शेयर बाजार रोज नये ऑल टाइम हाई पर,सैंसेक्स66059,निफ्टी 19566

पहली बार 66 हजार के पार निकला सेंसेक्स:कारोबार के दौरान 66,049 का हाई बनाया, निफ्टी भी 19,566 के ऊंचे स्तर पर

मुंबई13 जुलाई।शेयर बाजार में आज यानी गुरुवार (13 जुलाई) को नया ऑल टाइम हाई बनाया है। सेंसेक्स ने कारोबार के दौरान 66,043 और निफ्टी ने 19,566 का लेवल छुआ। अभी सेंसेक्स में 600 और निफ्टी में 170 अंकों से ज्यादा की तेजी देखने को मिल रही है।

इससे पहले सेंसेक्स 274 अंक चढ़कर 65,667 के स्तर पर खुला। निफ्टी में भी 111 अंकों की तेजी रही। ये 19,495 के स्तर पर ओपन हुआ। रुचि सोया के शेयर में आज 5% की गिरावट देखने को मिल रही है।

बाजार में तेजी की 5 वजह

#महंगाई कम होने के कारण बाजार को सपोर्ट मिला है।
#कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के कारण।
#डॉलर के मुकाबले रुपए मजबूत हुआ है इससे बाजार को सपोर्ट मिला है।
#विदेशी निवेशक भारतीय बाजार में निवेश बढ़ा रहे हैं।
#भारत का फॉरेक्स रिजर्व बढ़ने से भी बाजार को मजबूती मिली है।

3 साल में भारतीय बाजार में 78.4% ग्रोथ

301 लाख करोड़ रुपए मार्केट कैप के साथ भारत 5वां सबसे बड़ा शेयर बाजार बन गया है। बीते 3 सालों में सेंसेक्स में 78.4% ग्रोथ की ग्रोथ रही है। 2055 लाख करोड़ रुपए के मार्केट कैप के साथ अमेरिकी स्टॉक एक्सचेंज दुनिया में नंबर-1 पर है। इसमें बीते 3 साल में 38.1% की ग्रोथ रही।

इस साल अब तक आए 82 IPO

भारत में इस साल अब तक 82 IPO आ चुके हैं। वहीं पिछले साल यानी 2022 में 149 IPO आए थे। भारत में IPO के लिहाज से 2017 सबसे अच्छा रहा। तब कुल 169 IPO आए थे। वहीं 2018 में 165 IPO आए थे।

आज से HDFC के शेयर की ट्रेडिंग बंद

कल यानी 12 जुलाई को HDFC के शेयर ट्रेडिंग का आखिरी दिन रहा। अपनी शुरुआत के 45 साल बाद HDFC उसी बैंक में पूरी तरह से मर्ज हुआ, जिसे 1994 में उसकी सब्सिडियरी के रूप में शुरू किया गया था। HDFC सुबह करीब 10 बजे 1% चढ़कर 2770 रुपए के पार कारोबार कर रहा था। वहीं इसके शेयर 15.35 रुपए यानी 0.56% की गिरावट के साथ 2,732 रुपए के स्तर पर बंद हुए।

जून में फुटकर महंगाई 4.81% पर पहुंची

जून में फुटकर महंगाई 4.81% पर पहुंच गई है। मई में यह 25 महीने के निचले स्तर 4.25% पर आ गई थी। जून में सब्जियों की ऊंची कीमतों के कारण महंगाई बढ़ी है। असमान मानसूनी बारिश ने फसलों को नुकसान पहुंचाया है जिससे दाम बढ़े हैं।

कंज्यूमर फूड प्राइस इंडेक्स (CPI) जून में बढ़कर 4.49% पर पहुंच गया। मई में ये 2.96% था। वहीं अप्रैल में यह 3.84% रहा था। ये इंडेक्स खाने-पीने के सामान के दामों में बढ़ोतरी और उनमें कमी को दिखाता है। CPI बास्केट में लगभग आधी हिस्सेदारी खाने-पीने की चीजों की होती है।

TCS का प्रॉफिट 16% और HCL का मुनाफा 8% बढ़ा

IT कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) और HCL टेक ने बुधवार (12 जुलाई) को फाइनेंशियल ईयर 2023-24 की पहली तिमाही के नतीजे घोषित कर दिए हैं। रिजल्ट के अलावा दोनों कंपनियों ने डिविडेंड का भी ऐलान किया है।

अप्रैल-जून तिमाही में TCS का सालाना नेट प्रॉफिट 16.83% बढ़कर 11,074 करोड़ रुपए रहा। पिछले साल इसी तिमाही में यह आंकड़ा 9,478 करोड़ रुपए था। वहीं, HCL का साल 2024 की पहली तिमाही में नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 7.6% बढ़कर 3,534 करोड़ रुपए रहा। हालांकि, तिमाही आधार पर बात करें तो कंपनी का प्रॉफिट 11.3% गिरा है। पिछली तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 3,983 करोड़ रुपए रहा था।

कल बाजार में रही थी गिरावट

इससे पहले कल यानी बुधवार को शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 223 अंक गिरकर 65,393 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी में भी 55 अंकों की गिरावट रही। ये 19,384 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 23 में गिरावट और सिर्फ 7 में तेजी रही थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *