गऊओं की चोरी-हत्याओं पर भड़के गुजराडा मानसिंह वासी, सहस्रधारा रोड जाम

दो गायों को मार कर अवशेष जंगल में फेंके
गुजराड़ा मान सिंह के जंगल में दो गायों के अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों गाय आसपास के ही निवासियों की थीं

दो गायों को मार कर अवशेष जंगल में फेंकेदो गायों को मार कर अवशेष जंगल में फेंके

देहरादून 07 अप्रैल: गुजराड़ा मान सिंह के जंगल में दो गायों के अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों गाय आसपास के ही निवासियों की थीं जिन्होंने उनकी पहचान सिर और खुर से की। दोनों गाय दुधारू थीं। इस घटना से गुस्साए लोग हिदू संगठनों के साथ गुरुवार को सड़क पर उतर आए। सहस्रधारा रोड पर आइटी पार्क के पास गायों के अवशेष सड़क पर रखकर प्रदर्शन करने लगे। वह गोवंश के हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, तब जाकर लोग शांत हुए। इस घटनाक्रम से कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित हुआ।

पुलिस के अनुसार, गुजराड़ा मान सिंह में रहने वाली कांति देवी अपनी गाय को रोज सुबह चरने के लिए छोड़ देती थीं। दो अप्रैल को उनकी गाय लापता हो गई। तब से वह गाय को तलाश कर रही थीं। उन्हें शक था कि गाय को गुलदार ने अपना शिकार बना लिया है। इसी के चलते वह बुधवार को गुजराड़ा मान सिंह के जंगल में गाय की खोजबीन में गईं। वहां उन्हें अपनी गाय का सिर और खुर मिले। गाय के कुछ अवशेष आसपास जमीन में दबे थे। मौके पर एक अन्य गाय के अवशेष भी बरामद हुए। पूछताछ में पता चला कि वह गाय कांति देवी के पड़ोस में रहने वाले परिवार की थी, जो 27 मार्च से लापता थी। कांति देवी की जेठानी की गाय भी एक माह पहले लापता हो गई थी।

इसके बाद कांति देवी आइटी पार्क पुलिस चौकी पहुंचीं और मामले की शिकायत की। पुलिस मामले की जांच कर ही रही थी कि गुरुवार को गुस्से की चिंगारी भड़क गई। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग हिदू संगठनों के सदस्यों और स्थानीय पार्षद के साथ सहस्त्रधारा रोड पहुंच गए। उन्होंने गायों के अवशेष सड़क पर रखकर यातायात रोक दिया और प्रदर्शन करने लगे। हंगामे की सूचना मिलते ही राजपुर थानाध्यक्ष मोहन सिंह मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाया। कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर लोग शांत हुए। इसके बाद यातायात सुचारु हो सका। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपितों की पहचान के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। नवरात्र में माहौल बिगाड़ने की कोशिश

इस घटना को नवरात्र में माहौल बिगाड़ने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है। जंगल में गायों के अवशेष मिलने की खबर फैलने के बाद गुरुवार को एकबारगी लोग आक्रोशित हो भी गए थे। अच्छी बात यह रही कि पुलिस के समझाने पर लोग मान गए। हालांकि, उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग की है। इसके साथ ही ऐसा न होने पर दोबारा सड़क पर उतरने की चेतावनी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *