उत्तराखंड कांग्रेस ने भी राहुल के बचाव में ईडी दफ्तर पर किया प्रदर्शन

कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी-पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को नोटिस पर चढ़ा कांग्रेसियों का पारा, ईडी दफ्तर पर गरजे

कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को ईडी नोटिस पर कांग्रेसियों का पारा चढ़ गया। कांग्रेसियों ने ईडी दफ्तर के बाहर जमकर प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराया।

देहरादून 13जून।नेशनल हेराल्ड प्रकरण में कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को नोटिस देने से खफा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईडी दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया। गेट और दीवार फांद कर दफ्तर के भीतर घुसने की भी कोशिश में प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ धक्कामुक्की भी हो गई।

दोपहर पुलिस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह समेत कई कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले गई। माहरा और आर्य ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों की जनविरोधी और विपक्ष के उत्पीड़न की नीति का कांग्रेस पुरजोर विरोध करती रहेगी।

सुबह करीब सवा11बजे कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष माहरा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में क्रास रोड स्थित ईडी कार्यालय पहुंचे। वहां ईडी की कार्यवाही का विरोध करते हुए उन्होंने प्रदर्शन किया और बाहर सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। दोपहर एक बजे तक कांग्रेस कार्यकर्ता वहीं धूप में बैठे सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे तो बीच बीच में रघुपति राघव राजाराम भजन भी गाया।

माहरा ने कहा कि केंद्र सरकार विपक्ष का उत्पीड़न करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरूपयोग कर रही है। ईडी की नोटिस की कार्यवाही इसी साजिश का हिस्सा है। आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले नेशनल हेराल्ड अखबार की रक्षा के कांग्रेस ने उसकी आर्थिक सहायता की थी।

इसमें एक पैसे की भी अनियमितता नहीं हुई है। वर्ष 2012 में केंद्रीय चुनाव आयोग और वर्ष 2015 में खुद ईडी इससे जुड़े आरेापों को खारिज कर चुके हैं। लेकिन कांग्रेस केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों का लगातार विरोध कर रही है, इसलिए केंद्र की भाजपा सरकार द्वेष की भावना के साथ कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक दल के उपनेता भुवन कापड़ी ने कहा कि कांग्रेस केंद्र सरकार के इस प्रकार आचरण से डरने वाली नहीं है। कांग्रेस देश और लोकतंत्र विरोधी ताकतों से सदैव लड़ती रहेगी। कभी झुकेगी नहीं पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने भी केंद्र और राज्यों की भाजपा सरकारों पर हमला बोला।

उन्होंने कहा कि भाजपा का असली चेहरा सामने आ चुका है। आज देश में जिस प्रकार के हालात है, उसकी वजह भाजपा है। कांग्रेस ने हमेशा सभी को साथ लेकर जोड़ते हुए चलने वाली पार्टी है। जबकि भाजपा का एकमात्र एजेंड़ा विभाजनकारी नीतियां आगे बढ़ाना है।
दोपहर करीब सवा एक बजे धरना स्थल पर बैठी महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ज्योति रौतेला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशा मनोरमा डोबरियाल समेत कुछ महिला कार्यकर्ता ईडी दफ्तर के गेट और दीवार पर चढ़ कर भीतर जाने का प्रयास करने लगे।

माहौल गरमाता देख पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो कुछ कार्यकर्ताओं की हल्की धक्का मुक्की भी हो गई। इसके बाद पुलिस ने गिरफ्तारियां शुरू कर दी। प्रदेश अध्यक्ष, माहरा, आर्य, प्रीतम, भुवन कापड़ी, सूर्यकांत धस्माना, पंकज क्षेत्री समेत कई कार्यकर्ताओं को पुलिस गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले गई। जहां कुछ समय बाद उन्हें छोड़ दिया गया।

यें भी रहे मौजूद

विधायक फुरकान अहमद, विक्रम नेगी, मनोज तिवारी, रवि बहादुर, खुशहाल सिंह अधिकारी, राजेंद्र भंडारी, अनुपमा रावत प्रदेश उपाध्यक्ष-संगठन मथुरादत्त जोशी, पूर्व काबीना मंत्री दिनेश अग्रवाल, पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत, सुरेंद्र कुमार, किसान कांग्रेस अध्यक्ष सुशील राठी, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर, पीसीसी महामंत्री राजेंद्र शाह, पीके अग्रवाल, गोदावरी थापली, नवीन जोशी, पूर्व विधायक राजकुमार, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, संजय किशोर, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप जोशी, मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि, लक्ष्मी अग्रवाल, मनीष नागपाल, मीना रावत, शांति रावत, परिणिता बडोनी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *