दिल्ली हनुमान जन्मोत्सव: मस्जिद से हुए पथराव से शुरू हुआ बवाल

दिल्ली पुलिस की FIR में हिंसा की कहानी:जामा मस्जिद के पास रोकी गई थी हनुमान जन्मोत्सव की शोभायात्रा, बहस के बाद हुआ बवाल

जहांगीरपुरी में हनुमान जन्मोत्सव की शोभायात्रा पर हुए हमले की FIR पुलिस ने दर्ज की है। थाने के पुलिस अधिकारी राजीव रंजन सिंह ने FIR में जो कहानी बताई है, उसके अनुसार जामा मस्जिद के पास शोभायात्रा पहुंचते ही कुछ लोगों ने बहस शुरू कर दी थी। बहस इतनी बढ़ी कि देखते-ही-देखते पथराव शुरू हो गया, जिसके बाद हिंसा भड़क गई।

बहस के बाद शुरू हुआ पथराव

FIR में बताया गया है- थाना जहांगीरपुरी के इलाके में हनुमान जन्मोत्सव की शोभा यात्रा निकाली जा रही थी। शनिवार शाम 04:15 PM पर शोभायात्रा जहांगीरपुरी से शुरू हुई, जो BJRM हॉस्पिटल रोड, BC मार्केट, कुशल चौक होते हुए महेंद्र पार्क पर समाप्त होनी थी। शोभायात्रा शांतिपूर्वक तरीके से चल रही थी।

शाम करीब 6 बजे जैसे ही शोभायात्रा जामा मस्जिद के पास पहुंची तो अंसार नाम का एक शख्स अपने 4-5 साथियों के साथ आया और शोभायात्रा में शामिल लोगों से बहस करने लग गया। बहस ज्यादा बढ़ने के कारण दोनों पक्षों में पथराव शुरू हो गया, जिसके कारण शोभायात्रा में भगदड़ मच गई।

पुलिस समझाती रही, लोग पत्थर फेंकते रहे

हंगामे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पथराव रोकने और शांति बनाए रखने की अपील करते हुए दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर अलग अलग कर दिया। कुछ ही मिनट के बाद दोनों पक्षों की ओर से अचानक फिर से नारेबाजी और पथराव शुरू हो गया। हालात बिगड़ते देख और पुलिस फोर्स बुलाया गया।

आंसू गैस के गोले छोड़कर हालात काबू किए

पुलिस की लगातार अपील के बाद भी एक पक्ष लगातार पत्थरबाजी करता रहा। हालात को काबू करने के लिए पुलिस ने 40-50 आंसू गैस के गोले दागे ताकि भीड़ को तितर-बितर किया जा सके। भीड़ की ओर से पुलिस पर फायरिंग और पथराव किया गया। थाना जहांगीरपुरी के SI मेदालाल के बाएं हाथ में गोली लगी। पथराव में 6-7 पुलिसकर्मियों व एक नागरिक को गंभीर चोटें आई हैं।

उपद्रव कर रहे लोगों ने एक स्कूटी में आग लगा दी और 4-5 गाड़ियों में तोड़-फोड़ कर दी। उपद्रवियों ने शोभायात्रा पर हमला तो किया ही, साथ ही प्राइवेट प्रॉपर्टी भी जला दी। FIR दर्ज कराने वाले सब इंस्पेक्टर राजीव रंजन ने बताया कि बवाल में उन्हें भी चोट आई है।

मौके पर पत्थर, बोतलें और क्षतिग्रस्त वाहन मिले

जांच अधिकारी जहांगीरपुरी थाने के सब इंस्पेक्टर राजेश ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचे तो वहां पत्थर, टूटी हुई बोतलें, क्षतिग्रस्त वाहन पड़े थे। लोगों से पूछताछ में पता चला है कि बवाल में कई लोग घायल हुए, जो अपना इलाज प्राइवेट अस्पतालों में करा रहे हैं।

उपद्रवियों ने राशन का ट्रक लूटा; मस्जिद की छत से पत्थर फेंकने की शुरुआत हुई

दिल्ली के जहांगीरपुरी में हनुमान जन्मोत्सव पर निकाली जा रही शोभायात्रा पर पथराव हुआ था। शनिवार शाम 6 बजे हुई हिंसा के बाद पुलिस ने देर रात एक्शन शुरू कर दिया। दिल्ली पुलिस पथराव के वीडियो फुटेज के आधार पर घटना के जिम्मेदार आरोपियों को चिह्नित कर रही है। उपद्रवियों ने न केवल पत्थरबाजी की बल्कि गाड़ियों में आगजनी करते हुए सरकारी राशन की गाड़ी को भी लूटा।

पुलिस का दावा है कि शुरुआती जांच के मुताबिक पत्थरबाजी की शुरुआत मस्जिद की छत से हुई थी। पथराव और फायरिंग से हिंसा भड़काने की कोशिश की गई। पुलिस के मुताबिक 14 गिरफ्तार आरोपियों के अलावा लगभग 30 लोगों को शक के आधार पर हिरासत में लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक मस्जिद से पथराव शुरू हुआ। वहां भारी फोर्स तैनात है।
घटनाक्रम के मुताबिक जहांगीरपुरी में डी ब्लॉक के लोगों ने ये शोभायात्रा जहांगीरपुरी पुलिस स्टेशन के पास से शुरू की थी और सी ब्लॉक होते हुए कुशक सिनेमा के पास पहुंचे। पुलिस के मुताबिक उसी दौरान उन पर अचानक से बड़ी संख्या में पत्थर बरसने शुरू हो गए।

दावा है कि स्थानीय लोगों से मिले वीडियो में यह साफ दिख रहा है कि मुस्लिम समुदाय के लोग अपनी छतों से पत्थर फेंक रहे हैं। इसके बाद हिंसा ने विकराल रूप ले लिया। पुलिस ने अब तक सैकड़ों वीडियो फुटेज खंगाल डाले हैं और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को चिह्नित किया जा रहा है।

शोभा यात्रा के समय मौजूद थी पुलिस

पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज में साफ दिख रहा है कि जब शोभायात्रा मस्जिद के सामने से निकल जाती है तब पीछे से कुछ युवा उस पर पत्थरबाजी शुरू करते हैं और फिर छतों से देखते ही देखते पत्थरों की बरसात हो जाती है।

पत्थरबाजों को रोकने के लिए शोभायात्रा के साथ चल रहे पुलिस वाले अपनी तरफ से पूरी कोशिश भी करते हैं, लेकिन उपद्रवी उन्हें भी नहीं बख्शते, जिसका नतीजा होता है कि कई पुलिस वाले भी इस दौरान घायल हुए हैं। एक सब इंस्पेक्टर गोली लगने से घायल हुआ।

पुलिस की 10 टीमें कर रहीं जांच

पुलिस ने आरोपितों को चिह्नित करने को 10 टीमें बनाई हैं। पूरी जांच क्राइम ब्रांच के जिम्मे है। उपद्रवियों की तलाश में पुलिस चिह्नित घरों पर छापामारी भी कर रही है।

आसपास सुरक्षा कड़ी की गई

जहांगीरपुरी से सटे इलाकों में भी फोर्स बढ़ा दी गई है। यहां जेएनयू पर भी पुलिस का पहरा है। वहीं उत्त्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा और गाजियाबाद में हालात पर नजर रखने का पुलिस और प्रशासन को निर्देश दिया है। वहीं पुलिस ने उन इलाकों में फ्लैग मार्च भी किया है।

जहांगीरपुरी की डेमोग्राफी

जहांगीरपुरी के जिस इलाके में यह घटना हुई है वह दो भागों में बंटा हुआ है। सी ब्लॉक मुस्लिम बहुल्य है। वहां एक मस्जिद है। अधिकांश लोग कचरा बीनने, कबाड़ी और ई-रिक्शा चलाने से जुड़े हुए हैं। यहां लगभग पूरी सड़क पर उनका कब्जा है। दूसरी तरफ जी ब्लॉक है, जहां हिंदू समुदाय के लोग बहुतायत में रहते हैं।

जहांगीरपुरी में रात के सन्नाटे में पुलिस की गाड़ियों के सायरन गूंजते रहे। रात में ही कई जगहों पर पुलिस ने छापे मारे और धर-पकड़ की कार्रवाई शुरू की।

‘किसी को उम्मीद नहीं थी पत्थरबाजी की’

शोभायात्रा निकालने वाले स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल की तहर इस बार भी थाने के पास से शोभायात्रा सी ब्लॉक होते हुए कुशक सिनेमा से जी ब्लॉक में पहुंचने वाली थी लेकिन मस्जिद के सामने से गुजरने पर हमारे ऊपर छतों से पत्थर फेंके गए, जिससे अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते स्थानीय मुसलमान भारी संख्या में इकट्ठा हो गए। जिन पुलिस वालों की ड्यूटी शोभायात्रा के साथ लगी थी, उन्होंने उपद्रवियों को रोकने की कोशिश की लेकिन उनकी संख्या कम थी, जिसके चलते पुलिस वाले भी घायल हुए। उपद्रवियों ने न केवल पत्थरबाजी की बल्कि गाड़ियों में आगजनी करते हुए सरकारी राशन की गाड़ी को भी लूटा।

‘झंडे लेकर घुसे लोग, तब तनाव बढ़ा’

दिल्ली के सदर जमीयत उलेमा मोहम्मद आबिद कासमी ने
कहा कि वह घटना के वक्त मौजूद तो नहीं थे, लेकिन उन्होंने यहां पहुंचकर तहकीकात की। उसमें पता चला कि मस्जिद के सामने शोभायात्रा का DJ रोककर बजाया जा रहा था और कुछ लोग झंडे लेकर मस्जिद में घुस गए थे, जिससे तनाव बढ़ गया। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले के लिए पुलिस और प्रशासन दोषी है, जिन्होंने पुख्ता इंतजाम नहीं किए थे। हालांकि, पत्थरबाजी के सवाल पर वह जवाब देने से बचते नजर आए।

पुलिस ने जांच शुरू की, अफवाहों से बचने को कहा

स्पेशल पुलिस कमिश्नर दीपेंद्र पाठक ने देर रात मीडिया से बातचीत में कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच शुरू हो चुकी है। हालात पूरी तरह काबू में हैं। हम लगातार अपील कर रहे हैं कि लोग किसी तरह की अफवाहों पर ध्यान ना दें। पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल वहां मौजूद है। साथ ही उन्होंने यह भी पुष्टि की कि हमने हत्या के प्रयास के अलावा धार्मिक दंगे भड़काना और सरकारी कर्मचारियों पर हमले के अलावा कई अन्य धाराएं मुकदमे में जोड़ी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *