यूक्रेन-रुस युद्ध में और देश भी शामिल हुए तो और ज्यादा बिगड़ेगी आर्थिक हालात

रूस-यूक्रेन युद्ध से शेयर बाजार धराशायी:सेंसेक्स रिकॉर्ड 2700 पॉइंट टूटा, निफ्टी 16300 से नीचे पहुंचा; ज्यादातर क्रिप्टोकरेंसी में 10% से ज्यादा की गिरावट

मुंबई24फरवरी।रूस-यूक्रेन युद्ध से शेयर बाजार धराशाई हो गया। हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 2700 पॉइंट (4.72%) गिरकर 54,529 पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी भी 815 पॉइंट (4.78%) टूटा है। ये 16,247 पर पहुंच गया। सेंसेक्स की ये अब तक की चौथी बड़ी गिरावट है, वहीं 2 साल की सबसे बड़ी गिरावट है। आज की गिरावट के बाद BSE की लिस्टेट फर्म्स का मार्केट कैप 255.68 लाख करोड़ से घटकर 242.28 लाख करोड़ रुपए हो गया। इस गिरावट से निवेशकों के 13.4 लाख करोड़ रुपए डूब गए।

बैंकिंग शेयर्स की जबरदस्त पिटाई

आज के कारोबार में बैंकिंग शेयर्स की जबरदस्त पिटाई हुई है। निफ्टी PSU बैंक इंडेक्स 8.26% टूटा है। पंजाब नेशनल बैंक 15% और इंडसइंड बैंक 8% नीचे बंद हुए। रियल्टी इंडेक्स और ऑटो इंडेक्स भी करीब 7% टूटे है। टाटा मोटर्स में 10% से ज्यादा की गिरावट है। ये 51 रुपए टूटकर 425.90 पर आ गया है। इंडिया बुल्स रियल एस्टेट और गोदरेज प्रॉपर्टीज में भी करीब 10% की गिरावट है।

सोने में तेजी, क्रूड 100 डॉलर के पार और रुपया कमजोर
दूसरी ओर सोने में शानदार तेजी देखने को मिल रही है। ये 52 हजार के करीब पहुंच गया है। इसके अलावा क्रूड ऑयल 100 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गया है। इससे पहले 2014 में ऐसा हुआ था। रुपया 1.09 पैसे गिरकर 75.70 रुपए प्रति डॉलर पर आ गया। इससे पहले बुधवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 27 पैसे मजबूत हुआ था।

सेंसेक्स के सभी 30 शेयरों में गिरावट

शेयर बाजार में गिरावट के प्रमुख कारण

रूस-यूक्रेन युद्ध से निवेशकों में डर का माहौल है इस कारण वो अपना पैसा मार्केट से निकाल रहे हैं।
इंटरनेशनल मार्केट में क्रूड ऑयल की कीमतों में तेजी से बाजार दबाव में है।

रूस-यूक्रेन युद्ध से मार्केट में गिरावट

रूस ने यूक्रेन पर हमले किये हैैं। इस वजह से दुनिया के सभी शेयर बाजारों में गिरावट में हैं। बुधवार को यूक्रेन ने इमरजेंसी का ऐलान किया था। इसके बाद अमेरिकी बाजार भारी नुकसान में रहे थे। बुधवार को डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 1.38%, S&P 500 1.84% और नैस्डैक कम्पोजिट 2.57% की गिरावट में रहा था।

एशियन मार्केट की बात करें तो आज जापान का निक्केई 1.81%, हॉन्ग-कॉन्ग का हैंग सेंग 3.21%, ताइवान का इंडेक्स 2.55% टूटा है। चीन के इंडेक्स शंघाई कंपोजिट में 1.70% और इंडोनेशिया के जकार्ता कंपोजिट में 1.48% की गिरावट रही। यूरोपियन मार्केट भी जमकर टूटे है। CAC और DAX में 4% से ज्यादा की गिरावट रही।

एक्सपर्ट की सलाह

बाजार के जानकारों का मानना है कि ऐसी स्थितियां हमेशा आती रहती हैं और आगे भी आएंगी। पर हर बार बाजार भारी गिरावट से उबरा ही है। चाहे वह 2008 का लेहमैन ब्रदर्स का संकट हो, 2019 का कोरोना हो या फिर अब रूस और यूक्रेन का मामला हो। कोरोना में तो भारतीय बाजार का सेंसेक्स 40 हजार से टूटकर 25 हजार तक जा चुका था। पर उसके बाद इसने 62 हजार का नया रिकॉर्ड भी बनाया।

K.R.चौकसी के MD देवेन चौकसी कहते हैं कि निवेशकों को घबराने की जरूरत नहीं है। जो बाजार में हैं, उन्हें बने रहना चाहिए क्योंकि जो अभी की स्थिति है, वह हमेशा नहीं रहने वाली है। यूक्रेन-रूस का कोई न कोई हल निकलेगा। हालांकि, अगर इस युद्ध में कोई और देश शामिल होते हैं तो स्थिति बिगड़ सकती है।
SMC ग्लोबल के MD DK अग्रवाल कहते हैं कि यूक्रेन और रसिया की हालत काफी खराब है। मिलिट्री ऑपरेशन की जिस तरह बात कही जा रही है, वह अगर सही होती है तो फिर काफी भयानक असर बाजार पर देखने को मिलेगा। उनका कहना है कि शॉर्ट टर्म में बाजार निगेटिव रहेगा।

क्रिप्टो मार्केट भी धराशायी

प्रमुख क्रिप्टोकरेंसी की कीमतों में भी गिरावट देखने को मिल रही है। बिटकॉइन शाम साढ़े 4 बजे 9.7% (24 घंटे में) की गिरावट के साथ 27.90 लाख रुपए पर कारोबार कर रहा था। इस दौरान इसकी कीमत में 2.78 लाख रुपए से ज्यादा की गिरावट हुई है। इथीरियम की बात करें तो बीते 24 घंटों में इसकी कीमत में 12.43% की गिरावट देखी गई है। यह 26,647 रुपए घटकर 1.87 लाख रुपए हो गई।

100 डॉलर के पार निकला कच्चा तेल

रूस के यूक्रेन के खिलाफ जंग का ऐलान के बाद कच्चे तेल (ब्रेंट क्रूड) के दाम 100 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गए हैं। ये इसका 8 साल का हाई है। एक्सपर्ट्स के अनुसार आने वाले दिनों में इसके दाम 120 डॉलर तक जा सकते हैं। इससे पेट्रोल-डीजल 20 रुपए तक महंगे हो सकते हैं।

सोना 52 हजार के करीब

आज सोने की कीमत में शानदार तेजी देखने को मिल रही है। MCX पर आज 11 सोना 1,182 रुपए की बढ़त के साथ 51,561 पर ट्रेड कर रहा है। वहीं चांदी की बात करें तो ये 1,583 रुपए के उछाल के साथ 66,168 पर कारोबार कर रही है। इंटरनेशनल मार्केट में भी सोना 1,943 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया है।

रुपए में बड़ी गिरावट

आज डॉलर के मुकाबले रुपए में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। रुपया 1.09 पैसे गिरकर 75.70 रुपए प्रति डॉलर पर आ गया। इससे पहले बुधवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 27 पैसे मजबूत हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *