देश में दूसरी कोवैक्सीन को भी एमरजेंसी यूज़ को मंजूरी

कोरोना देश में:एक्सपर्ट पैनल ने भारत बायोटेक की कोवैक्सिन को भी इमरजेंसी यूज के लिए अप्रूवल दिया; देश में दूसरी वैक्सीन की उम्मीद बढ़ी
नई दिल्ली 02 जनवरी। देश में अब दो कोरोना वैक्सीन का इमरजेंसी यूज जल्द ही शुरू हो सकता है। सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन (CDSCO) के एक्सपर्ट पैनल ने शनिवार को भारत बायोटेक की कोवैक्सीन को भी कड़े पाबंदियों के साथ इमरजेंसी यूज के लिए अप्रूवल दे दिया है। न्यूज एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी। एक दिन पहले ही एक्सपर्ट पैनल ने सीरम इंस्टीट्यूट की कोवीशील्ड को इमरजेंसी यूज के लिए सशर्त मंजूरी दी थी। अब दोनों वैक्सीन को ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया यानी DCGI से जल्द अप्रूवल मिलने की उम्मीद है।

बेंगलुरु देश का सबसे संक्रमित शहर

देश के टॉप-5 संक्रमित शहरों की लिस्ट में बेंगलुरु पहले नंबर पर हो गया है। यहां अब तक 3.88 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। पुणे अब देश का दूसरा सबसे संक्रमित शहर है। यहां 3.73 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं।

टॉप-5 संक्रमित शहरों में महाराष्ट्र के तीन शहर हैं। इनमें पुणे, मुंबई और ठाणे शामिल हैं। यहां 2.50 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हुए हैं। मुंबई में अब तक 2.94 लाख और ठाणे में 2.54 लाख लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। चेन्नई 5वां शहर है जहां सबसे ज्यादा लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

मध्य प्रदेश में IAS ऑफिसर की मौत

मध्य प्रदेश में सीनियर IAS ऑफिसर मसूद अख्तर की मौत हो गई है। वह राज्य के गृह सचिव थे। करीब 20 दिन पहले वह कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इसके बाद से उनका इलाज चल रहा था। डॉक्टर्स ने बताया कि 3 दिन पहले उनकी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आ गई थी, लेकिन फेफड़े में संक्रमण का ज्यादा असर था। इसके चलते शनिवार को उनकी मौत हो गई।

मुख्यमंत्री योगी बोले- मकर संक्रांति तक वैक्सीन आ जाएगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मकर संक्रांति तक वैक्सीन आ सकती है। एक कार्यक्रम में उन्होंने बोला, ”राज्य में 5 जनवरी को वैक्सीनेशन का ड्राई रन होगा। मुझे पूरा विश्वास है कि मकर संक्रांति तक हम लोग वैक्सीन लेते आएंगे और कोरोना को मात देंगे।”

रिकवरी रेट 96.1% से ज्यादा

देश में कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। अब कुल 21 राज्य और केंद्रशासित प्रदेश ऐसे हैं, जहां रिकवरी रेट राष्ट्रीय दर से भी ज्यादा है। देश में अब तक 99 लाख से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं और रिकवरी रेट 96.1% पहुंच गया है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश जैसे 21 राज्य और UT में रिकवरी रेट 96.1% से भी ज्यादा है। अरुणाचल में तो 99.1% लोग कोरोना से पूरी तरह ठीक हो चुके हैं।

रिकवरी रेट के मामले में अरुणाचल के अलावा आंध्र प्रदेश, ओडीशा, दादर-नगर हवेली, त्रिपुरा और असम में 98% से ज्यादा लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। वहीं, मेघालय और अंडमान-निकोबार समेत 12 राज्य और UT में 97% से ज्यादा और गोवा, नगालैंड, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश में 96.1% से ज्यादा लोग पूरी तरह ठीक हो चुके हैं।

24 घंटे के अंदर 19 हजार नए केस

पिछले 24 घंटे के अंदर 19 हजार 378 नए केस मिले। 22 हजार 938 लोग रिकवर हुए और 225 की मौत हो गई। देश में अब तक 1.03 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। अच्छी बात ये है कि अब तक 99.04 लाख लोग रिकवर हो चुके हैं। वहीं, अब तक 1.49 लाख लोगों की कोरोना की वजह से जान जा चुकी है।

एक्टिव केस 6 महीने में सबसे कम

इस बीच,एक्टिव केस की संख्या भी 2.50 लाख से नीचे आ गई है। अब देश में 2 लाख 48 हजार 882 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। ऐसा 4 जुलाई यानी 6 महीने के बाद हुआ है। 4 जुलाई को देश में 2 लाख 45 हजार एक्टिव केस थे।

कोरोना अपडेट्स

UK के लिए फिर से फ्लाइट्स 8 जनवरी से शुरू हो जाएंगी। सिविल एविएशन मिनिस्टर हरदीप सिंह पुरी ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 23 जनवरी तक हफ्ते में केवल 15 फ्लाइट्स चलेंगी। ये फ्लाइट्स दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद से होंगी। UK में कोरोना का नया स्ट्रेन मिलने के चलते 23 दिसंबर से फ्लाइट्स पर रोक लगा दी गई थी।
देश में अब तक नए कोरोना से संक्रमित 29 लोगों में ब्रिटेन में पाया गया यह नया स्ट्रेन मिला है। एक्सपर्ट इसे पहले वाले कोरोना वायरस से 70% ज्यादा फैलने वाला बता रहे हैं।
राष्ट्रपति भवन म्यूजियम कॉम्पलैक्स 5 जनवरी से फिर खुल जाएगा। कोविड-19 के चलते 13 मार्च को इसे बंद कर दिया गया था। इसके लिए राष्ट्रपति भवन ने आदेश जारी कर दिए हैं।

5 राज्यों का हाल

1. दिल्ली

यहां शुक्रवार को 585 नए केस मिले। 717 लोग ठीक हुए और 21 की मौत हो गई। अब तक 6 लाख 25 हजार 954 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 6 लाख 10 हजार 39 लोग ठीक हो चुके हैं,जबकि 10 हजार 557 की मौत हो चुकी है। 5358 रोगी ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

2. मध्यप्रदेश


यहां पिछले 24 घंटे में 780 नए संक्रमितों की पहचान हुई। 912 मरीज ठीक हुए और 12 की मौत हो गई। यहां अब तक कोरोना संक्रमण के 2.42 लाख केस आ चुके हैं। इनमें से 2.29 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं और 3618 की मौत हो चुकी है। अब 9222 संक्रमितों का इलाज चल रहा है।

3. गुजरात


राज्य में शुक्रवार को 734 नए केस मिले। 907 लोग ठीक हुए और 3 की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 45 हजार 772 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2 लाख 31 हजार 900 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4309 लोग जान गंवा चुके हैं। 9563 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

4. राजस्थान


यहां शुक्रवार को 609 लोग संक्रमित पाए गए। 942 लोग रिकवर हुए और 4 की मौत हो गई। अब तक 3 लाख 8 हजार 852 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 2 लाख 96 हजार 929 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 2700 मरीजों की मौत हो चुकी है। 9223 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

5. महाराष्ट्र


यहां शुक्रवार को 3524 नए केस मिले। 4279 लोग ठीक हुए और 59 की मौत हो गई। अब तक 19 लाख 35 हजार 636 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 18 लाख 32 हजार 825 लोग रिकवर हो चुके हैं, जबकि 49 हजार 580 मरीजों की मौत हो चुकी है। अभी 52 हजार 84 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *