3 दिन से धधकती इत्र फैक्ट्री में आग,5 मौतें,4लापता

Baddi Aroma Factory Fire: 32 घंटे बाद भी सुलग रही परफ्यूम फैक्टरी, चार शव निकाले; जांच के लिए एसआईटी गठित
बरोटीवाला(सोलन) 04 फरवरी 2024। हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के झाड़माजरी में हिलटॉप स्थित परफ्यूम निर्माण फैक्टरी 48  घंटे बाद भी सुलग रही है। भीषण अग्निकांड में 30 कामगार घायल हैं। पांच की मौत हुई जबकि चार लापता हैं।
चार महिला कामगारों के राख हुए शव निकाले  
आग लगने की घटना के दूसरे दिन शनिवार को चार महिला कामगारों के पूरी तरह जल चुके शव निकाले गए।  पांच को सही सलामत निकाला गया, चार लापता की तलाश हो रही है। पुलिस ने एनआर अरोमा के प्लांट हेड चंद्र शेखर को शुक्रवार देर रात गिरफ्तार किया था, जबकि फैक्टरी मालिक निलेश पटेल भाग गया । मालिक और प्लांट हेड दोनों मध्य प्रदेश के रतलाम के हैं। चार मृतक महिलाओं में से पहचानी गई तीनों उत्तर प्रदेश की थीं।
प्लांट हेड को पुलिस ने शनिवार को नालागढ़ अदालत में पेश किया, उसे चार दिन पुलिस रिमांड पर भेजा गया। दूसरी ओर,राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ)  टीम इमारत में नहीं जा पाई,बाहर से ही हाइड्रा मशीन पर चढ़कर लापता लोगों की तलाश हो रही हैं। हाइड्रा मशीन से ही बाथरूम तोड़ने पर चारों शव एनडीआरएफ  टीम ने निकाले। शनिवार को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) संजय कुंडू पहुंचे और कहा कि फोरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाएगी। सरकार ने घटना की जांच को विशेष जांच टीम (एसआईटी) बना कंट्रोल रूम बनाया है। डीजीपी ने राज्य सरकार से भारत सरकार की केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान टीम से भी सहयोग लेने का अनुरोध किया है। फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) टीम भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाएगी।

शव पोस्टमार्टम को नालागढ़ भेजे गये। चारों महिला कामगार तीसरी मंजिल से कूद नहीं पाई तो जान बचाने शौचालय में छुपी,लेकिन वहीं जल-भुन गई। तीन महिलाओं को पहचानने लापता लोगों के परिजन नालागढ़ अस्पताल बुलाये गये, जिन्होंने इन्हें पहचाना। इनमें रहनुमा (पुत्री कमलू निवासी गांव पालथा,जिला बरेली,उत्तर प्रदेश),राखी (पुत्री प्रेम सिंह,निवासी गांव सैरे सिकंदर,जिला संभल,उत्तर प्रदेश) और शशि (पुत्री नरेश,निवासी गांव कातिया केसार,डाकघर रसूला,जिला बदायूं,उत्तर प्रदेश) है। एक मृतका की पहचान नहीं हुई। जांच में पता चला कि घटना के समय फैक्टरी में 43 कामगार थे,जिनमें 30 को अस्पताल भर्ती किया गया। इनमें 19 झाड़माजरी के निजी अस्पताल ब्रुकलिन,छह ईएसआई अस्पताल काठा और पांच पीजीआई चंडीगढ़ रेफर हुए। बद्दी की एक महिला कामगार पिंकी की पीजीआई में शुक्रवार को मौत हो गई। चार घायल उपचाराधीन हैं।

कंपनी मालिकों पर हो रही कार्रवाई : अग्निहोत्री
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने घटनास्थल देख प्रभावितों के बचाव को निर्देश दिए। उनके अनुसार यह दुर्घटना प्रबंधन की लापरवाही से हुई और फैक्ट्री मालिक ने कामगारों एवं पर्यावरण की सुरक्षा के सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का उल्लंघन किया है। मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस  प्राथमिकी अंकित है और फैक्टरी के मालिक पर भी कार्रवाई हो रही है। आग से पूर्ण कंपनी परिसर कमजोर हो गया है और रसायनिक जहरीली गैसों का प्रभाव भी है। राहत एवं बचाव कार्य अंतिम व्यक्ति की खोज तक जारी रहेंगें। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की।
एसआईटी में सम्मिलित पुलिस अधिकारी
एसआईटी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा, पुलिस उपाधीक्षक खजाना राम और बरोटीवाला थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संजय शर्मा हैं। एनआर अरोमा कंपनी के प्लांट हेड चंद्रशेखर गिरफ्तार है। कंपनी के मालिक को गिरफ्तार करने को टीम गई है। पुलिस फिलहाल आग लगने के बाद लापता बताए लोगों की तलाश कर रही है।

हेल्पलाइन नंबर जारी
उपायुक्त सोलन ने सभी से आग्रह किया है कि दुर्घटना संबंध में कोई भी जानकारी देने को जिला आपातकालीन केंद्र सोलन के दूरभाष नंबर 01792-220048, 220049, 220882 अथवा 221200 या जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण समन्वयक के मोबाइल नंबर 62303-76825 पर सूचित करें। पुलिस महानिदेशक ने कहा कि घटना से संबंधित किसी भी सूत्र या जानकारी को अशोक कुमार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मोबाइल नंबर (9816999000) पर संपर्क कर सकते हैं। पुलिस लापता लोगों की तलाश में है। लापता व्यक्तियों के संबंध में किसी भी जानकारी को लोग तुरंत पुलिस नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।

लापता कामगारों में एक मृतका की पहचान नहीं हुई
जिला चंबा के डाकघर कांडला के गावं बढोह की चंपो देवी, उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले की मोहल्ला रूदयानपति की काजल,उत्तर प्रदेश के खुशीनगर के पपोर गांव की कालज भारती,मध्य प्रदेश के छतरपुर के डाकघर व गांव न्याता बिजवार के वार्ड छह की कल्पना, उत्तर प्रदेश के अमरोहा के मकनपुर की सोनी लापता है।
जिन शवों की पहचान नहीं होगी तो इनका डीएनए कराया जाएगा। शनिवार सुबह तक 13 कामगार लापता थे,लेकिन पांच महिला कामगार सुरक्षित मिल गई हैं। चार कामगार अभी भी लापता हैं।-मनमोहन शर्मा, उपायुक्त सोलन
घायलों को सरकारी अस्पतालों में किया जा रहा शिफ्ट
उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने कहा कि घायलों व मृतकों के परिजनों को राहत राशि देने की प्रक्रिया जारी है। शुरू में घायलों को दुर्घटना स्थल के नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब उन्हें सरकारी अस्पताल भेजा जा रहा है।
चार धाराओं में मुकदमा हुआ अंकित
दुर्घटना को लेकर पुलिस थाना बरोटीवाला में शुक्रवार को एचआईआर संख्या 14/24 में भारतीय दंड संहिता की धारा 285 (आग या ज्वलनशील पदार्थ के संबंध में लापरवाहीपूर्ण आचरण), 336 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाला कार्य), धारा 337 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाले कृत्य से चोट पहुंचाना) व 304 (गैर इरादतन हत्या) में मुकदमा अंकित हुआ है।
कामगारों की सुरक्षा को एसओपी जारी करेगी सरकार : हर्षवर्धन
बरोटीवाला के झाड़माजरी स्थित इत्र उद्योग में भीषण अग्निकांड की घटना के बाद सरकार उद्योगों में काम करने वाले कामगारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी करेगी। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बताया कि आरंभिक जांच में पता चला है कि इत्र उद्योग में ज्वलनशील रसायनों का भंडारण था,वहीं से आग फैली। भविष्य में उद्योगों में कामगारों की अग्निकांड से सुरक्षा को पर्याप्त इंतजाम अनिवार्य किए जाएंगे। कामगारों की सुरक्षित आपात निकासी को भी पक्के प्रबंध अनिवार्य होंगे। झाड़माजरी अग्निकांड की उद्योग विभाग स्तर पर भी जांच होगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।
निजी तकनीकी एजेंसी करेगी कंपनियों में खामियों की जांच : राम कुमार
सीपीएस राम कुमार चौधरी ने कहा कि सरकार जल्द ही एक निजी तकनीकी एजेंसी हायर कर रही है,जो सभी कंपनियों में कमियां जांचेगी। जिन कंपनियों में कमियां होंगी,उन्हें एनओसी नहीं मिलेगी। अरोमा फैक्टरी 2007 में लगी है। यह पहला मामला है,जिसमें इतने लोगों की जानें गई और इतने ज्यादा घायल हुए । फाॅरेंसिंक टीम भी आग पूरी तरह से शांत न होने से अंदर नहीं जा पाई। अभी चार-पांच और कामगारों के अंदर होने की आशंका है। बिल्डिंग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। कुछ कामगारों के मलबे में दबे होने की आशंका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *