अब 17 अक्टूबर को होगा कांग्रेस अध्यक्ष को वोटिंग, 19 को घोषणा,गांधी परिवार है विदेश में

बिखरती जा रही कांग्रेस को बचाने की पहल! नया अध्यक्ष चुनने के लिए तारीखों का ऐलान

कांग्रेस में नया चीफ चुनने की घोषणा हो गई है। काफी समय से पार्टी के नेताओं को इसका इंतजार था। जब भी कोई नेता पार्टी छोड़कर जाता, वह एक सवाल जरूर करता कि कांग्रेस में अध्यक्ष का चुनाव काफी समय से नहीं हुआ है। कपिल सिब्बल, गुलाम नबी आजाद भी पार्टी छोड़कर चले गए।

हाइलाइट्स
1-कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव के लिए तारीखों की घोषणा
2-राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद सोनिया हैं अंतरिम अध्यक्ष
3-गहलोत ने राहुल का नाम आगे किया, पर वह पद के इच्छुक नहीं

नई दिल्ली 28 अगस्त: आंतरिक मतभेदों से जूझ रही कांग्रेस पार्टी में लंबे समय बाद अध्यक्ष पद का चुनाव होगा। एक-एक कर पुराने और अनुभवी चेहरे पार्टी से अलग होते जा रहे हैं। हर राज्य में संगठन मुश्किल में दिखाई दे रहा है। चुनावों में पार्टी का प्रदर्शन निराशाजनक देखने को मिल रहा है। इस बीच, कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की आज हुई बैठक में फैसला किया गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव 17 अक्टूबर को होगा और इसकी अधिसूचना 22 सितंबर को जारी होगी। सूत्रों ने बताया कि चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया 24 सितंबर को शुरू होगी और इसकी आखिरी तिथि 30 सितंबर होगी।
सीडब्ल्यूसी ने पिछले साल जिस कार्यक्रम को मंजूरी दी थी, उसके मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया 21 अगस्त से 20 सितंबर के बीच पूरी की जानी थी। राहुल गांधी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से अंतरिम अध्यक्ष के तौर पर सोनिया गांधी पार्टी की कमान संभाल रही हैं। इस समय सोनिया अपनी चिकित्सकीय जांच को विदेश में हैं। उनके साथ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी गए हैं।

राहुल पर उठे सवाल, वह अध्यक्ष पद चाहते भी नहीं!

कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक ऐसे समय में हुई है जब कुछ दिन पहले ही पार्टी के दिग्गज गुलाम नबी आजाद ने राहुल गांधी पर अपरिपक्वता और बचकानेपन का आरोप लगाते हुए  पार्टी से इस्तीफे को लंबी चौड़ी चिट्ठी लिखी है जिसमें राहुल पर गैरजिम्मेदार मित्र मंडली बना पार्टी नष्ट करने का आक्षेप लगाया है।

आजाद ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और सभी पदों से शुक्रवार को इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि कांग्रेस नेतृत्व आंतरिक चुनाव के नाम पर धोखा दे रहा है।

कांग्रेस ने पलटवार करते हुए उन पर पार्टी को धोखा देने का आरोप लगाया था और कहा था कि उनका ‘डीनएनए मोदी-मय’ हो गया है।

सीडब्ल्यूसी की इस महत्वपूर्ण बैठक से पहले, कांग्रेस सूत्रों ने यह भी बताया कि अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया को पूरा होने में पहले से निर्धारित कार्यक्रम के मुकाबले कुछ सप्ताह की देरी होगी, क्योंकि पार्टी का ध्यान इस समय ‘भारत जोड़ो यात्रा’ पर केंद्रित है । पार्टी की कुछ राज्य इकाइयां जरूरी औपचारिकताएं भी पूरी नहीं कर पाई हैं।

सीडब्ल्यूसी से पिछले साल मंजूर कार्यक्रम के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया 21 अगस्त से 20 सितंबर के बीच पूरी होनी थी।

 

Congress Crisis: कठपुतली अध्यक्ष बना तो कांग्रेस नहीं बचेगी… चुनाव के ऐलान के बीच पार्टी के भीतर से उठी आवाज

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण- ‘कोई कठपुतली अध्यक्ष बनाकर ‘बैकसीट ड्राइविंग’ होती रहेगी तो फिर पार्टी नहीं बच पाएगी।’ चव्हाण ने कांग्रेस में संगठन के हर स्तर पर चुनाव कराने की भी मांग की।

हाइलाइट्स
1-कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने अपने सख्त तेवर दिखाए
2-पृथ्वीराज चव्हाण बोले- कोई कठपुतली अध्यक्ष बना तो नहीं बचेगी पार्टी
3-17 अक्टूबर को कांग्रेस के नए अध्यक्ष के लिए वोटिंग, 19 को होगी काउंटिंग

कांग्रेस के भीतर कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है। आंतरिक उथल-पुथल के बीच पार्टी के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने सख्त तेवर दिखाए हैं। पार्टी अध्यक्ष के चुनाव की तैयारियों के बीच जी-23 के नेता चव्हाण ने रविवार को कहा कि पार्टी बचाने को अब कदम उठाने होंगे। उन्होंने साफ कहा कि अगर किसी को ‘कठपुतली अध्यक्ष’ बनाकर ‘बैकसीट ड्राइविंग’ (पीछे से चलाने) की कोशिश हुई तो कांग्रेस नहीं बच पाएगी। दरअसल, कांग्रेस पार्टी के नए अध्यक्ष के चुनाव की तारीख तय हो गई है। 17 अक्टूबर को पार्टी के नए अध्यक्ष के लिए वोटिंग होगी। वहीं 19 अक्टूबर को काउंटिंग होगी। इससे पहले कांग्रेस वर्किंग कमेटी की वर्चुअल बैठक हुई। इसमें अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और प्रियंका गांधी के साथ पार्टी सांसद राहुल गांधी भी शामिल हुए।

इसी वजह से पार्टी हारती है…

चव्हाण ने कहा, ‘कांग्रेस के संविधान के मुताबिक सभी पदों पर चुनाव होना चाहिए। कांग्रेस कार्यसमिति और अन्य पदों के चुनाव होते थे। सीताराम केसरी के समय यानी 24 साल पहले आखिरी बार संगठन चुनाव हुए। अब सभी पदों पर अध्यक्ष से नामित लोग होते हैं। जो अध्यक्ष नामित करता है, उसके खिलाफ कोई बोलता नहीं है। निर्वाचित लोग अध्यक्ष को सही सलाह देते हैं। नामित लोग ऐसा नहीं करते। इसी से पार्टी हारती है।’

सभी पदों के लिए चुनाव होने चाहिए

चव्हाण ने कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) समेत सभी पदों के लिए चुनाव होना चाहिए। चव्हाण का यह भी कहना है कि अगर राहुल गांधी अध्यक्ष नहीं बनना चाह रहे हैं तो फिर वैकल्पिक व्यवस्था की जाए और चुनाव के जरिए नया कांग्रेस अध्यक्ष चुना जाए। गुलाम नबी आजाद के इस्तीफे पर उन्होंने कहा, ‘उनका इस्तीफा देना दुर्भाग्यपूर्ण है…जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में चुनाव होने है। जम्मू-कश्मीर में बहुत ही जूनियर और बाहर से आए व्यक्ति (तारिक हमीद कर्रा) को राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) का प्रमुख बनाया गया और आजाद साहब को सदस्य बनाया गया। इसका क्या कारण था? क्या इस पर चर्चा हुई?’

 

जी23 नेताओं की लिस्ट

‘आजाद साहब को अपमानित करने की कोई जरूरत नहीं थी’

कांग्रेस के ‘जी 23’ के सदस्य रहे चव्हाण ने कहा, ‘आजाद साहब को अपमानित करने की कोई जरूरत नहीं थी। यह बताने की कोई जरूरत नहीं थी कि उनकी कोई कद्र नहीं है।’ उनके मुताबिक, ‘एक तरफ सोनिया गांधी जी ने प्रयास किया कि गुलाम नबी आजाद और आनंद शर्मा जैसे नेताओं को चुनाव अभियान में शामिल किया जाए। उन्हें कुछ न कुछ जिम्मेदारी भी दी थी। नीचे वाले लोगों, जिन्हें आजाद साहब ने ‘कोटरी’ कहा है, उन्होंने सोनिया जी की बात भी नहीं मानी।’

आजाद के त्यागपत्र में उठाए गए मुद्दों पर उन्होंने कहा, ‘आजाद साहब के त्यागपत्र में कुछ निजी आरोप हैं, उन पर कुछ नहीं कहूंगा। पहले के पत्र (अगस्त, 2020 के) में उठाए गए मुद्दे वाजिब हैं। हम आज भी उस पर कायम हैं।’

‘राहुल गांधी के अलावा वैकल्प़िक व्यवस्था करनी होगी’
उन्होंने कहा, ‘एक महत्वपूर्ण विषय यह है कि अगर राहुल गांधी ने कहा है कि वह और उनके परिवार का कोई अध्यक्ष नहीं होगा तो उन पर विश्वास क्यों नहीं किया जाता? अगर वह नहीं बनते हैं तो दूसरी वैकल्प़िक व्यवस्था करनी होगी। चुनाव कराया जाए और फिर कोई अध्यक्ष बनेगा।’ आजाद ने शुक्रवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था और आरोप लगाया था कि कांग्रेस नेतृत्व आंतरिक चुनाव के नाम पर धोखा दे रहा है। उन्होंने राहुल गांधी पर ‘अपरिपक्व और बचकाने’ व्यवहार का आरोप भी लगाया था। कांग्रेस ने आजाद पर पलटवार करते हुए पार्टी को धोखा देने का आरोप लगाया था और कहा था कि उनका ‘डीनएन मोदी-मय’ हो गया है।

जी23 की भूमिका पर क्या बोले चव्हाण?

यह पूछे जाने पर ‘जी 23’ ने अपने पत्र में जो मुद्दे उठाए थे, उनका समाधान किस हद तक हुआ तो चव्हाण ने कहा, ‘कुछ छोटे-छोटे कदम जरूर उठाए गए हैं। हमने चिंतन के लिए इसलिए कहा था कि हम दो लोकसभा चुनाव हारे, करीब 40 विधानसभा चुनाव हारे। इस पर कोई चिंतन शिविर हुआ क्या? अगर हम चिंतन नहीं करेंगे तो ऐसे ही चलता रहेगा।’ चव्हाण ने 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस की हार और पिछले आठ वर्षों में हुए विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन का उल्लेख किया। इसका उल्लेख आजाद ने भी अपने त्यागपत्र में किया था।

‘अब बातों का नहीं, कदम उठाने का समय’

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया, ‘हमने पत्र में जो बात कही थी, उसकी एक-एक बात पर हम कायम हैं। गुलाम नबी ने जो लिखा, उसमें भी कई सारी बाते हैं। अब तो बातों का समय निकल गया, अब कदम उठाने (एक्शन) का समय है। कदम नहीं उठाये गये तो पार्टी को बचाना मुश्किल होगा।’ गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा और 21 अन्य कांग्रेस नेताओं ने अगस्त, 2020 में बैठक कर सोनिया गांधी को पत्र लिखा था। इसमें उन्होंने पार्टी को फिर से मज़बूत करने के लिये कई मांग की थी जिनमें संगठन के चुनाव कराने और सक्रिय नेतृत्व की मांग प्रमुख थीं। उनके इस पत्र को कांग्रेस नेतृत्व को चुनौती के रूप में देखा गया। इस समूह के कई नेता जैसे आजाद, कपिल सिब्बल, जितिन प्रसाद कांग्रेस छोड़ चुके हैं तथा वीरप्पा मोइली जैसे कुछ नेताओं ने इस समूह से खुद को अलग कर लिया है।

‘जिसको पर्चा भरना है, वो सामने आएगा’

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए अशोक गहलोत और कुछ अन्य नेताओं के नामों से जुड़ी चर्चा पर चव्हाण ने सवाल किया क्या चुनाव से पहले नाम तय हो जाएगा तब चुनाव तारीख बताई जाएगी? चव्हाण ने कहा, ‘आप चुनाव की तारीख तय करिये, जिसको पर्चा भरना है, वो सामने आएगा। उल्टी प्रक्रिया क्यों खड़ी कर रहे हैं? आप पहले से नाम सुनिश्चित करेंगे और फिर चुनाव कराएंगे, ऐसा कभी होता है क्या? चुनाव कराइए, जिसको लड़ना होगा, वह लड़ेगा।’

Prithviraj Chavan Will Not Be Able To Save Congress If ‘Backseat Driving’ Happens By Making Puppet President

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *