बनफूलपुरा हिंसा नहीं, सिपाही के बदले का शिकार हुआ मृतक प्रकाश कुमार

Haldwani Violence: Prakash Kumar Was Not Killed In Haldwani Violence
सनसनीखेज खुलासा: हल्द्वानी हिंसा में नहीं मारा गया था प्रकाश कुमार, पुलिसकर्मी ने की थी हत्या; SSP ने खोला रहस्य

नैनीताल 15 फरवरी 2024 । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा ने आज प्रकाश कुमार की हत्या की उलझन सुलझा दी। इस बारे में विधिवत प्रेस कॉन्फ्रेंस बुला कर श्री मीणा ने बताया कि बनभूलपुरा में हुए दंगे के दौरान प्रकाश कुमार नाम के एक युवक की भी मौत हुई थी, लेकिन जब पुलिस ने मामले में जांच की तो यह बात सामने आई कि दंगों में प्रकाश कुमार की मौत नहीं हुई।
हल्द्वानी हिंसा मामले को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस मे अनावरण किया कि अवैध संबंधों में रंजिश के कारण प्रकाश कुमार की हत्या कराई गई थी।
हत्या स्वयं पुलिस कांस्टेबल, उसकी पत्नी और साले सहित अन्य ने मिलकर की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मीणा ने बताया कि पुलिस कांस्टेबल की पत्नी से प्रकाश के अवैध संबंध थे, इस बीच हत्या कर दंगे में मौत दिखाने का षड्यंत्र रच बदला लिया गया।
बिहार से उत्तराखंड नौकरी के लिए आए एक युवक की बनफूलपुरा हिंसा में मौत की खबर सामने आई थी जिसमें छानबीन की गई तो आश्चर्यजनक तथ्य सामने आए और पुलिस को अपना ही सिपाही गिरफ्तार करना पड़ा। प्रथम सूचना में उसे उसी दिन काम की तलाश में बिहार से आया और दंगाईयों की गोली का शिकार बताया गया था। लेकिन शव बनफूलपुरा से बाहर मिला था जिससे पुलिस को इस कहानी पर खटका था जो जांच में सही सिद्ध हुआ।

पुलिस की कार्यवाही

नौ फरवरी को थाना बनभूलपुरा को सूचना मिली थी कि इन्द्रानगर रेलवे फाटक से आगे ऑवला गेट गौला बाईपास मुख्य सड़क पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। इस सूचना पर थाना बनभूलपुरा से उपनिरीक्षक अनिल कुमार पुलिस बल लेकर वहां पहुंचे जहां शव पड़ा था। मृतक के पास पाये गये दस्तावेजों से उसकी पहचान प्रकाश कुमार सिंह के रूप में हुयी। प्राथमिक जांच के आधार पर जाँच अधिकारी ने पाया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने आठ फरवरी की रात्रि को प्रकाश कुमार सिंह की हत्या कर दी थी। थाना बनभूलपुरा में अज्ञात व्यक्ति के विरूद्ध धारा 302 भारतीय दंड विधान का अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी ने खुद अपने हाथ ली।

विवेचनात्मक कार्यवाही

मामले की जाँच में विवेचक ने मृतक प्रकाश कुमार सिंह के मोबाईल आदि की जाँच की एवं एसओजी व सर्विलांस की मदद ली गयी तो पता चला कि मृतक प्रकाश कुमार सिंह उर्फ अविराज (पुत्र श्याम देव सिंह, निवासी छिने गाँव भोजपुर सिन्हा, बिहार ) उम्र 25 वर्ष का सम्पर्क सितारगंज के किसी युवक से था तथा उत्तराखण्ड के अन्य नम्बर से भी वह वार्ता कर रहा था, जो आठ फरवरी को हल्द्वानी पहुँचा। प्रकाश के सम्पर्क में आये व्यक्तियों की जानकारी कर उनसे पूछताछ की गयी तो पता चला कि सूरज मृतक का लगभग दो ढाई साल से दोस्त था एवं मृतक प्रकाश कुमार सूरज के घर आता-जाता रहता था। इसी दौरान प्रकाश कुमार सिंह के अवैध सम्बन्ध सूरज की बहन व आरक्षी की पत्नी प्रियंका के साथ बन गये। मृतक प्रकाश कुमार आरक्षी की पत्नी के साथ अवैध शारीरिक सम्बन्ध की वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल कर पैसे की मांग करने लगा। प्रियंका ने यह बात अपने पति बीरेन्द्र से छुपा कर रखी लेकिन संभवतः पैसे ना मिलने पर सात फरवरी को मृतक ने उसके पति बीरेन्द्र को फोन कर दिया । तब प्रियंका ने पूरी बात अपने पति को बता दी। तब बीरेन्द्र ने अपनी पत्नी प्रियंका एवं अपने साथी नईम खान उर्फ बबलू के साथ मिलकर प्रकाश कुमार सिंह की हत्या करने का षड्यंत्र रचा। आरक्षी बीरेन्द्र ने अपनी पत्नी के माध्यम से प्रकाश कुमार सिंह को हल्द्वानी बुलवाया। बीरेन्द्र ने प्रकाश कुमार से अपने मोबाईल से प्रियंका की वीडियो हटाने को कहा। लेकिन प्रकाश कुमार के मना करने पर आरक्षी बीरेन्द्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर आठ फरवरी की शाम को प्रकाश की गोली मारकर हत्या कर दी।

आज 15 फरवरी को बीरेन्द्र व उसके साथियों को पूछताछ में हत्या स्वीकार कर लेने पर धारा 302 भारतीय दंड विधान में गिरफ्तार करते हुए अभियुक्त बीरेन्द्र के बताए हत्या में प्रयुक्त पिस्टल मय जिन्दा 04 कारतूस ढूंढ लिये गये । आरोपित प्रियंका पुलिस पकड़ से बाहर है।

अभियुक्तगणों का विवरण

1-कान्सटेबल बीरेन्द्र सिंह (पुत्र स्वर्गीय रघुनाथ सिंह निवासी ग्राम आलावृद्धि पोस्ट आफिस नागवा नाथ , थाना खटीमा, जिला ऊधम सिंह नगर), उम्र 36 वर्ष।

2- सूरज बाईन (पुत्र पवित्र बाईन, निवासी शक्तिफार्म नं0-1, बैकुण्ठ नगर, थाना सितारगंज, जिला ऊधम सिंह नगर) उम्र 28 वर्ष।

3- प्रेम सिंह पुत्र स्वर्गीय रविशंकर सिंह निवासी ढौराडाम थाना किच्छा जिला ऊधम सिंह नगर उम्र 30 वर्ष

4- नईम खान उर्फ बबलू पुत्र स्वर्गीय नसीम खान निवासी इन्द्रानगर पश्चिमी वार्ड नं014 उजालानगर थाना बनभूलपुरा जनपद नैनीताल। उम्र 50 वर्ष।

5- प्रियंका (पत्नी बीरेन्द्र निवासी ग्राम आलावृद्धि पोस्ट आफिस नागवा नाथ थाना खटीमा जिला ऊधम सिंह नगर)।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *