मुरादाबाद के दूसरे गौतस्कर नाजिम की 32 लाख की संपत्ति कुर्क

 

मुरादाबाद में गो तस्कर की संपत्ति कुर्क:प्रशासन ने फरार अभियुक्त पर कसा शिकंजा, 32 लाख रुपए कीमत की संपत्ति सीज
मुरादाबाद17 जुलाई।उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में गैंगस्टर एक्ट में गो तस्कर की संपत्ति कुर्क की गई। जमानत पर जेल से बाहर निकल फरार होने पर पुलिस-प्रशासन ने अभियुक्त की संपत्ति सीज की। संपत्ति की कीमत करीब 32 लाख बताई जा रही है। पुलिस फरार अभियुक्त की तलाश कर रही है।

करीब 13 साल से कर रहा गोरखधंधा

जिले के डिलारी थाना क्षेत्र के ढकिया पीरू निवासी नाजिम पुत्र हाजी मुस्ताक साल 2008 से गोकशी का गोरखधंधा कर रहा था। साल 2014 में उसपर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई थी। अभियुक्त एक महीने पर जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद फरार चल रहा था। नाजिम के खिलाफ डिलारी थाना में आधा दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज है। 6 महीने पहले वो गैंगस्टर में जेल गया था। एक महीने पहले वो जमानत पर जेल से बाहर आ गया था। जिसके बाद से नाजिम फरार है। फरार अभियुक्त पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस-प्रशासन ने उसके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की है।

32 लाख की संपत्ति सहित दो बाइक सीज

गो तस्कर पर शिकंजा कसने के लिए प्रशासन ने उसकी संपत्ति को सीज किया है। मकान की कीमत करीब 32 लाख रुपए बताई जा रही है। अधिकारियों ने डुग्गी पिटवाने के साथ मकान पर कुर्की की कार्रवाई का बैनर लगा दिया। इस बीच संपत्ति पर मौजूद दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। कुर्की की कार्रवाई में थानाध्यक्ष डिलारी सतराज सिंह द्वारा तहसीलदर मजिस्ट्रेट ठाकुरद्वारा धर्मेंद्र कुमार सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

पुलिस अधीक्षक देहात बोले-अवैध कमाई से बनाई थी संपत्ति

एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने बताया कि, थाना डिलारी पुलिस ने गोकशी के आरोपी ढकिया निवासी नाजिम के खिलाफ गैंगस्टर एकट की कार्रवाई की है। इसके तहत अभियुक्त की 32 लाख कीमत की संपत्ति को कुर्क किया गया है। यह संपत्ति अभियुक्त ने अपनी अवैध कमाई से बनाई थी।

योगी सरकार में गौ तस्करों की आयी शामत, यूपी में हुई सबसे बड़ी कार्रवाई


योगीराज में गौ तस्कर के खिलाफ संभल पुलिस ने यूपी की सबसे बड़ी कार्रवाई की। बड़े गौ तस्कर शमशाद की तीन करोड़ की संपत्ति की जब्त गई। जबकि भारी पुलिस की मौजूदगी में मकानों को सील किया। वहीं संभल पुलिस इन गौ तस्कर को कुछ दिन पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। यह घटना संभल सदर कोतवाली इलाके के पंजू सराय का है।

संभल जनपद के पुलिस प्रशासन ने मांस माफियाओं पर सख्त कार्रवाई का संदेश देते हुए मंडल के प्रमुख गौ तस्करी के बड़े आरोपी के मकान जमीन सहित तीन करोड़ से ज्यादा की सम्पत्ति कुर्क कर ली। गैंगस्टर एक्ट के तहत जिलाधिकारी ने अनैतिक कामों से अर्जित सम्पत्ति को जब्त करने का आदेश जारी किया है। वहीं जनपद के कई थानों की पुलिस ने गौ तस्कर आरोपी के दो मकान व प्लॉट कब्जे में करने के साथ ही दो मकानों पर भी सरकारी ताला जड़कर सील लगा दी।

वहीं जब्त सम्पत्ति की कीमत तीन करोड़ दस लाख रुपये बताई गई है। सत्ता परिवर्तन के बाद पशु तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की मुहिम शुरु हुई तो पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर संभल कोतवाली पुलिस ने पंजू सराय निवासी शमशाद कुरेशी को गैंगस्टर एक्ट के तहत गिरफ्तार किया था।

पुलिस का दावा है कि शमशाद मुरादाबाद मंडल का बड़ा गौ तस्कर है जो 2003 से पशु वध व पशु तस्करी के धंधे में लिप्त है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने शमशाद के कारनामों की पड़ताल शुरु की तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आये। एएसपी पंकज पांडेय ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि शमशाद ने पशु तस्करी व पशु वध के गैर कानूनी धंधे से कई करोड़ की अनैतिक सम्पत्ति अर्जित कर ली थी।

पुलिस ने गोपनीय तरीके से इसकी सम्पत्तियों का पता लगाना शुरु किया तो कीमती मकानों के साथ ही प्लॉट व खेती की जमीन का रिकार्ड मिला। इसके बाद जिलाधिकारी को रिपोर्ट दी गई तो जिलाधिकारी भूपेंद्र एस चौधरी ने गैंगस्टर एक्ट के तहत अपने अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए शमशाद की सम्पत्ति कुर्क कर लेने का आदेश जारी किया। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिलाधिकारी ने शमशाद के दो मकान, दो प्लॉट व सवा पांच बीघा खेती की जमीन को कुर्क करने का आदेश जारी किया था। इस सम्पत्ति की कीमत तीन करोड़ दस लाख के आसपास हैर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *