सल्ट उपचुनाव: भाजपा से महेश जीना तो कांग्रेस ने गंगा पंचोली पर जताया भरोसा

भाजपा ने सल्ट उप चुनाव में महेश जीना को बनाया प्रत्याशी, कल करेंगे नामांकन, कांग्रेस ने रिपीट की गंगा पंचोली
अल्मोड़ा जिले की सल्ट विधानसभा सीट के लिए 17 अप्रैल को होने जा रहे उप चुनाव में भाजपा ने महेश जीना को प्रत्याशी बनाया है। महेश जीना सल्ट के विधायक रहे स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह जीना के भाई हैं।
देहरादून 29 मार्च। उत्तराखंड में लंबे इंतजार के बाद आखिरकार भाजपा और कांग्रेस ने सल्ट उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी है। पार्टी हाईकमान के साथ ही भाजपा ने सांसदों व विधायकों से रायशुमारी के बाद नाम फाइलन किया है, वहीं कांग्रेस हाईकमान ने भी प्रदेश अध्यक्ष सहित पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से रायशुमारी के बाद उम्मीदवार के नाम पर मुहर लगाई है। भाजपा की ओर से महेश जीना को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि पिछले विधानसभा चुनाव में दम दिखा चुकीं गंगा पंचोली पर कांग्रेस ने एक बार फिर भरोसा जताया है।

बता दें कि भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने सल्ट उपचुनाव पर सरकार के मंत्रियों और संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक भी की थी। इस दौरान प्रत्याशी से लेकर चुनाव संचालन को लेकर चर्चा की गई। सूत्रों ने बताया कि सल्ट उपचुनाव के लिए गठित भाजपा की कमेटी के सदस्यों-कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य, राज्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और भाजपा महामंत्री सुरेश भट्ट से चर्चा की गई थी। सल्ट उपचुनाव के प्रभारी सुरेश भट्ट से फीडबैक लिया गया। फिर प्रदेश प्रभारी ने सभी मंत्रियों संग चर्चा की। उम्मीदावार का चयन केंद्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड की बैठक में ही फाइनल हुआ है।

जबकि, वर्ष 2017 के चुनाव में सल्ट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुकी गंगा उस वक्त 2904 वोट से जीत से चूक गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लहर में भी गंगा ने भाजपा को कड़ी टक्कर दी थी। सूत्रों के अनुसार, सल्ट के लिए गंगा के साथ ही पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत के बेटे विक्रम रावत का नाम भी पैनल में था। हालांकि प्रदेश नेतृत्व रणजीत को चुनाव मैदान में उतारने के पक्ष में था अंतिम क्षणों तक भी रणजीत को मनाने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने इंकार कर दिया। प्रत्याशी घोषणा के बाद प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि गंगा सल्ट से कांग्रेस की सशक्त प्रत्याशी हैं।

कांग्रेस इस चुनाव को जीत के लिए लड़ेगी। पिछले चार साल में जनता भाजपा सरकार से आजिज आ चुकी है। प्रत्याशी का नाम फाइनल होने के बाद कांग्रेसी नामांकन की तैयारी में जुट गए। मंगलवार को नामांकन कराया जाना है। गौरतलब है कि निर्वाचन आयोग ने सल्ट विधान सभा के लिए हो रहे उप निर्वाचन में एक्जिट पोल पर रोक लगा दी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने बताया कि शनिवार 27 मार्च से गुरुवार 29 अप्रैल के बीच की अवधि में कोई भी एग्जिट पोल प्रकाशित, प्रसारित नहीं किया जाएगा। मतदान समाप्ति से 48 घंटे पूर्व ओपिनियन पोल भी प्रकाशित नहीं होगा।

सल्ट विस चुनाव: 2017
43083 वोट पड़े थे टोटल
एसएस जीना 21581
गंगा पंचौली 18677
जीत का अंतर 2904
नोटा 812

अल्मोड़ा जिले की सल्ट विधानसभा सीट के लिए 17 अप्रैल को हो रहे उपचुनाव राज्य की चौथी विधानसभा में लगातार तीसरा उप चुनाव है,जिसमें भाजपा ने सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे विधायक के निधन से रिक्त हुई सीट पर उनके ही स्वजन को मैदान में उतारा है।

गत नवंबर में विधायक सुरेंद्र सिंह जीना का असामयिक निधन हो गया था। भाजपा ने इस सीट के उप चुनाव के लिए महेश जीना समेत छह दावेदारों का पैनल तैयार कर आलाकमान को भेजा था। सोमवार को भाजपा आलाकमान ने प्रत्याशी के रूप में महेश जीना के नाम पर मुहर लगा दी। भाजपा एक तरह से स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह जीना के निधन से उपजी सहानुभूति का लाभ लेने की रणनीति ही अमल में लाई। इससे पहले हुए दो उप चुनावों में भी भाजपा ने दो विधायकों के निधन पर उनके स्वजनों को ही प्रत्याशी बनाया था।

दरअसल, सल्ट सीट का यह उप चुनाव नए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के लिए पहली अग्नि परीक्षा के समान है। तीरथ के नेतृत्व में भाजपा के लिए यह पहला चुनाव है। इसके अलावा इस उप चुनाव की अहमियत इसलिए भी काफी ज्यादा है, क्योंकि अब अगले विधानसभा चुनाव के लिए एक साल से भी कम वक्त बचा है। सल्ट में जिस भी पार्टी को कामयाबी मिलेगी, वह बढ़े हुए मनोबल के साथ विधानसभा चुनाव में जाएगी। साथ ही इस उप चुनाव का नतीजा राज्य में भाजपा सरकार के चार साल के कार्यकाल के आकलन की दृष्टि से कसौटी का काम भी करेगा।

सल्ट सीट के लिए मंगलवार को नामांकन कराएंगे भाजपा प्रत्याशी

भाजपा के सल्ट उप चुनाव के लिए घोषित प्रत्याशी महेश जीना मंगलवार को नामांकन कराएंगे। नामांकन के अवसर पर भाजपा के प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि इस मौके पर नामांकन स्थल भिकियासैंण में सुबह 10-30 भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, प्रदेश महामंत्री संग़ठन अजेय, प्रदेश महामंत्री एवं सल्ट चुनाव के प्रभारी सुरेश भट्ट, कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य, राज्य मंत्री धन सिंह रावत, सांसद अजय भट्ट व अजय टम्टा मौजूद रहेंगे। नामांकन के बाद 11 बजे स्याल्दे छ्यानी बगड़ में जनसभा का भी आयोजन किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक जनसभा को संबोधित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *