सिने सिटी: महाराष्ट्र विरूद्ध उप्र,सिने सिटी नहीं ले जा रहे, दे रहे हैं नई

बॉंबे स्टाक एक्सचेंज में बुल के साथ फोटो खिंचवाते योगी आदित्यनाथ

फिल्म सिटी पर महाराष्ट्र vs उत्तर प्रदेश:उद्धव बोले- हिम्मत है तो इंडस्ट्री ले जाकर दिखाएं; योगी ने कहा- कुछ ले नहीं जा रहे, नई फिल्म सिटी बना रहे

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पहुंचे। उन्होंने बीएसई के बुल के साथ फोटो खिंचवाई।

मुंबई 02 दिसंबर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुंबई दौरे पर हैं। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में उन्होंने बुधवार को लखनऊ नगर निगम के बांड लॉन्च किए। इसके बाद योगी कई बॉलीवुड हस्तियों से मुलाकात करेंगे। योगी के इस दौरे को लेकर विवाद भी शुरू हो गया है। उत्तर प्रदेश में फिल्म सिटी बनाने के मुद्दे पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा- कॉम्पटीशन अच्छी बात है, लेकिन किसी की धमकी नहीं चलेगी। योगी ने इसके जवाब में कहा, ‘हम कुछ नहीं ले जा रहे, मुंबई फिल्म सिटी यहीं रहेगी, उत्तर प्रदेश में वहां के माहौल और जरूरतों के हिसाब से नई फिल्म सिटी बनाई जा रही है।

वहीं, योगी जिस होटल में ठहरे हैं, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ( MNS) ने उसके बाहर एक पोस्टर लगाया है। इसमें आदित्यनाथ का नाम लिए बिना उन्हें ‘ठग’ कहा गया है।

महाराष्ट्र के उद्योग यहीं रहेंगे: उद्धव ठाकरे

मंगलवार शाम को इंडियन मर्चेंट ऑफ चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स में बोलते हुए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा था,’महाराष्ट्र मैग्नेटिक राज्य है। उद्योगपतियों में आज भी महाराष्ट्र का आकर्षण कायम है। राज्य का कोई भी उद्योग बाहर नहीं जाएगा। इसके उलट,दूसरे राज्यों के उद्योगपति भी महाराष्ट्र आएंगे।

राउत ने पूछा- क्या मुंबई के अलावा कहीं और भी जाएंगे योगी?

इधर, शिवसेना सांसद संजय राउत ने पूछा कि क्या मुख्यमंत्री योगी दूसरे राज्यों में बनी फिल्म सिटी भी देखने जाएंगे? राउत ने कहा- मुंबई की फिल्म सिटी को दूसरी जगह शिफ्ट करना आसान नहीं है। दक्षिण भारत में भी बड़ी फिल्म इंडस्ट्री है। पश्चिम बंगाल और पंजाब में भी फिल्म सिटी हैं। क्या योगी जी इन जगहों पर जाकर कलाकारों से बात करेंगे या क्या वे केवल मुंबई में ही ऐसा कर रहे हैं?

मनसे ने लगाए आपत्तिजनक पोस्टर

राज ठाकरे की पार्टी MNS ने योगी के होटल के बाहर लगाए पोस्टर में लिखा, ‘कहां राजा भोज कहां गंगू तेली’, नाकाम राज्य की बेरोजगारी छुपाने के लिए मुंबई के उद्योग को UP ले जाने आया है ठग।’

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के विभाग अध्यक्ष गणेश चुक्कल ने मुंबई में इस तरह के पोस्टर लगाएं हैं।

योगी के मंत्री ने कहा- अंडरवर्ल्ड के जरिए बॉलीवुड पर दबाव बना रही शिवसेना-NCP

उत्तर प्रदेश में फिल्म सिटी को लेकर मचे सियासी घमासान के बीच योगी सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहसिन रजा ने शिवसेना और NCP पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां अंडरवर्ल्ड के जरिए बॉलीवुड पर दबाव बना रही है। कई फिल्म निर्देशक, निर्माता, कलाकार मुंबई छोड़कर उत्तर प्रदेश आना चाहते हैं, लेकिन उन्हें अंडरवर्ल्ड के जरिए धमकाया जा रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में लॉन्च किया लखनऊ नगर निगम का बॉन्ड,मोदी ने 2018 में की थी घोषणा

BSE में लगे घंटे को बजाकर योगी आदित्यनाथ ने 200 करोड़ मूल्य के बांड्स को लॉन्च किया है।

उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में लखनऊ नगर निगम के 200 करोड़ के बॉन्ड को प्रतीकात्मक तौर पर लॉन्च किया। लखनऊ नगर निगम (LMC) उत्तर भारत का पहला नगर निकाय है, जिसने अटल मिशन ऑफ रेजूवेनेशन एंड अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन (अमृत) में 200 करोड़ मूल्य के बॉन्ड जारी किए हैं। लखनऊ नगर निगम के शहर के विकास, सौंदर्यीकरण और साफ-सफाई आदि के लिए जारी बॉन्ड को 225 फीसदी (450 करोड़) से अधिक बोलियां मिली है। लखनऊ में 2018 में हुए इन्वेस्टर्स समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन बॉन्ड्स की घोषणा की थी। सरकार आने वाले समय में गाजियाबाद, वाराणसी, कानपुर और आगरा जैसे बड़े नगर निकायों का बॉन्ड भी जारी करेगी।

इस बॉन्ड का ओवर सब्सक्राइब होना इस बात का संकेत है कि देश में आर्थिक माहौल में सुधार के कारण निवेशकों की दिलचस्पी है। लखनऊ नगर निगम की ओर से लांच किया गया बांड शहरी शासन में एक बदलाव का प्रतीक है और इसके लिए प्रदेश सरकार और भारत सरकार ने अपना पूरा समर्थन दिया है।

अहमदाबाद ने जारी किया था पहला बॉन्ड

अहमदाबाद नगर निगम ने जनवरी 1998 में परियोजनाओं के लिए राज्य सरकार की गारंटी के बिना 100 करोड़ के लिए पहला बॉन्ड जारी किया था। अब लखनऊ नगर निगम ने यह बॉन्ड जारी कर उत्तर भारत में पहले नगर निगम के रूप में प्रतिष्ठा बनाई है।

बॉलीवुड की हस्तियों से मुख्यमंत्री योगी करेंगे मुलाकात

कुछ देर में योगी आदित्यनाथ उद्योग जगत से जुड़े लोगों से भी मुलाकात करने वाले हैं। इनसे वे उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित फिल्म सिटी निर्माण को लेकर चर्चा करेंगे। योगी उत्तर प्रदेश की फिल्म सिटी में मुंबई के लोग आ सकें, जुड़ सकें और यहां पर फिल्मों का काम शुरू हो इसके लिए वह डायरेक्टर्स-प्रोड्यूसर्स की राय लेंगे। इससे पहले मंगलवार शाम को मुंबई पहुंचे योगी ने ट्राइडेंट होटल में अभिनेता अक्षय कुमार से मुलाकात की थी। दोनों के बीच तकरीबन एक घंटे तक बातचीत हुई। अक्षय ने उन्हें एक प्रोजेक्ट भी दिखाया। इसके अलावा दोनों के बीच फिल्म सिटी को लेकर भी चर्चा हुई है।

मुख्यमंत्री योगी अक्षय कुमार से बात करते हुए।

केंद्र मुंबई का महत्व कम करना चाहती है: सुप्रिया सुले

योगी के मुंबई दौरे पर एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले ने कहा है कि केंद्र की ओर से मुंबई का महत्व कम करने की कोशिशें हो रही हैं। हालांकि,उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री योगी यूपी में बॉलीवुड जैसी फिल्म सिटी बनाना चाहते हैं तो उनकी शुभकामनाएं उनके साथ हैं। सुप्रिया सुले ने कहा कि बॉलीवुड और मुंबई का जो प्यार और विश्वास का नाता है उसको कोई भी ठेस पहुंचा नही सकता है।

याेगी उद्योगपतियों और निर्माताओं को धमका सकते है: कांग्रेस

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुंबई दौरे को लेकर कांग्रेस ने गंभीर आरोप लगाया है। महाराष्ट्र कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत ने आशंका जाहिर की कि महाराष्ट्र के उद्योगपतियों और बॉलीवुड के फिल्म निर्माताओं को धमकाया जा सकता है। इसलिए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और महा विकास अघाड़ी सरकार राज्य के उद्योगपतियों और फिल्मकारों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दे।

मुंबई से बॉलीवुड कोई उठा कर नहीं ले जा सकता: महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष

महाराष्ट्र ‌BJP के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा है कि मुंबई बॉलीवुड नगरी है और इसे कोई उठा कर नहीं ले जा सकता है। अगर कहीं पर अच्छी सुविधा दी जाती है तो लोग वहां भी शूटिंग कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *