उत्तराखंड में पहले दिन नड्डा का प्रवास और संवाद पर जोर

उत्‍तराखंड में कमल खिलाने को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिया जीत का मंत्र
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने चुनाव में जीत का मंत्र दिया। बता दें कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने अपने प्रवास के पहले दिन हरिद्वार में बैठकें ली। उन्होंने जनता से संवाद और प्रवास कार्यक्रमों पर बल दिया।

हरिद्वार स्थित एक होटल में सांसद एवं विधायकों की बैठक के दौरान मंचासीन भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व अन्‍य।

उत्तराखंड में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा चुनावी मोड में आ गई है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपने दो दिवसीय प्रवास के पहले दिन प्रांतीय पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों और मोर्चों के अध्यक्षों व महामंत्रियों की बैठक में चुनाव में जीत का मंत्र दिया। उन्होंने प्रदेश से शक्ति केंद्र स्तर तक प्रत्येक 15 दिन में प्रवास कार्यक्रमों पर जोर दिया। साथ ही बूथ स्तर तक पिछले चार चुनावों (दो लोकसभा व दो विधानसभा) के नतीजों का राजनीतिक विश्लेषण कर चुनाव में जीत के लिए कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी क्षेत्र में कोई बड़ा मुद्दा है, जो मुख्यमंत्री की घोषणा अथवा घोषणापत्र में शामिल हो सकता है, उसे सूचीबद्ध किया जाए।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने अपने प्रवास के पहले दिन हरिद्वार स्थित एक होटल में सर्वप्रथम प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों और मोर्चा अध्यक्षों व महामंत्रियों के साथ बैठक की। उन्होंने जनता के साथ अधिकाधिक संवाद और प्रवास कार्यक्रमों पर बल दिया। सूत्रों के अनुसार उन्होंने कहा कि चुनावी साल में कार्य कैसे चल रहे हैं, इनमें क्या सुधार हो सकता है, इस पर सभी को चिंतन-मनन करना है। प्रवास कार्यक्रमों को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक 15 दिन में प्रदेश पदाधिकारियों को जिलों में, जिला पदाधिकारियों को मंडल और मंडल के कार्यकर्त्‍ताओं को बूथ स्तर तक प्रवास करना चाहिए। इसकी पूर्व सूचना प्रांतीय नेतृत्व को अवश्य होनी चाहिए।

वीडियो व फोटोग्राफी भी करें

नड्डा ने कहा कि प्रवास के दौरान होने वाली बैठकों की कार्यकर्त्‍ताओं को रिपोर्टिंग भी करनी है। इसके लिए बैठकों की वीडियो व फोटोग्राफी अवश्य करें। प्रवास कार्यक्रमों का प्रारूप भी बनना चाहिए। सितंबर से रिपोर्टिंग का क्रम शुरू हो जाना चाहिए।

बी व सी श्रेणी पर करें खास फोकस

भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने बूथ स्तर पर पिछले चार चुनावों के नतीजों का विश्लेषण कर इसके आधार पर तय किया जाए कि चुनाव में जीत को हम क्या-क्या कर सकते हैं। इसे लेकर कार्य हुआ या नहीं, वह इसकी जानकारी लेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव की दृष्टि से वोटर की तीन श्रेणियां हैं। ए श्रेणी का वोटर पार्टी का पक्का वोटर है। बी श्रेणी का वोटर माहौल देखकर चलता है, जबकि सी श्रेणी में यह देखा जाना चाहिए कि कांग्रेस का वोटर कौन सा है। उन्होंने कहा कि संवाद सभी वोटर से जरूरी है, लेकिन बी व सी श्रेणी पर खास फोकस होना चाहिए। उन्होंने पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति के साथ ही बूथ पर योजना बनाकर वोटर लिस्ट का विश्लेषण करने को भी कहा। पन्ना प्रमुख प्रत्येक वोटर से निरंतर संवाद रखे। साथ ही पन्ना प्रमुखों के साथ पदाधिकारी संवाद करें। यह भी देखें तक किस क्षेत्र में ऐसे कौन-कौन से लोग हैं, जो 50-100 वोटर पर पकड़ रखते हैं। इनकी सूची बनाई जानी चाहिए।

 दून पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत, जगह-जगह उमड़े कार्यकर्ता; भव्य स्वागत


विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंंचे हैं। वे हरिद्वार में छह बैठकों और दो कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा उत्तराखंड पहुंच गए हैं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उनकर भव्य स्वागत हुआ। इसके बाद वे हरिद्वार पहुंचे। यहां नड्डा पार्टी की चुनावी तैयारी का जायजा लेंगे। दो दिन में छह बैठकों व दो कार्यक्रमों के दौरान वह न केवल प्रदेश भाजपा संगठन व सरकार की तैयारियों की थाह लेंगे, बल्कि विभिन्न स्रोत से हासिल फीडबैक के आधार पर जरूरी दिशा-निर्देश भी देंगे। माना जा रहा है कि मंत्रियों और विधायकों की परफार्मेंस रिपोर्ट पर भी इन बैठकों में गहन मंथन किया जाएगा।

 

बारिश में भी कम नहीं हुआ कार्यकर्ताओं का उत्साह

जेपी नड्डा के धर्मनगरी पहुंचने पर कार्यकर्ताओं की ओर से जोरदार स्वागत किया गया। अपने अध्यक्ष के स्वागत में कार्यकर्ताओं का उत्साह इस कदर था कि लगातार हो रही बारिश के बावजूद वह स्वागत में सड़क पर डटे रहे।हालांकि, राष्ट्रीय अध्यक्ष के होटल में प्रवेश करने के बाद कार्यकर्ता फ्लाईओवर के नीचे हाथों में तख्तियां लेकर जेपी नड्डा जिंदाबाद, भाजपा जिंदाबाद आदि नारेबाजी करते नजर आए। वहीं, नेता की एक झलक पाने को होटल के सामने बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता डटे रहे।

 बारिश से पड़ा व्यवधान

लगातार हो रही बारिश के चलते हरिद्वार में कार्यक्रम में थोड़ा व्यवधान भी देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए भोजन की व्यवस्था होटल परिसर में खुले में की गई थी, लेकिन बारिश के चलते इसे फ्लाईओवर के नीचे शिफ्ट कर दिया गया है। फ्लाईओवर के नीचे ही भोजन पकाने का कार्य चल रहा है।

चुनाव को कम वक्त, तो तैयारी हुई तेज

उत्तराखंड में अब विधानसभा चुनाव को केवल छह-सात महीने का ही वक्त शेष है। उत्तराखंड की चौथी विधानसभा का गठन 21 मार्च 2017 को हुआ था। अगले वर्ष 21 मार्च से पहले पांचवीं विधानसभा अस्तित्व में आ जाएगी। इस लिहाज से देखें तो जनवरी-फरवरी में विधानसभा चुनाव संभावित हैं। चुनाव को काफी कम वक्त बचा है तो भाजपा ने अब अपनी पूरी ताकत झोक दी है। पिछले कुछ महीनों के दौरान सरकार में दो बार नेतृत्व परिवर्तन और संगठन में बदलाव पार्टी की चुनावी रणनीति का ही हिस्सा था।

पिछला प्रदर्शन दोहराने की बड़ी चुनौती

गत जून में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष प्रदेश भाजपा की चुनावी तैयारी का जायजा ले चुके हैं। अब राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एक तरह से चुनावी रणनीति पर मुहर लगाने के लिए उत्तराखंड आऐ हैं। दरअसल, भाजपा के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती अपना पिछला प्रदर्शन दोहराना है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 70 में से 57 सीटें जीती थी। अब यही प्रदर्शन उत्तराखंड भाजपा के लिए कसौटी बन गया है। यही वजह है कि पार्टी अपनी तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती।

मिले फीडबैक पर चर्चा, तय होगा भविष्य

सूत्रों के मुताबिक हरिद्वार में दो दिन होने वाली बैठकों में मंत्रियों व विधायकों के साढ़े चार साल के कामकाज का रिपोर्टकार्ड भी रखा जाना है। भाजपा चुनावी राज्यों में लगातार सर्वे करा रही है। इनके जरिये एकत्र जानकारी के आधार पर मंत्रियों व विधायकों के प्रदर्शन का आकलन किया जा रहा है। इसमें उनकी उपलब्धियों के साथ ही खामियों का भी जिक्र होगा। चुनाव से पहले खामियों को दूर करने के लिए जरूरी दिशा निर्देश दिए जाएंगे। कुछ महीनों बाद पार्टी को मिले फीडबैक के आधार पर मौजूदा विधायकों का भविष्य तय होगा।

उपलब्धियों और चुनावी मुद्दों पर मंथन

विधानसभा चुनाव में केंद्र व राज्य सरकार की किन उपलब्धियों के बूते मैदान में उतरा जाए, इस पर भी बैठकों में मंथन किया जाएगा। साथ ही सांसदों, विधायकों, संगठन के पदाधिकारियों और अन्य जनप्रतिनिधियों से चुनाव के लिए प्रभावी रहने वाले मुद्दों पर भी राय ली जाएगी, ताकि पार्टी इन्हीं के मुताबिक अपनी रणनीति को अंतिम रूप दे सके। सूत्रों का कहना है कि भाजपा चुनाव से पहले के छह-सात महीनों के दौरान मुद्दों को लेकर खास रणनीति तैयार कर रही है, ताकि विपक्ष के हमलों की धार को कुंद किया जा सके।

नड्डा के दूसरे दिन के कार्यक्रम

शनिवार को भाजपा अध्यक्ष नड्डा सुबह 10 बजे रायवाला में पूर्व सैनिकों से संवाद एवं सैनिक सम्मान कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद नड्डा पौने 12 बजे हरिद्वार स्थित होटल में जनप्रतिनिधियों की बैठक लेंगे। इसमें जिला पंचायत अध्यक्ष, महापौर, ब्लाक प्रमुख, नगर पालिका व नगर पंचायतों के अध्यक्ष मौजूद रहेंगे। दोपहर दो बजे कोर ग्रुप की बैठक होगी। इसके बाद भाजपा अध्यक्ष साधु-संतों के अभिनंदन एवं आशीर्वाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम को वह दिल्ली रवाना हो जाएंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *