कमलनाथ के चचेरे भाई और भाभी की नोयेडा में हत्या

पुलिस को घर से शराब और खाने-पीने का सामान मिला है। शक है कि पार्टी के बाद सुमन और नरेंद्र नाथ की हत्या की गई है।- फाइल फोटो

ग्रेटर नोएडा में गुरुवार रात बुजुर्ग दंपती की गला दबाकर हत्या कर दी गई। यह हत्याकांड बीटा-2 थाना एरिया के अल्फा-2 सेक्टर में हुआ। यहां के मकान नंबर I-24 में 74 साल के नरेंद्र नाथ पत्नी सुमन के साथ रहते थे। मौके पर मौजूद नरेंद्र के बेटे रोहित ने बताया कि वह मध्यप्रदेश के पूर्व CM कमलनाथ के चचेरे भाई थे। कमलनाथ के करीबी कांग्रेस नेता मनोज राजानी ने भी इसकी पुष्टि की है।

पड़ोसियों ने शुक्रवार सुबह नरेंद्र नाथ का शव बेसमेंट में पड़ा देखा। सुमन का शव उनके कमरे में मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को खबर दी। पुलिस के मुताबिक, दोनों की हत्या पैसे के विवाद में किए जाने का शक है।

बेटी को फोन पर बताया था- कुछ लोग आए हैं

नरेंद्र नाथ का बेटा रोहित पत्नी निधि के साथ ग्रेटर नोएडा में ही अलग रहता है। बेटी सोनू अपने परिवार के साथ दिल्ली के सरिता विहार में रहती है। रात में नरेंद्र नाथ कुछ करीबियों के साथ घर में थे। रात करीब 11 बजे सुमन ने अपनी बेटी सोनू और दामाद को फोन पर बताया था कि कुछ लोग आए हैं। नीचे पार्टी चल रही है। तब बेटी ने मां से कमरे में ही रहने के लिए कहा था।

इसी दौरान बदमाशों ने नरेंद्र और सुमन की हत्या कर दी। सुमन की ज्वेलरी भी गायब है। नरेंद्र का शव कपड़े में लिपटा मिला है। उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे।

सुमन नाथ योग टीचर थीं और फ्री में लोगों को योग सिखाती थीं।- फाइल फोटो

घर में सामान बिखरा मिला, अलमारी भी खुली थी
डबल मर्डर की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी जांच में लगाया गया। ग्रेटर नोएडा के DCP राजेश सिंह ने बताया कि सुमन नाथ और उनके पति नरेंद्र की गला दबाकर हत्या की गई है।

जांच में पता चला है कि रात में घर पर पार्टी हुई थी। मौके से शराब की बोतलें और खाने-पीने का सामान मिला है। पुलिस को शक है कि पार्टी के बाद दोनों की हत्या की गई है। घर का सामान बिखरा हुआ था। अलमारी भी खुली हुई थी।

पुलिस का दावा- लूटपाट के सबूत नहीं

DCP राजेश सिंह ने बताया कि नरेंद्र नाथ ने कई लोगों को ब्याज पर रुपए दिए थे। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि उनके कारोबारी रिश्तों में तनाव चल रहा था। इस पूरे मामले में लूटपाट की बात सामने नहीं आई है। जानने वाले लोग ही घर में घुसे थे। घर में जबरन घुसने का कोई सबूत नहीं मिला है। किसी तरह की तोड़फोड़ भी नहीं हुई है।

उन्होंने बताया कि सुमन नाथ के फोन में एक रिकॉर्डिंग मिली है। उन्होंने यह फोन अपने दामाद को किया था। इसमें उन्होंने कहा है कि नीचे पार्टी चल रही है। कुछ लोग घर आए हैं और शराब पी रहे हैं। उन्होंने ऐसा करने के लिए मना भी किया था।

नरेंद्र नाथ ग्रेटर नोएडा के अल्फा-2 सेक्टर में पत्नी के साथ रहते थे। – फाइल फोटो

ऑटो पाट्‌र्स का कारोबार था, बंद हुआ तो शुरू किया ब्याज पर पैसे देने का काम

यह जानकारी भी सामने आ रही है कि नरेंद्र नाथ का पहले ऑटो पार्ट्स का कारोबार था। इसके बंद होने के बाद से वह ब्याज पर पैसे देने का काम करते थे। सुमन योग टीचर थीं और मुफ्त में लोगों को योग सिखाती थीं।

फिलहाल पुलिस घर के आसपास लगे CCTV फुटेज देख रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई है। हत्यारों को पकड़ने के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं

रेहड़ी-पटरी वाले ने दिया घटना को अंजाम

मनीष तिवारी ग्रेटर नोएडा बीटा दो कोतवाली क्षेत्र के अल्फा टू सेक्टर में मध्य प्रदेश के पूर्व

मनीष तिवारी, ग्रेटर नोएडा: बीटा दो कोतवाली क्षेत्र के अल्फा टू सेक्टर में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के चचेरे भाई व भाभी की घर में घुसकर हत्या के बाद चहुंओर चर्चाएं होती रहीं। अल्फा सेक्टर के आई-24 में नरेंद्र नाथ (70) अपनी पत्नी सुमन नाथ (65) के साथ रहते थे। वर्ष 2000 तक वह दिल्ली में राणा प्रताप पार्क के पास रहते थे। वहां का मकान बेचकर 2001 से ग्रेटर नोएडा में रहने आए थे। नरेंद्र नाथ रेहड़ी-पटरी वालों के साथ बैठकर अक्सर शराब पीते थे। उन्हें ब्याज पर पैसा भी देते थे। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है।

बृहस्पतिवार रात जहां शराब पी गई थी, वहां दोने में रेहड़ी पर बिकने वाली चाउमीन व मोमोज और अधजली बीड़ी मिली है। पुलिस को आशंका है कि रेहड़ी-पटरी लगाने वाले ने ही शराब पीने के बाद घर में नकदी व अन्य सामान के लूटपाट के इरादे से घटना को अंजाम दिया है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर हुई पूछताछ में अहम सुराग मिले हैं। पुलिस मुख्य आरोपित के करीब तक पहुंच गई है। एक-दो दिन में पुलिस घटना का पर्दाफाश कर सकती है। बेसमेंट में मिले शराब के दो गिलास

फारेंसिक टीम को बेसमेंट में दो गिलास मिले हैं। अभी यह सामने नहीं आया कि कितनी नकदी व ज्वेलरी गायब है।

——–

आधे घंटे तक नहीं मिला था बुजुर्ग का शव

बुजुर्ग की हत्या करने के बाद बदमाशों ने उनके शव को स्टोर में कपड़ों के गठरी के बीच में छिपा दिया था। पुलिस को घर में पहले महिला का शव मिला। काफी तलाश करने के बाद बुजुर्ग का शव मिला।

——–

अज्ञात के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा

मृतक दंपती की बहू निधि ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। उन्होंने ब्याज पर रकम लेने वालों पर हत्या करने का शक जताया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

——–

फर्श का पत्थर काटकर ले गई पुलिस

बेसमेंट के फर्श के पत्थर पर खून के निशान मिलने के बाद पुलिस जांच के लिए उसका टुकड़ा काटकर ले गई है।

——-

पुलिस को गुमराह करने का प्रयास

नरेंद्र नाथ के साथ बैठकर शराब पीने वालों पर घटना को अंजाम देने का शक है। उनके हाथ पांव व मुंह पर टेप चिपका मिला है। आशंका है कि उन्हें बांधा गया था। बदमाशों ने घर के हर सामान की तलाशी ली और उसे फैला दिया।

——नरेंद्र की पूर्व में रही थी सिगरेट फैक्ट्री

नरेंद्र नाथ की पहले ग्रेटर नोएडा में सिगरेट फैक्ट्री थी। विभिन्न कारणों से उन्होंने फैक्ट्री बंद कर दी थी। दिल्ली में कुछ साल हार्डवेयर की दुकान चलाई। बाद में इसे भी बंद कर दिया।

——–

शराब की मिलीं खाली बोतलें

पुलिस को घर से शराब की खाली बोतलों से भरी दो बोरी मिली है। पुलिस जांच कर रही है कि कहीं शराब बेचने का काम तो नहीं किया जा रहा था। नरेंद्र नाथ के शराब बेचने की शिकायत पूर्व में पुलिस को मिली थी।

——-

महिला ने बचने का किया था प्रयास

पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने पहले बेसमेंट में नरेंद्र नाथ की हत्या की होगी। उनका शोर सुनकर पत्नी सुमन वहां पहुंची होंगी। बदमाशों से अपने आप को बचाने के लिए उन्होंने खुद को कमरे में बंद करने का प्रयास किया होगा, लेकिन बदमाशों ने दरवाजे का लाक तोड़ने के बाद गोली मारकर उनकी भी हत्या कर दी।

——–

ब्याज पर दे रखे थे लाखों रुपये

नरेंद्र नाथ ब्याज पर रकम देने का काम करते थे। जांच में सामने आया है कि कपिल नाम के एक व्यक्ति को उन्होंने 15 लाख रुपये दे रखे थे। रेहड़ी पटरी वालों समेत अन्य लोगों को भी लाखों रुपये ब्याज पर दिए थे। रकम लौटाने से बचने के लिए किसी व्यक्ति द्वारा उनकी हत्या किए जाने की आशंका है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *