रूस-यूक्रेन युद्ध से ढहा बाजार,भारत में निवेशकों के डूबे 13.4 लाख करोड़

निवेशकों को 13.4 लाख करोड़ का घाटा:मार्केट कैप घटकर 242 लाख करोड़, रिलायंस को 80,000 करोड़ रुपए का नुकसान

मुंबई24फरवरी।रूस और यूक्रेन के बीच शुरू हुई लड़ाई से भारतीय शेयर बाजार के निवेशकों को आज जमकर घाटा हुआ है। इनको 13.4 लाख करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। बुधवार को सेंसेक्स में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 255.68 लाख करोड़ रुपए था जो गुरुवार को 242.28 लाख करोड़ रुपए हो गया।

अक्टूबर से अब तक 32 लाख करोड़ घटा मार्केट कैप

वैसे अक्टूबर में जब सेंसेक्स 62 हजार के रिकॉर्ड पर था, तब मार्केट कैप 274 लाख करोड़ रुपए को पार कर गया था। उस लेवल से देखें तो यह घाटा 32 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा रहा है। गुरुवार यानी 24 फरवरी को देश की दिग्गज कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज से निवेशकों को 80 हजार करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।

रिलायंस का मार्केट कैप 15.25 लाख करोड़ रुपए

बुधवार को रिलायंस का मार्केट कैप 16.05 लाख करोड़ रुपए था जो आज 15.25 लाख करोड़ रुपए है। मार्केट कैप के लिहाज से टॉप कंपनियों की बात करें तो टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस (TCS) को 53 हजार करोड़ रुपए का घाटा हुआ है। कल इसका मार्केट कैप 13.11 लाख करोड़ रुपए था जो आज 12.58 लाख करोड़ रुपए हो गया। HDFC बैंक का वैल्यू 46 हजार करोड़ रुपए कम होकर 7.86 लाख करोड़ रुपए हो गया। बुधवार को यह 8.32 लाख करोड़ रुपए था।

एक हफ्ते की बात करें तो रिलायंस के मार्केट कैप में 1.12 लाख करोड़ रुपए (6.78%) की कमी आई। अडाणी ग्रुप की कंपनियों को 66 हजार करोड़ रुपए का घाटा हुआ है।

इंफोसिस को 28 हजार करोड़ रुपए का घाटा

इसी तरह इंफोसिस का मार्केट कैप 7.33 लाख करोड़ से घटकर 7.05 लाख करोड़ रुपए हो गया, जिसमें 28 हजार करोड़ की कमी आई। हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) का वैल्यू 21 हजार करोड़ रुपए कम होकर 5.10 लाख करोड़ रुपए रह गया जो बुधवार को 5.31 लाख करोड़ रुपए था।

बैंकिंग स्टॉक्स जमकर पिटे

आज बैंकिंग सेक्टर के शेयर्स जमकर पिटे हैं। इनमें 7% तक की गिरावट आई है। देश के सबसे बड़े बैंक SBI का मार्केट कैप 4.44 से घटकर 4.24 लाख करोड़ रुपए हो गया। यानी 23 हजार करोड़ रुपए का घाटा हुआ है। HDFC को भी 17 हजार करोड़ रुपए का घाटा हुआ। इसका मार्केट कैप 4.24 लाख करोड़ रुपए रहा। इसी तरह बजाज फाइनेंस को 26 हजार करोड़ रुपए, एयरटेल को 30 हजार करोड़ और कोटक महिंद्रा बैंक को 19 हजार करोड़ रुपए का घाटा हुआ है।

इंडसइंड बैंक 7.88% गिरा

बैंकिंग शेयर्स में इंडसइंड बैंक 7.88%, एक्सिस बैंक 5.99%, HDFC बैंक 5.48% SBI 5.20, ICICI बैंक 5.03% और कोटक बैंक 4.98% टूटकर बंद हुए। इनके अलावा टेक कंपनियों पर भी बुरा असर रहा। HCL टेक के मार्केट कैप में 14 हजार करोड़ रुपए की कमी आई जबकि विप्रो के मार्केट कैप में 17 हजार करोड़ की कमी रही।

अडाणी ग्रीन का मार्केट कैप 3 लाख करोड़ से नीचे

अडाणी ग्रीन एनर्जी को 12 हजार करोड़ रुपए का नुकसान हुआ और इसका मार्केट कैप 2.98 लाख करोड़ रुपए रह गया। वैसे अडाणी ग्रुप की कंपनियों को 15 फरवरी के बाद से 47 हजार करोड़ रुपए का घाटा हुआ है। इसमें अडाणी टोटल गैस को सबसे ज्यादा करीबन 17 हजार करोड़ का नुकसान हुआ है।

रूस के बाजार का मार्केट कैप 18.75 लाख करोड़ घटा

रूस और यूक्रेन की लड़ाई से रसिया के बाजार को गुरुवार को 250 अरब डॉलर यानी 18.75 लाख करोड़ रुपए का घाटा हुआ है। इसका शेयर बाजार 45% टूट गया। इस घटना के बाद से कच्चे तेल की कीमतें 105 डॉलर प्रति बैरल को पार कर गई हैं। सोने की कीमतें 2020 के बाद सबसे ऊपरी लेवल पर आ गई हैं। यह 3% बढ़कर 1971 डॉलर प्रति औंस पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *