मुख्यमंत्री निवास में प्राण-प्रतिष्ठा की पूर्व संध्या पर सुंदरकांड पाठ और श्रीराम संगीत संध्या

*मुख्यमंत्री आवास में आयोजित हुई श्रीराम भजन संध्या*

*सुन्दरकांड का पाठ एवं भजन संध्या में राममय हुआ मुख्यमंत्री आवास*

*प्रदेश के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री सहित मंत्रीगणों एवं विधायकों ने  किया सुन्दरकांड का पाठ*

*मुख्यमंत्री ने भजन गायिका स्वाति मिश्रा को किया सम्मानित*

देहरादून 19 जनवरी 2024 । मुख्यमंत्री आवास में  सांय प्रभु श्रीराम मन्दिर प्राण प्रतिष्ठा के शुभ अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में सुन्दरकांड के पाठ के आयोजन के साथ भव्य श्रीराम संध्या आयोजित हुई। भजन गायिका स्वाति मिश्रा एवं विवेक नौटियाल की टीम के प्रस्तुत सुन्दरकांड के सस्वर पाठ के भजनों से पूरा वातावरण राममय हो गया। सभी लोग श्रीराम की भक्ति में भाव विभोर नजर आये। सुन्दरकांड के सस्वर सुन्दर पाठ से वातावरण और अधिक भक्तिपूर्ण बन गया। सुन्दरकांड का पाठ करने वाली टीम में पंकज नौटियाल, सुधांशु रतूड़ी तथा शिवा भट्ट भी रहे।

राज्यपाल जनरल गुरमीत सिंह एवं मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं भी सपरिवार सुन्दरकांड का पाठ किया तथा भगवान राम की आरती कर आशीर्वाद प्राप्त करने के साथ प्रदेश की खुशहाली एवं प्रदेशवासियों के मंगलमय जीवन की कामना की।

मुख्यमंत्री ने भजन गायिका स्वाति मिश्रा को सम्मानित करते हुये भगवान राम के प्रति उनकी आस्था से परिपूर्ण गायिकी की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि 22 जनवरी को रामलला अयोध्या में विराजमान हो रहे हैं और यह ऐसा अवसर है, जिसके लिए हमने वर्षों इंतजार किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 140 करोड़ देशवासियों को रामोत्सव मनाने का सुअवसर प्रदान किया है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से 22 जनवरी को दीप जलाकर भगवान राम का स्मरण कर दीपोत्सव मनाने की भी अपेक्षा की। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रभु राम ने जगत कल्याण के लिये मानव रूप में अवतार लिया, और सच्चरित्र मनुष्य का जीवन कैसा होना चाहिए, इसका उदाहरण प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का संचालन महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने किया ।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी,प्रेमचंद अग्रवाल, श्रीमती रेखा आर्य, विधायक खजान दास, विनोद चमोली,  दुर्गेश्वर लाल, फकीर राम टमटा, उपाध्यक्ष उत्तराखण्ड संस्कृति कला परिषद श्रीमती मधु भट्ट, मुख्य सचिव डॉक्टर सुरजीत सिंह संधु, अपर मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी, श्रीमती राधिका झा, सचिव विनय शंकर पाण्डे,  वी.वी.आर.सी पुरुषोत्तम, हरिश्चंद्र सेमवाल, निदेशक संस्कृति सुश्री बीना भट्ट, सहित अनेक दायित्वधारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं अन्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *