मुख्य पुजारी के बाद चंपत राय ने की राहुल की तारीफ

राम जन्मभूमि ट्रस्ट के महासचिव ने राहुल गांधी की प्रशंसा:चंपत राय ने कहा- RSS या प्रधानमंत्री ने नहीं की भारत जोड़ो यात्रा की आलोचना

अयोध्या 04 जनवरी।अयोध्या में रामजन्मभूमि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने राहुल गांधी की प्रशंसा की है। चंपत राय ने कहा, ”RSS या प्रधानमंत्री ने भारत जोड़ो यात्रा की आलोचना नहीं की है। इतने कड़ाके की ठंडक मे एक नौजवान देश की यात्रा कर रहा है तो उसकी सराहना होनी चाहिए। देश के हर नौजवान को ऐसी यात्रा कर देश का इतिहास और भूगोल जानना चाहिए। यह प्रशंसनीय बात है कि 50 साल का नौजवान इस खराब मौसम में देश की 3 हजार किलोमीटर की यात्रा कर रहा है। देश को समझ रहा है। इसमें खराब बात क्या है।”

भारत जुड़ रहा है या नहीं, यह नहीं पता लेकिन राष्ट्र को जुड़ना चाहिए

राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी ने भी राहुल गांधी की पद यात्रा की सराहना की। उन्होंने यात्रा को स्वागत योग्य बताते हुए कहा कि भारत माता का नाम लेकर जो भी कुछ करता है वह कोई भी हो हम उसकी सराहना करेंगे। उनकी यात्रा से भारत जुड़ रहा है या नहीं, यह नहीं पता लेकिन राष्ट्र को जुड़ना चाहिए।

एक दिन पहले रामलला के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने पत्र लिखकर राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का समर्थन किया था। आचार्य सत्येन्द्र दास ने पत्र में लिखा, ”आपकी जो यह देश जोड़ने की यात्रा है वह पूर्ण हो। जो लक्ष्य लेकर आप चल रहे हैं उसमें आपको सफलता मिले। देश के हित में जो भी कार्य कर रहे हैं वह वास्तव में सर्वजन सुखाय सर्वजन हिताय है। हमारी मंगल कामना है कि आपकी यात्रा सफलतापूर्वक अपने लक्ष्य को प्राप्त करें।”

हालांकि मामला सुर्खियों में आने के बाद आचार्य सत्येंद्र दास ने पत्र को लेकर सफाई दी। आचार्य सत्येंद्र दास ने कहा कि अयोध्या के कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता नेता गौरव तिवारी वीरू व अन्य कांग्रेस नेता आए थे और समर्थन पत्र देने का आग्रह किया था। उनके आग्रह पर ही पत्र लिखा है।

UP में 3 दिन में 130 किलोमीटर चलेंगे राहुल

भारत जोड़ो यात्रा 9 दिन के ब्रेक के बाद मंगलवार को शुरू हुई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी UP में 3 दिन में करीब 130 किलोमीटर पैदल चलने वाले हैं। इस दौरान यूपी के तीन जिलों गाजियाबाद, बागपत और शामली से यात्रा गुजरेगी। यह 11 विधानसभाओं को कवर करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *