विकासनगर में लुटेरों के दुस्साहस पर ज्वेलर का साहस भारी,दो पकड़े गए

हथियारबंद लुटेरों पर भारी पड़ा सर्राफा व्यापारी का साहस, दो गिरफ्तार
संघर्ष के दौरान बदमाशों ने व्यापारी पर तमंचे से फायर झोंका और मिस होने पर तमंचे की बट से चेहरे पर कई वार किए। घायल होने के बाद भी व्यापारी ने हिम्मत नहीं हारी। इस घटना के बाद पुलिस ने नाकाबंदी कर भागे आरोपितों की तलाश शुरू की। इस बीच आसन बैराज पर मुठभेड़ के बाद एक और बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया।

विकासनगर 04 फरवरी 2024 । : निहत्थे सर्राफा व्यापारी का साहस तीन हथियारबंद लुटेरों पर भारी पड़ गया। विकासनगर के लक्ष्मणपुर क्षेत्र में लूट के इरादे से दुकान में घुसे बदमाशों से व्यापारी अकेले ही भिड़ गया। तकरीबन सात मिनट तक चली गुत्थमगुत्था के बाद अन्य व्यापारी एकत्र होने शुरू हुए तो बदमाश भागने लगे। इस बीच व्यापारी ने एक बदमाश को दबोच लिया, जबकि दो अन्य भाग गए।
संघर्ष के दौरान बदमाशों ने व्यापारी पर तमंचे से फायर झोंका और मिस होने पर तमंचे की बट से चेहरे पर कई वार किए। घायल होने के बाद भी व्यापारी ने हिम्मत नहीं हारी।

इस घटना के बाद पुलिस ने नाकाबंदी कर भागे आरोपितों की तलाश शुरू की। इस बीच आसन बैराज पर मुठभेड़ के बाद एक और बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे पैर और पेट में दो गोली लगी है। पकड़े गए बदमाश उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के रहने वाले हैं।

लक्ष्मणपुर स्थित बाजार में न्यू राणा ज्वेलर्स नाम से विकासनगर निवासी संजीव राणा की दुकान है। रविवार को वर्षा होने के कारण बाजार में अन्य दिनों की अपेक्षा कम भीड़ थी। शाम करीब छह बजे कंबल ओढ़े और मफलर से मुंह ढके तीन बदमाश संजीव की दुकान में दाखिल हुए और सोने की चेन दिखाने को कहा। संजीव चेन निकालने लगे।

इस बीच एक बदमाश ने काउंटर के दूसरी तरफ जाकर सेल्स गर्ल का गला पकड़ लिया और दूसरे ने संजीव के सिर पर तमंचा सटा दिया। लेकिन, संजीव जान की परवाह न करते हुए बदमाश से भिड़ गए। इस पर बदमाश ने फायर झोंक दिया, जो मिस हो गया।

इसके बाद बदमाश ने तमंचे की बट से व्यापारी के चेहरे पर कई वार किए, लेकिन वह पीछे नहीं हटे। इस बीच चीख-पुकार सुनकर आसपास के व्यापारी दुकानों से बाहर निकल आए। यह देख दो अन्य बदमाश भाग निकले, जबकि तीसरे को संजीव ने पकड़ लिया।

कुछ देर बाद कोतवाल राजेश साह, एसएसआइ संजीत कुमार और चौकी प्रभारी सनोज कुमार मौके पर पहुंचे। व्यापारियों ने पकड़े गए बदमाश नवीन सैनी निवासी धर्मपुरी कालोनी, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) को उनके हवाले कर दिया। पुलिस ने घायल व्यापारी को अस्पताल ले जाकर उपचार कराया और फिर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली।

सेल्स गर्ल भयभीत
सर्राफा व्यापारी को लूटने के इरादे से आए बदमाशों में से एक ने दुकान में मौजूद सेल्स गर्ल का गला दबाने की कोशिश की, जिससे वह डरी हुई है। इस घटना से नगर के व्यापारियों में गुस्सा है।

व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष अमरजीत सिंह राजू, अजय धमीजा, वीरेंद्र बाबी समेत अनेक व्यापारी व रोटरी क्लब के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। पीड़ित संजीव राणा पूर्व में रोटरी दून विकास के अध्यक्ष रह चुके हैं।

पछवादून में बढ़ रही बाहरी बदमाशों की सक्रियता
पछवादून में अन्य प्रदेशों के बदमाशों की सक्रियता बढ़ रही है। बीते वर्ष नवंबर में देहरादून स्थित रिलायंस ज्वेल्स के शोरूम में हुई डकैती के बाद भी पुलिस इस तरफ गंभीरता नहीं दिखा रही। इस घटनाक्रम के बाद सेलाकुई में सर्राफा व्यापारी के यहां चोरी हुई और अब विकासनगर में लूट का प्रयास किया गया।

कुछ माह पहले हरबर्टपुर में पीएनबी की शाखा से पांच लाख रुपये निकालकर घर जा रहे किसान के साथ लूट हो गई थी। लेहमन पुल से आगे सरेराह बाइक सवार की हत्या कर दी गई। इन सभी घटनाओं में अन्य प्रदेशों के बदमाश शामिल पाए गए।

————–

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *