मदन कौशिक उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष,बंशी लेंगें मंत्री मंडल में पांडे की जगह, मुन्ना संसदीय कार्य मंत्री?

मदन कौशिक बने उत्‍तराखंड भाजपा के नए प्रदेश अध्‍यक्ष
पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं हरिद्वार से विधायक मदन कौशिक।
उत्‍तराखंड में मुख्यमंत्री पद पर अप्रत्याशित ढंग से बदलाव के बाद अब प्रदेश भाजपा नेतृत्व में भी बदलाव कर पार्टी के केंद्रीय नेतृत्‍व ने चौंकाया है। पूर्व कैबिनेट मंत्री, सरकार के प्रवक्ता रहे हरिद्वार से विधायक मदन कौशिक को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी की गई है।
देहरादून 12 मार्च। उत्‍तराखंड में मुख्यमंत्री पद पर अप्रत्याशित ढंग से बदलाव के बाद अब प्रदेश भाजपा नेतृत्व में भी बदलाव कर पार्टी के केंद्रीय नेतृत्‍व ने चौंकाया है। पूर्व कैबिनेट मंत्री, सरकार के प्रवक्ता रहे एवं हरिद्वार से विधायक मदन कौशिक को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी की गई है। इस संबंध में कौशिक के नियुक्‍ति के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।

भाजपा हाईकमान ने उत्तराखंड में नेतृत्व परिवर्तन का कदम उठाते हुए त्रिवेंद्र रावत के स्थान पर पौड़ी गढवाल सांसद तीरथ सिंह रावत को मुख्यमंत्री की कुर्सी सौंपी। अब चुनावी वर्ष में पार्टी प्रदेश अध्यक्ष पद पर भी बदलाव कर दिया गया है। त्रिवेंद्र मंत्रिमंडल में शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक को प्रदेश संगठन का नया मुखिया बनाया गया है। कौशिक गुरुवार को अचानक दिल्ली पहुंचे थे। दिल्ली में उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नडडा, राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम समेत कई केंद्रीय नेताओं से भेंट की थी।
इस तरह शाम को शपथ ले रहे नये मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के मंत्री मंडल की सूरत भी धीरे धीरे साफ हो रही है। प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाये गये बंशीधर भगत को मंत्रीमंडल में अरविंद पाण्डेय की जगह मिल सकती है और विधानसभा में संसदीय कार्य मंत्री के रूप में सरकार की ढाल साबित होने वाले मदन कौशिक की जगह पार्टी के प्रमुख प्रवक्ता मुन्ना सिंह चौहान संसदीय कार्य मंत्री बन सकते हैं।
मंत्री मंडल में हरिद्वार से कौशिक की जगह कौन लेंगे,यह सस्पैंस बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *