विधायक किशोर, नैनवाल और कैलाश पंत समेत पांच भाजपाइयों की आज महेंद्र भट्ट के सामने स्पष्टीकरण

बयानबाजी पर भाजपा कठोर, दो विधायकों समेत पांच नेताओं को महेंद्र भट्ट का बुलावा 
टिहरी और रानीखेत में भाजपा नेताओं के मध्य चल रहे वाक युद्ध ने पार्टी को असहज कर दिया है। प्रदेश भाजपा ने इसे गंभीरता से लेते हुए दो विधायकों, एक दायित्वधारी, एक पूर्व मंत्री व एक प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य को बुलाया है। उधर भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने कहा कि भाजपा में आंतरिक लोकतंत्र है, इसलिए नेतागण बयानबाजी से बाज आयें।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पांचों को आज पार्टी मुख्यालय बुलाया है

देहरादून 27 अप्रैल 2024 । टिहरी और रानीखेत में भाजपा नेताओं के मध्य चल रहे वाक युद्ध ने पार्टी को असहज कर दिया है। प्रदेश भाजपा ने इसे गंभीरता से लेते हुए दो विधायकों, एक दायित्वधारी, एक पूर्व मंत्री व एक प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य को पार्टी मुख्यालय बुलाया है। ये सभी रविवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के समक्ष स्थिति स्पष्ट करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इन सभी के साथ अलग-अलग बैठक के लिए साढ़े 11 से डेढ़ बजे तक का समय निर्धारित किया है। टिहरी में पार्टी विधायक किशोर उपाध्याय और कुछ समय पहले भाजपा में शामिल हुए पूर्व मंत्री दिनेश धनै के मध्य टीएचडीसी में ठेकों को लेकर चल रहा आरोप-प्रत्यारोप चर्चाओं में रहा है।

इन मामलों से असहज हुई भाजपा 
इसके साथ ही टिहरी से भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य खेम सिंह चौहान ने इंटरनेट मीडिया पर पार्टी लाइन के विरुद्ध जाकर पोस्ट की थी। उधर, रानीखेत में विधायक प्रमोद नैनवाल और दायित्वधारी कैलाश पंत के बीच मारपीट के एक मामले में वाक्युद्ध चरम पर है। इन सब मामलों ने विपक्ष को बैठे-बिठाए विषय दे दिया और उसने इन्हें लपकने में देर भी नहीं लगाई। परिणामस्वरूप, पार्टी नेताओं की बयानबाजी से भाजपा असहज हुई है।

पांच नेताओं को बुलाया गया 

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इसे गंभीरता से लिया है और पांचों नेताओं को अपना पक्ष रखने के लिए रविवार को देहरादून बुलाया है। माना जा रहा है कि इसके बाद भी यदि ये नेता नहीं माने तो इनके विरुद्ध पार्टी अनुशासनात्मक कार्रवाई भी कर सकती है।
 ‘भाजपा में हैं आंतरिक लोकतंत्र’
उधर, भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने कहा कि भाजपा में आंतरिक लोकतंत्र है। यदि किसी का कोई विषय है तो उसे पार्टी फोरम में रखना चाहिए, न कि सार्वजनिक रूप से आरोप-प्रत्यारोप करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *