चार ऋषियों की जन्मस्थली मियां गंज का नाम हो ऋषि नगर

अब कन्नौज से उठी नाम बदलने की मांग:संतों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, गांव मियां गंज का नाम ऋषि नगर रखने की मांग, कहा-यह गांव है चार ऋषियों की जन्म स्थली
कन्नौज 06 सितंबर।योगी सरकार में नाम बदलने की राजनीति होती रही है। इसी क्रम में अब कन्नौज सदर तहसील क्षेत्र में आने वाले गांव मियागंज का नाम बदलने की मांग उठने लगी है। मामले में मियागंज निवासी कौशल किशोर नाम के संत ने डीएम को ज्ञापन दिया है। उन्होंने कहा की यह गांव ऋषियों की तपोभूमि और जन्मस्थली रही है, इसलिए इसका नाम मियां गंज से बदलकर ऋषि नगर रखा जाए। उन्होंने बताया कि यह चार ऋषियों की जन्म स्थली रही है। यहां के लोग इसका नाम ऋषि नगर के नाम से चाहते हैं। उनका कहना है कि करीब 20 साल से हम लोग आम बोलचाल में इसको ऋषि नगर नाम से ही संबोधित करते हैं। जबकि सरकारी दस्तावेजों में यह मियागंज के नाम से जाना जाता है।

भाजपा ने अपने 4 साल के कार्यकाल में बदले 3 नाम

2017 में आई भाजपा सरकार ने अपने बीते 4 साल के कार्यकाल में 2 शहर और एक स्टेशन का नाम बदला है। हालांकि इसके बाद स्थानीय स्तर पर कई नेताओं ने जिलों के नाम बदलने की मांग उठायी लेकिन अभी तक वह मांग पूरी नहीं हुई है। बहरहाल, फैजाबाद को अयोध्या और इलाहाबाद को प्रयागराज और मुगलसराय स्टेशन का नाम दीन दयाल उपाध्याय करने के बाद सरकार पर तुष्टिकरण का भी आरोप लगा था। हालांकि, भाजपा का पक्ष था कि हम खोयी हुई संस्कृति को वापस ला रहे हैं।

कल्याण सिंह के नाम पर होगा यूपी के कासगंज का नाम, जिला पंचायत में प्रस्ताव पास

यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के नाम पर यूपी के कासगंज का नाम रखने की तैयारी हो रही है। जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में कासगंज का नाम बदल करके कल्याण सिंह के नाम पर रखने का प्रस्ताव पारित हो गया है। जिला पंचायत जिले का नाम परिवर्तित करने के लिए प्रस्ताव को शासन को भेजेगी। बोर्ड बैठक में विकास की आगामी योजना पर सदस्यों से प्रस्ताव भी मांगे गए हैं। जिले का नाम बदलकर पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के नाम करने के प्रस्ताव की जानकारी सामने आने के बाद राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।

जिला पंचायत बोर्ड की बैठक अध्यक्ष रत्नेश शाक्य की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसमें जिला पंचायत सदस्य सितारा कश्यप ने जनपद का नाम बदलकर बाबू कल्याण सिंह के नाम रखने का प्रस्ताव रखा। जिस पर बोर्ड में मौजूद सदस्यों ने अपनी सहमति देते हुए उसे पास कर दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश शाक्य ने कहा कि इस प्रस्ताव को जिला पंचायत शीघ्र ही शासन को भेजेगी।

बोर्ड बैठक में गंजडुंडवारा के गांव घबरा में ग्राम पंचायत की जगह पर खेल मैदान बनाने का भी निर्णय लिया गया है। ग्राम पंचायत इस खेल मैदान को बनाना चाहती है तो जिला पंचायत खेल मैदान बनाने में सहयोग प्रदान करेगी। इस बैठक में इस वर्ष की कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया गया है।

अखिलेश यादव ने बदले थे 8 जिलों के नाम

अखिलेश यादव ने अपने कार्यकाल में 8 जिलों के नाम बदले थे। जिसमे अमेठी का नाम भी शामिल था। हालांकि, यह वह जिले थे। जिनके नाम मायावती ने अपनी सरकार में बदल दिए थे। यही नहीं मायावती सरकार ने किंग जॉर्ज मेडिकल का नाम भी बदलकर छत्रपति शाहू जी महाराज मेडिकल कॉलेज कर दिया था। अखिलेश यादव ने अपनी सरकार में उसका नाम फिर बदल दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *