पांच राज्यों के एक्जिट पोल ने उलझाया, फिर भी कांग्रेस को बढ़त

Exit Poll Result 2023 Complete Analysis Suspense In Mp Rajasthan Not Clear Congress In Chhattisgarh-Telangana Understand Full Scene
MP में सस्पेंस, राजस्थान भी साफ नहीं, छत्तीसगढ़-तेलंगाना में कांग्रेस… एग्जिट पोल का पूरा सीन समझ‍िए
पांच राज्‍यों में हुए विधानसभा चुनाव के लिए एग्जिट पोल के नतीजे आ गए हैं। इन्‍हें देखकर तस्‍वीर बहुत साफ नहीं होती है। राजस्‍थान और एमपी को लेकर अलग-अलग एग्जिट पोल में अलग-अलग अनुमान है। कुछ ने इन राज्‍यों में बीजेपी तो तमाम ने कांग्रेस को बढ़त दिखाई है। छत्‍तीसगढ़ और तेलंगाना को लेकर तस्‍वीर काफी हद तक साफ है।

नई दिल्‍ली 01 दिसंबर: पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के लिए मतदान के बाद आज पूरे देश को एग्जिट पोल का इंतजार था। इन एग्जिट पोल ने तस्‍वीर साफ करने के बजाय उलझन बढ़ा दी है। आज की स्थिति ‘न तू जीता न मैं हारा’ वाली है। इन एग्जिट पोल ने न भाजपा को उत्‍साहित किया है न कांग्रेस को खुश। दोनों ही दलों को तीन दिन बाद फाइनल रिजल्‍ट आने का इंतजार करना होगा। एग्जिट पोल को देखकर मध्‍य प्रदेश और राजस्‍थान के बारे में किसी न‍िष्‍कर्ष तक नहीं पहुंचा जा सकता है। यानी मध्य प्रदेश पर सस्‍पेंस बना हुआ है तो राजस्‍थान के बारे में भी तस्‍वीर साफ नहीं है। कन्‍फ्यूजन का कारण यह है कि कुछ एग्जिट पोल ने मध्य प्रदेश में भाजपा तो तमाम ने कांग्रेस को सत्‍ता में आते दिखाया है। यही हाल राजस्‍थान का भी है। छत्‍तीसगढ़ और तेलंगाना में कुछ हद तक तस्‍वीर साफ दिखती है। ज्‍यादातर एग्जिट पोल के मुताबिक, इन दोनों राज्‍यों में कांग्रेस को बढ़त मिलती दिख रही है। ऐसे में कुल स्‍कोर देखें तो अभी अनुमानों में झुकाव कांग्रेस की ओर है। लेकिन, असल में अगर भाजपा मध्य प्रदेश के साथ राजस्‍थान फतह करती है तो सीन पलट जाएगा। यानी 3 दिसंबर को असली फाइनल के लिए दिल थामकर बैठना होगा।

छत्तीसगढ़ में दो चरणों में सात नवंबर और 17 नवंबर को मतदान हुआ था। मध्य प्रदेश में 17 नवंबर, राजस्थान में 25 नवंबर और तेलंगाना में 30 नवंबर को वोट डाले गए। मिजोरम में सात नवंबर को मतदान हुआ था। इन सभी राज्यों में मतगणना तीन दिसंबर को होगी।

राजस्‍थान में क्‍या कह रहे हैं Exit Poll?

‘इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया’ के एग्जिट पोल में राजस्थान में कांग्रेस को बढ़त दिखाई गई है। हालांकि, कई अन्य सर्वेक्षणों में भाजपा के आगे रहने का अनुमान लगाया गया है।

‘टीवी9-पोलस्ट्रेट’ के सर्वे के अनुसार,राजस्थान में भाजपा 100 से 110 सीटें हासिल करके सरकार बना सकती है। वहीं, सत्तारूढ़ कांग्रेस को 90 से 100 सीटें मिल सकती हैं। इस सर्वे में कहा गया है कि राजस्थान में अन्य को पांच से 15 सीटें हासिल हो सकती हैं।

‘टाइम्स नाउ-ईटीजी’ के एग्जिट पोल में कहा गया है कि राजस्थान में भाजपा 108 से 128 सीटें हासिल कर पूर्ण बहुमत की सरकार बना सकती है। इसके उलट कांग्रेस को 56 से 72 सीटों के साथ संतोष करना पड़ सकता है।

‘इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया’ के पोल के अनुसार, राजस्थान में सत्तारूढ़ कांग्रेस 42 प्रतिशत मतों के साथ 86 से 106 सीटें हासिल कर सकती है। तो, भाजपा को 41 प्रतिशत मतों के साथ 80 से 100 सीटें हासिल हो सकती हैं।

मध्‍य प्रदेश को लेकर भी सस्‍पेंस

‘न्यूज 24-टुडेज चाणक्य’ के एग्जिट पोल के मुताबिक, मध्य प्रदेश में भाजपा को 45 प्रतिशत मतों के साथ 151 सीटें मिल सकती हैं तो भाजपा को 38 प्रतिशत मतों के साथ 74 सीटों से संतोष करना पड़ सकता है।

‘टीवी9-पोलस्ट्रेट’ के एग्जिट पोल में मध्य प्रदेश में कांग्रेस को निर्णायक बढ़त मिलने का अनुमान लगाया गया है। इसके मुताबिक, कांग्रेस को 230 सदस्यीय विधानसभा में 111-121 सीटें मिल सकती हैं तो भाजपा के खाते में 106-116 सीटें जा सकती हैं।

‘इंडिया टीवी-सीएनएक्स’ के एग्जिट पोल में मध्य प्रदेश में कांटे का मुकाबले का अनुमान लगाया गया है। लेकिन, भाजपा को बढ़त दिखाई गई है। इसके अनुसार, भाजपा को 116 तो कांग्रेस को 11 सीटें मिल सकती हैं।

‘रिपब्लिक-मैट्रिज’ के एग्जिट पोल में मध्य प्रदेश में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलने का अनुमान लगाया गया है। इसके मुताबिक, भाजपा को 118-130 सीटें मिल सकती हैं तो कांग्रेस को 97 से 107 सीटें हासिल हो सकती हैं।

छत्‍तीसगढ़ में दिख रही कांग्रेस को बढ़त
‘न्यूज 24-टुडेज चाणक्या’ के एग्जिट पोल के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की एक बार फिर से पूर्ण बहुमत की सरकार बन सकती है। इस सर्वेक्षण के आंकड़े के अनुसार, कांग्रेस 57 सीटें हासिल कर सकती हैं तो भाजपा को 33 सीटें मिल सकती हैं।

‘इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया’ के एग्जिट पोल के अनुसार, छत्तीसगढ़ की 90 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस को 42 प्रतिशत मतों के साथ 40 से 50 सीटें मिल सकती हैं तो भाजपा को 41 प्रतिशत वोट के साथ 36 से 46 सीटें हासिल हो सकती हैं।

एबीपी-सी वोटर’ के सर्वे में कहा गया है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को 41 से 53 सीटें हासिल हो सकती हैं तो भाजपा को 36 से 48 सीटें मिल सकती हैं।

‘जन की बात’ सर्वे में कहा गया है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को 42 से 53 सीटें हासिल हो सकती हैं।

कांग्रेस या बीआरएस… तेलंगाना में क‍िसकी सरकार? दो

ज्यादातर सर्वेक्षणों में तेलंगाना विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बढ़त दिखाई गई है। ‘इंडिया टीवी-सीएनएक्स’ के एग्जिट पोल के अनुसार, 119 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस 63-79 सीट हासिल करके सरकार बना सकती है। भारत राष्ट्र समिति (BRS) को 31-47, एआईएमआईएम को 5-7 और भाजपा को 2-4 सीटें मिल सकती हैं।

‘टीवी9-पोलस्ट्रेट’ के सर्वेक्षण में कहा गया है कि कांग्रेस को 49-59 सीटें और बीआरएस को 48 से 58 सीटें मिलने का अनुमान है। भाजपा को पांच से 10 तो एआईएमआईएम को 6 से आठ सीटें मिल सकती हैं।

‘रिपब्लिक टीवी-मैट्रिज’ के अनुसार, तेलंगाना में कांग्रेस 58 से 68 सीटें हासिल करके सरकार बना सकती है तो बीआरएस को 46 से 56 सीटें हासिल हो सकती हैं। भाजपा को चार से नौ और एआईएमआईएम को छह से आठ सीटें मिल सकती हैं।

मिजोरम में खंडित जनादेश

ज्यादातर एग्जिट पोल में मिजोरम में खंडित जनादेश रहने का अनुमान है। ‘इंडिया टीवी-सीएनएक्स’ के सर्वेक्षण में कहा गया है कि मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) को 40 सदस्यीय विधानसभा में 14 से 18 सीटें हासिल हो सकती हैं। वह सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभर सकती है। जोराम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) को 12-16 सीटें हासिल हो सकती हैं तो कांग्रेस को आठ से 10 और भाजपा को अधिकतम दो सीटें मिल सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *