कल्याण सिंह को आया चेत, योगी को दी प्रतिक्रिया

Kalyan Singh Health Update: पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह ने खोली आंख, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दी हल्की प्रतिक्रिया
पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह ने खोली आंख, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दी हल्की प्रतिक्रिया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को कल्याण सिंह का हाल जानने एसजीपीजीआइ पहुंचे।
मुख्यमंत्री योगी भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह की तबीयत को लेकर काफी सजग नजर आ रहे हैं। उन्होंने मंगलवार को संजय गांधी पीजीआइ पहुंचकर यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री की तबीयत का हाल जाना। इस दौरान उनके साथ कल्याण सिंह के सांसद पुत्र राजवीर सिंह भी मौजूद रहे।
लखनऊ06 जुलाई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को दोपहर में पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह को देखने संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान पहुंचे। कल्याण सिंह यहां सीसीएम के आइसीयू मे भर्ती हैं। मुख्यमंत्री के सामने उन्होंने आंखें खोलीं और ‘कैसे हैं ‘ पूछने पर हल्की प्रतिक्रिया भी दी। पिछले दिनों की तुलना में उनकी तबीयत में आंशिक सुधार हो रहा। योगी सीसीएम में करीब दस मिनट तक रहे।

निदेशक प्रोफेसर आरके धीमन के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री का रक्तचाप, हृदय गति इत्यादि इस समय नियंत्रण में है। कल्याण सिंह के इलाज के लिए नेफ्रोलॉजी, कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, एंडोक्राइनोलॉजी और न्यूरो ऑटोलॉजी के विशेषज्ञों का एक पैनल बनाया गया है। इस पैनल में सीसीएम से डाक्टर बनानी पोद्दार, डाक्टर अफजल अज़ीम, नेफ्रोलॉजी विभाग के प्रमुख प्रो नारायण प्रसाद, न्यूरोलॉजी विभाग के प्रमुख प्रोफेसर सुनील प्रधान, प्रोफेसर वीके पालीवाल, इंडोक्राइनोलॉजी विभाग के प्रमुख प्रोफेसर ईश भाटिया और न्यूरो ऑटोलॉजिस्ट प्रोफेसर अमित केसरी जैसे दिग्गज शामिल हैं। पैनल की निगरानी स्वंय संस्थान के निदेशक प्रोफेसर आरके धीमान और सीएमएस प्रो गौरव अग्रवाल कर रहे हैं। कल्याण सिंह के ब्लड मार्कर पर भी नजर रखी जा रही है।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को उनके स्वास्थ्य जानकारी ली थी। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री योगी से फोन पर वार्ता कर उनकी बेहतर देखभाल का निर्देश भी दिया। राजस्थान के पूर्व राज्यपाल और दिग्गज भाजपा नेता कल्याण सिंह को शनिवार देर रात लखनऊ के डॉक्टर राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया था, जहां से हालत गंभीर होने के बाद रविवार शाम संजय गांधी पीजीआइ में शिफ्ट किया गया। योगी आदित्यनाथ लोहिया में भी सबसे पहले कल्याण सिंह को देखने पहुंचे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के सांसद पुत्र राजवीर सिंह को भी फोन किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *