्या बढ़ती जा रही है। मंत्री ने अपार स्नेह के लिए कार्यक्रम में पहुंची बहनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में वे अपने फौज में बिताए हुए दिनों का भी स्मरण करते हुए भावुक नजर आए।  उन्होंने शहीद सम्मान यात्रा के दौरान महिलाओं के अपार स्नेह का जिक्र किया। मंत्री जोशी ने कहा कि राखी का त्योहार भाई बहन का त्योहार है। उन्होंने बहिनों को विश्वास दिलाते हुए कहा कि बहिनों के अपार स्नेह ने मुझे इस  लायक बनाया है, बहनों के प्यार ने चार बार विधायक और दो बार मंत्री बनाया है। इसके लिए उन्होंने कार्यक्रम में पहुंची बहनों का आभार व्यक्त भी किया।

मंत्री जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि मैंने गरीबी को बहुत नजदीकी से देखा है। समाज ने अगर ताकत दी है तो उसका सदुपयोग कमजोर और गरीबों की सेवा के लिए करना चाहिए। मंत्री जोशी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मातृ शक्ति के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। 61 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूह संचालित किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में पुष्कर सिंह धामी सरकार का लक्ष्य है कि जब राज्य 25 वर्ष का हो तो सवा लाख बहनें लखपति दीदी बन जायें, इस संकल्प से राज्य सरकार कार्य कर रही है।

इस अवसर पर भाजपा महिला प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती आशा नौटियाल, पर्यावरणविद डॉक्टर अनिल जोशी, टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत कृष्ण गिरि महाराज, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भाजयुमो नेहा जोशी, पूर्व दर्जाधारी कैलाश पंत, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल, श्रीमती निर्मला जोशी, मंडल अध्यक्ष ज्योति कोटिया, मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, महानगर महामंत्री सुरेंद्र राणा, पूर्व मंडल अध्यक्ष पूनम नौटियाल आदि उपस्थित रहे।

आयोजन स्थल पर  महिला स्वयं सहायता समूहों के स्टाल लगे थे। एक प्रदर्शनपट्ट पर सूचना थी कि मंत्री गणेश जोशी इस बार 20 हजार महिलाओं का बीमा करायेंगें जिसका प्रीमियम उनके व्यक्तिगत बैंक खाते से जायेगा। इसके पूर्व यह संख्या 15 हजार थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *