राहुल की यात्रा में फिर वीर सावरकर का पोस्टर, कांग्रेस ने कहा शरारत, मुकदमा करायेगी

राहुल गांधी के साथ सावरकर का पोस्टर:कर्नाटक कांग्रेस बोली- किसी शरारती की हरकत; केस दर्ज कराएंगे
बेंगलुरु 06 अक्टूबर। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में एक बार फिर सावरकर चर्चा में हैं। कर्नाटक के मंड्या जिले में पहुंची इस यात्रा में एक पोस्टर लगाया गया, जिसमें राहुल के साथ विनायक दामोदर सावरकर को दिखाया गया है। पार्टी ने इस पोस्टर को नकारते हुए शरारती तत्व की हरकत बताया है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा है, ये पोस्टर लगवाने वालों के खिलाफ केस दर्ज कराएंगे।

इससे पहले 21 सितंबर को केरल के कोच्चि में राहुल के स्वागत में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के पोस्टर लगे थे, जिसमें सावरकर की फोटो भी थी। बाद में पार्टी ने गांधी जी की फोटो से सावरकर की फोटो को ढंका था।

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी गुरुवार को कर्नाटक के मंड्या जिले में यात्रा में शामिल हुईं। इस दौरान सोशल मीडिया पर सावरकर के साथ राहुल का पोस्टर वायरल हुआ। कर्नाटक कांग्रेस के नेता मोहम्मद नलपद ने कहा कि ये पोस्टर हमारी ओर से नहीं लगवाया गया है। हम इसके खिलाफ केस दर्ज कराएंगे।

राहुल के पोस्टर भी फाड़े गए थे

इससे पहले भी कर्नाटक के गुंडलूपेट इलाके में 30 सितंबर को कांग्रेस के पोस्टर फाड़ने की घटना सामने आई थी। इसी दिन भारत जोड़ो यात्रा कर्नाटक पहुंची थी। कांग्रेस ने यात्रा के स्वागत के लिए करीब 40 फोटो लगाए थे, जिन्हें फाड़ दिया गया था। कांग्रेस ने पोस्टर फाड़ने का आरोप बीजेपी पर लगाया था।

भारत जोड़ो यात्रा में 21 सितंबर को कोच्चि में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के पोस्टर लगाए गए थे। इनमें सावरकर का पोस्टर भी लगाया गया था। कांग्रेसियों ने उसके ऊपर गांधी जी की फोटो लगा दी थी और इसे प्रिंटिंग मिस्टेक बताया था।

सावरकर की फोटो उनके नाम के साथ लगाई गई थी। इस फोटो के बाईं ओर गोविंद बल्लभ पंत और दाईं ओर चंद्रशेखर आजाद की फोटो थी।

राहुल ने कहा था- मेरा नाम राहुल सावरकर नहीं,राहुल गांधी है,माफी नहीं मांगूंगा

तीन साल पहले दिल्ली के रामलीला मैदान पर कांग्रेस ने मोदी सरकार के खिलाफ ‘भारत बचाओ’ रैली की थी। इस रैली में राहुल गांधी काफी तल्ख नजर आए थे। उन्होंने कहा था कि ये देश पीछे नहीं हटता। मुझे कहते हैं कि सही बात बोलने के लिए माफी मांगूं। भाइयों-बहनों, मेरा नाम राहुल सावरकर नहीं, राहुल गांधी है। मैं सच्चाई के लिए कभी माफी नहीं मांगूंगा और न कोई कांग्रेस वाला माफी मांगेगा।

3570 KM की भारत जोड़ो यात्रा

तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा इन दिनों कर्नाटक में है। यहां से यात्रा तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, UP, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब होते हुए केंद्र शासित प्रदेश कश्मीर तक जाएगी। राहुल की यह यात्रा करीब 3570 किमी की है। इस यात्रा के जरिए कांग्रेस 372 लोकसभा सीटों पर फोकस कर रही है।

दांडी मार्च का कॉन्सेप्ट, हर जिले में टीम बनी

यात्रा का कॉन्सेप्ट महात्मा गांधी के ‘दांडी मार्च’ से लिया गया है। इसे जमीन पर उतारने की जिम्मेदारी दिग्विजय सिंह को दी गई। वे 2017 में 3300 किलोमीटर की ‘नर्मदा परिक्रमा’ कर चुके हैं। दिग्विजय की अध्यक्षता में भारत जोड़ो प्लानिंग कमेटी बनी। हर राज्य में कोऑर्डिनेटर बनाए गए। इसके बाद हर जिले में एक टीम तैयार हुई। दिल्ली में भी 20 से ज्यादा लोग प्लानिंग से जुड़े रहे। इनमें मुकुल वासनिक और केसी वेणुगोपाल के अलावा कांग्रेस से जुड़े संगठनों के लोग भी थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *