यशपाल आर्य का राजीव भवन में स्वागत,कहा-सिर्फ शरीर ही था भाजपा में

Uttarakhand Politics: पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत बोले- यशपाल आर्य के जाने से भाजपा में आ गया भूचाल
पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य के आज सोमवार को कांग्रेस मुख्यालय पहुंचने पर कांग्रेसियों ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि यशपाल आर्य के भाजपा छोड़ने से भाजपा में भूचाल आ गया।

देहरादून 01 नवंबर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस की प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत ने कहा कि यशपाल आर्य के भाजपा छोड़ने से भाजपा में भूचाल आ गया है। अब लोग कांग्रेस में आने के लिए लाइन में खड़े हैं। उन्होंने यशपाल आर्य का स्वागत करते हुए कहा कि कार्यकर्त्‍ताओं में जो उत्साह देखने को मिल रहा है, उससे लगता नहीं कि आर्य कभी हमें छोड़कर गए थे।

सोमवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य के पहली बार राजपुर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय पहुंचने पर कांग्रेसियों ने उनका भव्य स्वागत किया। स्वागत समारोह में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्त्‍ता उपस्थित रहे। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, महेश जोशी, एडवोकेट संदीप चमोली आदि भी मौजूद रहे।

शिक्षा व्यवस्था बदहाल: गोदियाल

समारोह में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था चौपट हो गई है। स्कूलों को खुले चार माह से अधिक समय हो गया है, लेकिन सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था पटरी पर नहीं लौटी है। शिक्षा मंत्री दून में बैठकर बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं, जबकि जमीनी हकीकत दावों के उलट है।

सिर्फ शरीर भाजपा के साथ था: आर्य

समारोह में फिर से भाजपा में रहने के दौरान की असहजता पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य की जुबां पर आ गई। आर्य ने कहा कि वह भाजपा में सहज महसूस नहीं कर रहे थे। वहां भी उनके मन में हर समय कांग्रेस के प्रति ही लगाव और सम्मान रहा। कांग्रेस में लंबी सेवा और फिर पार्टी से जुदा होने का जिक्र करते हुए वह भावुक भी हुए। कहा कि अब घर वापसी के बाद सुखद अनुभव हो रहा है। साढ़े चार साल तक सिर्फ मेरा शरीर भाजपा में था और आत्मा कांग्रेस के साथ थी। उन्होंने कहा कि भाजपा में केवल तानाशाही है। 2022 के चुनाव में भाजपा को सबक सिखाएंगे। भव्य स्वागत के लिए उन्होंने पार्टी का आभार जताया।

बीजेपी छोड़ कांग्रेस वापसी किये यशपाल आर्य बोले-वर्ष 2022 में भाजपामुक्त उत्तराखंड बनाएंगे

कांग्रेस में घरवापसी के 21 वें दिन अपने पहले सार्वजनिक कार्यक्रम में पूर्व काबीना मंत्री यशपाल आर्य भाजपा पर जमकर बरसे। भाजपा की नीति-रीति-संस्कृति को कठघरे में करते हुए आर्य ने आह्वान किया कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड को भाजपा मुक्त बनाना है। कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित सम्मान समारोह में आर्य 29 मिनट तक धाराप्रवाह अपने मन की बात की। रुंधे गले से आर्य ने कहा कि वर्ष 2017 में कांग्रेस छोड़ने का उन्हें पश्चाताप है।

मेरा शरीर वहां था पर आत्मा यहीं बसती थीं। वक्त की बात थी कि मुझे कांग्रेस छोड़नी पड़ी पर अब सेवक बनकर प्राणप्रण से पार्टी की सेवा करूंगा। इसके बाद आर्य ने भाजपा को निशाने पर लिया। आज कुछ लोग इतिहास बदलने की साजिश कर रहे हैं। कुछ खास लोगों को महिमा मंडित करने की कोशिश कर रहे हैं। पर ऐसा न हो पाएगा। अधिनायकवाद, तानाशाही और अहंकारी लोगों को परास्त करने के लिए कांग्रेस को मजबूत किया जाना जरूरी है। ये लोग कहते थे कि भारत को कांग्रेस मुक्त करना है।
पर अब हम इस देश को भाजपा मुक्त करने की पहल करेंगे। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से भाजपा मुक्त उत्तराखंड के साथ इसकी शुरूआत की जाएगी।प्रदेश सरकार पर भी आर्य ने हमला बोला। कहा कि विकास के खूब होर्डिंग लगे हैं। लेकिन विकास केवल होर्डिंग तक ही सीमित है। धरातल पर कुछ नहीं। दुनिया का सबसे बड़ी संगठन होने का दावा करने वाली भाजपा सरकार और संगठन आपदा के दौरान कहीं नजर नहीं आया। सहकारिता विभाग में भारी भ्रष्टाचार है। पैक्स में जल्द ही बड़ा घोटाला सामने आएगा। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने, राष्ट्रीय सचिव काजी निजामुद्दीन ने भी आर्य का स्वागत करते हुए विचार रखे। रावत ने कहा कि, आर्य के आने से हमें जीत की दही की ठेकी स्वयं ही मिल गई है।

भाजपा को सरकार चलाना नहीं आता

आर्य ने कहा कि सरकार चलाना कांग्रेस को ही आता है। मैने भाजपा में साढ़े चार साल रहते हुए उनके मंत्रियों और विधायकों को भी यह स्वीकारते देखा है। भाजपा के लोग भी कहते थे, आर्य जी सरकार चलाने की योग्यता कांग्रेस में ही है। हम तो विपक्ष की राजनीति ही कर सकते है। आर्य ने कहा कि भविष्य में कोशिश करनी होगी कि विपक्ष के रूप में भी भाजपा को नेस्तानाबूत करना है।

ये रहे मौजूद:
पूर्व काबीना मंत्री दिनेश अग्रवाल, शूरवीर सिंह सजवाण, हरेंद्र सिंह लाड़ी, प्रदेश महामंत्री-संगठन मथुरादत्त जोशी, उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार, सूर्यकांत धस्माना,पूर्व सांसद महेंद्र सिंह पाल, महामंत्री राजेंद्र शाह, प्रदेश सचिव महेश जोशी, राजेश चमोली, संग्राम सिंह पुंडीर, ओमप्रकाश सती बब्बन, राजीव महर्षि, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, गरिमा महरा दसौनी, डॉ. प्रतिमा सिंह, नेमचंद्र सूर्यवंशी आदि।

lockquote>60 नेताओं ने थामा कांग्रेस का दामन

साढ़े साल वर्ष पूर्व कांग्रेस को छोड़कर भाजपा का दामन थामने वाले कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह लुंठी और उनके सहयोगी राजेंद्र भट्ट, विमला सजवाण, सुनील भंडारी, विपिन उपे्रती, मुन्ना पांडे, शहजाद अंसारी, राहुल सोनकर, इंद्रलाल आर्य, ऋषभ जैन आदि ने सोमवार को अपने समर्थकों के साथ फिर से कांग्रेस का दामन थाम लिया। महेंद्र सिंह लुंठी ने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र पार्टी है, जिसने हर वर्ग व धर्म का सम्मान किया है।

राजकुमार के नेतृत्व में भव्य स्वागत

पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य का सोमवार को पहली बार कांग्रेस मुख्यालय आगमन पर पूर्व विधायक राजकुमार के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने गांधी पार्क के सामने फूल मालाओं से स्वागत किया। राजकुमार ने कहा कि आर्य की कांग्रेस में वापसी से पार्टी और मजबूत हुई है। इस मौके पर सोम प्रकाश वाल्मीकि, अशोक कोहली, अवधेश पंत, अजय बेनवाल, रीता रानी, मीना रावत, राजेंद्र बिष्ट, वसीम अहमद आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *