जोशीमठ का नाम अब ज्योतिर्मठ, स्वर्गीय विधायक मगन लाल के नाम थराली में महाविद्यालय

उत्तर प्रदेश के बाद उत्तराखंड में नाम बदलने का सिलसला शुरू, मुख्यमंत्री धामी की बड़ी घोषणा, जोशीमठ शहर का बदला नाम

गोपेश्वर 25 दिसंबर।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को चमोली जिले के नन्दानगर ( पूर्व नाम: घाट ) में आयोजित भाजपा विजय संकल्प रैली में कई योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने जोशीमठ का नाम अब ज्योर्तिमठ करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने थराली के पूर्व विधायक मगन लाल शाह के नाम से थराली पंती महाविद्यालय की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाषण की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री  और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि आज उन वाजपेयी की जयंती है जिन्होंने प्रधानमंत्री  रहते हुये हमें उत्तराखंड राज्य दिया और आज प्रधानमंत्री  मोदी के आत्मीय लगाव से उत्तराखंड को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाया जा रहा है। धामी ने भाजपा की नन्दानगर में आयोजित भाजपा विजय संकल्प रैली में कहा कि मोदी के निर्देशन और राज्य के मुख्य सेवक के रूप में हमारा संकल्प है कि जब हम राज्य की स्थापना का 25 वां स्थापना दिवस मनायेंगें तो तब तक हमारा राज्य भारत के सबसे उत्तम और अग्रणी राज्य रहेगा। मुख्यमंत्री ने केन्द्र और राज्य सरकार को डबल इंजन की सरकार बताते हुये कहा कि  डबल इंजन की सरकार प्रगति की ऊर्जा का पावर हाउस है। धामी ने विजय संकल्प रैली में मौजूद राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री व गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत की तारीफ में खूब कसीदे कसे। उन्हें प्रेरक बताया। सभा और रैली में उपस्थित कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के कार्यों और विजन की प्रशंसा करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की केन्द्र सरकार में  सतपाल महाराज की परिकल्पना के  ऋषिकेश से कर्णप्रयाग तक रेल मार्ग का  कार्य प्रगति पर है।

इस रेल मार्ग की योजना की सबसे पहले पहल कल्पना सतपाल महाराज ने की थी। मुख्यमंत्री धामी ने कहा मैंने प्रधानमंत्री मोदी से टनकपुर से बागेश्वर तक रेल मार्ग का अनुरोध किया था। इस पर शीघ्र कार्य शुरू हो जायेगा। मुख्यमंत्री भाजपा की विजय संकल्प रैली की जनसभा में कांग्रेस पर खूब बरसे। मुख्यमंत्री धामी ने क्षेत्रीय विधायक मुन्नी देवी शाह और बदरीनाथ के विधायक महेन्द्र भट्ट को हमेशा अपने क्षेत्र की जनता के हित विकास में कार्य करने वाला जागरूक प्रतिनिधि बताया।

धामी ने कहा कि  उत्तराखंड में एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनना तय है। भाजपा विजय संकल्प रैली में काबीना मंत्री सतपाल महाराज, थराली की विधायक मुन्नी देवी शाह, बदरीनाथ के विधायक महेन्द्र भट्ट, भाजपा के जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट, नन्दानगर की ब्लाक प्रमुख भारती देवी, नन्दप्रयाग की नगर पंचायत अध्यक्ष डाक्टर हिमानी वैष्णव समेत भाजपा के सभी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *