सलाह: न्यू ईयर पार्टी भीड़ रोकने को जरूरत पड़े तो लगायें नाइट कर्फ्यू

कोरोना देश में:केंद्र ने राज्यों से कहा- न्यू ईयर पार्टी पर नजर रखें, जरूरत पड़े तो नाइट कर्फ्यू लगाएं; वैक्सीनेशन ड्राइव की तैयारी कर ले
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य सरकारों को पत्र लिखकर न्यू ईयर सेलिब्रेशन पर नजर रखने के लिए कहा है। गृह सचिव अजय भल्ला की ओर से लिखे इस पत्र में कहा गया है कि देश में कोरोना के नए केस और एक्टिव केस की संख्या घट रही है। इसलिए सावधानी की और भी जरूरत है। मंत्रालय ने कहा कि अगर जरूरत पड़े तो लोकल स्तर पर एडमिनिस्ट्रेशन नाइट कर्फ्यू जैसे प्रतिबंध लगा सकते हैं। इसके अलावा वैक्सीनेशन के लिए भी तैयारी रखने के लिए कहा है।

मंत्रालय ने और क्या कहा?

कोविड-19 मरीजों के सर्विलांस के लिए लागू की गई गाइडलाइन की अवधि 31 जनवरी 2021 तक बढ़ा दी गई है।
कंटेनमेंट जोन में सावधानी बरती जाए ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। कोरोना के नए स्ट्रेन को भी आने से रोकने के लिए सर्विलांस जरूरी है।
NEGVAC ने वैक्सीनेशन के लिए प्रियॉरिटाइजेशन तैयार किया है। हेल्थ वर्कर्स, फ्रंट लाइन वर्कर्स, 50 साल के ऊपर और 50 साल से कम उन लोगों को जिन पर कोरोना का ज्यादा खतरा है उन्हें पहले वैक्सीन दी जाएगी।
ऐसे लोगों का डेटा फाइनल करके अपलोड करें।
वैक्सीन के स्टोरेज, ट्रांसपोर्टेशन, सिक्योरिटी समेत अन्य व्यवस्था पूरी कर लें।
मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का सख्ती से पालन कराएं।

देश में रिकवरी रेट 96% हुआ

देश में कोरोना के मरीजों के ठीक होने की रफ्तार काफी अच्छी चल रही है। देशभर में यह एवरेज 95.8% हो गया है। यानी हर 100 में से 96 मरीज ठीक हो चुके हैं। 25 राज्यों में तो इससे भी बेहतर स्थिति है। इनमें टॉप-5 अरुणाचल प्रदेश (98.9%), आंध्र प्रदेश (98.8%), दादरा एवं नगर हवेली (98.8%), ओडिशा (98.6%) और त्रिपुरा (98.3%) शामिल हैं। महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, मणिपुर, पंजाब, मणिपुर, गुजरात, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, केरल और सिक्किम में रिकवरी रेट 95.8% से कम है।

देश में रविवार को 20 हजार 333 नए संक्रमितों की पहचान हुई, 21 हजार 97 मरीज ठीक हुए और 281 की मौत हो गई। इसके साथ ही एक्टिव केस में 1056 की कमी आई। अब कुल 2.76 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है। अब तक कुल 1.02 करोड़ केस आ चुके हैं। इनमें से 97.81 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.47 लाख की मौत हो चुकी है।

टेस्टिंग में तीन लाख की कमी आई

देश में कोरोना मरीजों की संख्या कम हुई है लेकिन सरकार ने टेस्टिंग भी घटा दी है। हर दिन होने वाली टेस्टिंग में करीब 3 लाख की कमी आई है। पिछले एक हफ्ते से देश में 10 लाख से कम लोगों की जांच हो रही है। रविवार को केवल 7 लाख 15 हजार 397 लोगों की जांच हुई। ये 27 सितंबर के बाद का सबसे कम आंकड़ा है। 27 सितंबर को देशभर में 7 लाख 93 हजार 94 मरीजों का टेस्ट हुआ था।

अब तक केवल 12.17% आबादी की जांच हुई

138 करोड़ की आबादी में अब तक 12.17% यानी 16. 89 करोड़ लोगों की जांच हो पाई है। हर 10 लाख की आबादी में 1.21 लाख लोगों की जांच हो रही है। अमेरिका में इतनी ही आबादी में 7.43 लाख और ब्राजील में 1.34 लाख लोगों की जांच हो रही है।

टेस्टिंग कम होने से संक्रमण फैलने का खतरा

ICMR और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय खुद बोल चुका है कि टेस्टिंग कम होने से संक्रमण फैलने का खतरा ज्यादा हो जाता है। ऐसा इसलिए क्योंकि अगर समय रहते संक्रमित लोगों की पहचान नहीं हो पाएगी तो उनके जरिए दूसरों में संक्रमण फैल सकता है।

कोवीशील्ड की 5 करोड़ डोज तैयार है

कोरोना वैक्सीन कोवीशील्ड तैयार करने वाली सीरम इंस्टीट्यूट के CEO अदार पूनावाला ने कहा है कि कंपनी ने अभी कोवीशील्ड (Covishield) की 4-5 करोड़ डोज स्टॉक में रखी है। इमरजेंसी यूज को अगले कुछ दिनों में मंजूरी मिल सकती है। इसके बाद ये केंद्र सरकार को तय करना है कि वह कितना डोज और कितनी जल्दी लेंगे। हमारी कंपनी जुलाई 2021 तक 30 करोड़ डोज तक तैयार कर लेंगे।

क्या कहना पूनावाला ने ?

भारत कोवैक्स (COVAX) का हिस्सा है। हम जो भी तैयार करेंगे उसका 50% हिस्सा भारत के लिए होगा।
भारत की जनसंख्या काफी ज्यादा है। इसलिए मुझे लगता है कि अब तक हमने जो 5 करोड़ डोज तैयार किया है वो सबसे पहले भारत के लोगों को ही लगाया जाए।
2021 के शुरूआती 6 महीने वैक्सीन की शॉर्टेज रहेगी। इसमें कोई भी मदद नहीं कर सकता है। लेकिन इसके बाद अगस्त-सितंबर तक वैक्सीन सप्लाई सही हो जाएगी।

कोरोना अपडेट्स

केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्वनी चौबे कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। लिखा, ”कोरोना के शुरूआती लक्षण दिखने पर मैंने आज टेस्ट करवाया और रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मेरी तबीयत ठीक है, डॉक्टर्स की सलाह पर होम आइसोलेशन में सभी दिशा- निर्देशों का पालन कर रहा हूं। मेरा अनुरोध है, जो भी लोग गत कुछ दिनों में संपर्क में आए हैं, कृपया खुद को आइसोलेट कर अपनी जांच करवा लें।”
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कोविड-19 मरीजों के सर्विलांस के लिए लागू की गई गाइडलाइन की अवधि 31 जनवरी 2021 तक बढ़ा दी है। मंत्रालय ने सोमवार को इसके लिए आदेश जारी कर दिया। मंत्रालय ने कहा, देश में कोरोना के नए केस और एक्टिव केस की संख्या घट रही है। इसलिए यह और भी जरूरी है कि सर्विलांस सिस्टम को मजबूत रखा जाए। कंटेनमेंट जोन और अन्य सावधानी बरती जाए ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। कोरोना के नए स्ट्रेन को भी आने से रोकने के लिए सर्विलांस जरूरी है।
न्यू ईयर पर भीड़ और पार्टी रोकने के लिए बेंगलुरु पुलिस ने 31 दिसंबर की शाम 6 बजे से पूरे शहर में धारा-144 लागू करने का फैसला लिया है। ये 1 जनवरी की सुबह 6 बजे तक लागू रहेगी। इस दौरान लोगों को बगैर किसी जरूरी काम के बाहर निकलने पर प्रतिबंध रहेगा। बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर ने कहा कि लोग अपने कॉलोनी में जश्न मना सकेंगे, लेकिन कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। किसी तरह के स्पेशल इवेंट्स को मंजूरी नहीं मिलेगी। पब, रेस्टोरेंट्स, मॉल में कोई कार्यक्रम नहीं आयोजित होगा।
कर्नाटक के शिक्षा मंत्री एस सुरेश कुमार ने बताया कि एक जनवरी से राज्य में 10वीं और 12वीं के छात्रों के क्लास शुरू हो जाएंगे।
देश में कोरोनावायरस के लिए वैक्सीनेशन की तैयारियों का आज से जायजा लेना शुरू कर दिया गया है। इसके तहत पंजाब, असम, आंध्र प्रदेश और गुजरात में दो दिन ड्राई रन प्रोग्राम चलाया जा रहा है। ड्राई रन में अगर कोई कमी नजर आई तो उसे तत्काल दूर किया जाएगा। ड्राई रन में वैक्सीन के लिए कोल्ड स्टोरेज, ट्रांसपोर्टेशन और भीड़ कंट्रोल करने के इंतजामों की भी समीक्षा की जाएगी। दूसरे शब्दों में कहें तो यह वैक्सिनेशन की मॉक ड्रिल है।

पांच राज्यों का हाल

1. दिल्ली

यहां सोमवार को 564 लोग संक्रमित पाए गए। 959 लोग रिकवर हुए और 21 की मौत हो गई। अब तक 6 लाख 23 हजार 415 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 6 लाख 6 हजार 644 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10 हजार 474 मरीजों की मौत हो चुकी है। 6297 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

2. मध्यप्रदेश

यहां सोमवार को 876 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 1090 लोग रिकवर हुए और 9 की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 39 हजार 228 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2 लाख 25 हजार 782 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 3572 मरीजों की मौत हो चुकी है। 9874 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

3. गुजरात

यहां सोमवार को 810 लोग संक्रमित पाए गए। 1016 लोग रिकवर हुए और 6 की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 42 हजार 655 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2 लाख 28 हजार 244 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4288 मरीजों की मौत हो चुकी है। 10 हजार 123 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

4. राजस्थान

राज्य में सोमवार को 798 नए मामले सामने आए। 1206 लोग रिकवर हुए और 7 की मौत हो गई। अब तक 3 लाख 6 हजार 158 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2 लाख 92 हजार 739 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10 हजार 742 मरीजों का इलाज चल रहा है। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 2677 हो गई है।

5. महाराष्ट्र

राज्य में सोमवार को 2498 नए केस मिले। 4501 लोग रिकवर हुए और 50 की मौत हो गई। अब तक 19 लाख 22 हजार 48 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 18 लाख 11 हजार 449 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 57 हजार 159 मरीजों का इलाज चल रहा है। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 49 हजार 305 हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *