कंझावला अंजलि केस में हत्या का मुकदमा,11 पुलिस जन निलंबित

अंजलि केस दुर्घटना नहीं, हत्याकांड:कार सवार चारों आरोपितों ने शराब पी रखी थी, FSL रिपोर्ट में दावा; 11 पुलिसवाले निलंबित

नई दिल्ली 14 जनवरी। नए साल की रात दिल्ली के कंझावला में हुए अंजलि दुर्घटना केस के आरोपितों की ब्लड रिपोर्ट सामने आई है। इसके मुताबिक कार में मौजूद चारों आरोपितों ने घटना के समय शराब पी रखी थी। रोहिणी की फोरेंसिक लैब ने शुक्रवार दोपहर यह रिपोर्ट दिल्ली पुलिस को सौंपी।

वहीं, गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को दिल्ली पुलिस को इस केस में 302 की धारा जोड़ने का निर्देश दिया। यानी आरोपितों पर हत्या की धारा लगाई जाएगी। साथ ही पुलिस की 3 PCR वैन और 2 पिकेट में ड्यूटी पर तैनात 11 कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया।

दिल्ली के DCP को गृह मंत्रालय ने भेजा नोटिस

मंत्रालय ने दिल्ली के DCP हरेंद्र कुमार को जांच में ढील बरतने के लिए कारण बताओ नोटिस भेजा है। बता दें कि हरेंद्र कुमार ने कहा था कि यह मामला हत्या नहीं, बल्कि दुर्घटना का है।

दिल्ली पुलिस की वरिष्ठ अधिकारी शालिनी सिंह ने गृह मंत्रालय को मामले की जांच रिपोर्ट सौंपी है। इसके बाद मंत्रालय ने पुलिस को यह निर्देश दिए हैं। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि यह दुर्घटना नहीं, हत्या है। आरोपितों को पता था कि कार के नीचे कोई फंसा है, इसके बाद भी उन्होंने कार नहीं रोकी।

इस तस्वीर में पांच आरोपित मनोज मित्तल, दीपक खन्ना,अमित खन्ना, कृष्ण और मिथुन हैं। इन्हें 1 जनवरी को पकड़ा गया था। इसके बाद छठे आरोपित आशुतोष को भी गिरफ्तार किया गया था।

आरोपितों को पता था- अंजलि नीचे फंसी है

पुलिस की पूछताछ में आरोपितों ने भी माना था कि गाड़ी के नीचे अंजलि के फंसे होने की बात उन्हें मालूम थी। आरोपितों ने कहा कि दुर्घटना के बाद उन्होंने कई बार कार का यू टर्न लिया, क्योंकि वे बहुत डर गए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने ये भी माना है कि गाड़ी में तेज म्यूजिक चलने वाली कहानी झूठी थी।

निधि 8 महीने से आगरा तारीख पर नहीं गई

निधि को लेकर आगरा में उसके वकील वकील मो. आसिफ आजाद ने बताया कि निधि पिछले 8 महीने से गांजा तस्करी के केस में कोर्ट में पेश नहीं हुई। सिर्फ यही नहीं, निधि ने वकील से संपर्क भी नहीं किया। निधि को आगरा में गांजा तस्करी में GRP ने पकड़ा था।

दिल्ली दुर्घटना की जानकारी मिलते ही GRP ने अपने रिकॉर्ड खंगाले। पता चला कि 6 दिसंबर 2020 को आगरा कैंट स्टेशन पर निधि को पकड़ा गया था। वहां से उसे जेल भेजा गया था। दुर्घटना के वक्त अंजलि के साथ निधि भी स्कूटी पर सवार थी।

31 दिसंबर की रात हुआ था एक्सीडेंट

31 दिसंबर की रात करीब 1.30 बजे कंझावला इलाके में अंजलि का एक्सीडेंट हुआ था। पुलिस के मुताबिक अंजलि स्कूटी से घर लौट रही थी। तभी कार सवार 5 युवकों ने टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद युवक कार लेकर भाग निकले। अंजलि कार के नीचे फंसी रही। उसे 12 किलोमीटर तक घसीटा गया।

पहले 4 किलोमीटर घसीटने की बात सामने आई थी। बाद में यह भी खुलासा हुआ कि अंजलि के साथ उसकी दोस्त निधि भी थी और उसे मामूली चोटें आईं, लेकिन दुर्घटना के बाद वह दुर्घटना स्थल से भाग गई थी।

दिल्ली के कंझावला दुर्घटना से पहले के दो वीडियो सामने आए थे। मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया कि पहले वीडियो में एक लड़का स्कूटी चलाता दिख रहा है, पीछे निधि और अंजलि बैठी हैं। यह लड़का इन्हें गली के बाहर छोड़ देता है। अंजलि के हाथ में मोबाइल है और वो कुछ देर लड़के से बात भी करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *