कानपुर भेजे गए एनकाउंटर स्पेशलिस्ट अजयपाल शर्मा, दोषियों पर NSA

कानपुर हिंसा का दूसरा दिन LIVE:मास्टरमाइंड हयात जफर अरेस्ट, पुलिस कमिश्नर ने कहा अब तक 36 उपद्रवियों की पहचान हुई; NSA लगेगी

कानपुर 04 जून। (आदित्य द्विवेदी/दिलीप सिंह)
कानपुर के बेकनगंज में हुई हिंसा के मास्टरमाइंड हयात जफर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस कमिश्नर विजय सिंह मीना शनिवार दोपहर मीडिया के सामने आए। उन्होंने कहा कि कानपुर का माहौल खराब करने वालों पर NSA और गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी। उनकी संपत्तियों पर बुलडोजर चलाया जाएगा।

कानपुर हिंसा के मुख्य आरोपित हयात जफर हाशिमी, जावेद अहमद खान, मौहम्मद राहिन और मौहम्मद सूफियान को गिरफ्तार किया गया है। बवाल के बाद मुख्य आरोपित कानपुर छोड़कर भाग निकले थे। आरोपित जावेद एशियन वायर पोस्ट यूट्यूब चैनल चलाता है। जिसका ऑफिस लखनऊ के हजरतगंज में बनाया है। इसी सेफ हाउस में वो अपने साथियों के साथ छिपा हुआ था। उनके पास से 6 मोबाइल फोन और कुछ अहम दस्तावेज मिले हैं जिसकी फोरेंसिक जांच हो रही है। पूछताछ में 5 से 6 नए नाम भी सामने आए हैं। उनके बैंक खातों के ट्रांजैक्शन जांचे जा रहे हैं। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि पीएफआई कनेक्शन भी तलाश किया जा रहा है।

आगे की जांच के लिए कोर्ट से आरोपितों की 14 दिन की न्यायिक हिरासत की मांग की गई लेकिन कोर्ट ने सभी को सीधे जेल भेज दिया।

कानपुर पुलिस ने बवाल के 12 घंटे के अंदर 24 आरोपितों को पकड़ लिया है। वीडियो फुटेज से 36 आरोपियों की पहचान हुई है। पूछताछ जारी है, पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।

हिंसा के मुख्य आरोपित हयात की पत्नी ने कहा कि उन्होंने बंद का ऐलान वापस लिया था। 3 जून की रात 9 बजे के बाद हयात की कोई जानकारी नहीं है। पुलिस भी कुछ नहीं बता रही है।
बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद ने परेड चौराहे पर हनुमान चालीसा पाठ कराने का आह्वान वापस लिया। संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद तिवारी ने यह जानकारी दी।
सुन्नी उलमा काउंसिल के महासचिव हाजी सलीस ने कहा कि अखिलेश यादव ऐसे मुद्दों पर राजनीति करना बंद करें। हिंसा के समय सपा विधायकों ने लोगों को क्यों नहीं समझाया?
ADG लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने बताया कि लखनऊ से 3 SP रैंक के अधिकारी भेजे गए हैं। कानपुर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारी भी हर गतिविधि पर नजर रखे हैं।
कानपुर उपद्रव मामले में PFI कनेक्शन, पुलिस प्रशासन के साथ खुफिया एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। फोटो और वीडियो के जरिए उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।
हिंसा वाली जगह के दो किलोमीटर दायरे में 1,100 जवान सुरक्षा में तैनात हैं। इसके अलावा शहर में भी पुलिस फ्लैग मार्च कर रही है।
कानपुर में हिंसा को देखते हुए पुराने लखनऊ में पुलिस ने किया पैदल मार्च। DCP वेस्ट सोमेन वर्मा ने शांति बनाए रखने की अपील की।
भाजपा सांसद सत्यदेव पचौरी ने अपील की। कहा, हमारा नगर जाति-धर्म, राजनीति से परे है। षड्यंत्र में माहौल को बिगाड़ने की कोशिश हुई।
तनावपूर्ण स्थिति के बीच रात 2 बजे यतीमखाना की सड़क पर पुलिस कमिश्नर और DM ने फ्लैग मार्च किया।
पुलिस कमिश्नर विजय मीणा ने बताया कि अब तक 36 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। 45 नामजद और 1000 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया गया है।
पुलिस कमिश्नर विजय सिंह मीणा के साथ बैठक करते IPS अजय पाल शर्मा (दाएं)। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सर्च ऑपरेशन के बारे में चर्चा की।

आइए एक-एक कर जानते हैं कि तीनों FIR में क्या है…

FIR नंबर-1 : थाना प्रभारी नवाब अहमद की तहरीर केस

हयात जफर हाशमी, एहितशाम कबाड़ी, जीशान, आकिब, निजाम कुरैशी, आदिल, इमरान कालिया, शहरयान, जौहर फैंस एसोसिएशन का युसुफ मंसूरी जांहर और आमिर जावेद, मुदस्सिर, मोहम्मद आजाद, जीशान एवेंजर, अब्दुल सकील, इरफान चड्‌डी, शेरा, सफी, अरफित आसिफ रैना का भाई, इसराईल, अकील खिचड़ी, अदनान, परवेज उर्फ चिक्कन, शादाब शोएब का भाई, इसरत अली, मौहम्मद राशिद, अलीशान, नासिर, आशिक अली, मौहम्मद आकिब, मौहम्मद साजिद, अनस, शाहिद, बिलाल, हाजी मौहम्मद  नासिर, हबीब, रहमान समेत सैकड़ों अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज हुई।

FIR नंबर- 2 : दरोगा मौहम्मद आसिफ रजा की तहरीर पर केस

मुख्य आरोपित मौलाना मोहम्मद अली जौहर फैंस एसोसिएशन का राष्ट्रीय अध्यक्ष हयात जफर हाशमी, आदिल, इमरान कालिया, सहरयान, जौहर फैंस एसोसिएशन का युसुफ अंसारी और आमिर जावेद, अब्दुल शकील, अर्फित आसिफ रैना का भाई, इसराइल, नासिर, आशिक अली, मौहम्मद आकिब, मौहम्मद साजिद, अनस, साहिद, बिलाल, हाजी मौहम्मद  नासिर, हबीब, रहमान समेत सैकड़ों अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज हुई।

FIR नंबर-3 : चंद्रेश्वर हाते में रहने वालों ने अज्ञात पर दर्ज कराया केस

चंद्रेश्वर हाते में रहने वाले घायल मुकेश की तहरीर पर बेकनगंज थाने की पुलिस ने भीड़ के खिलाफ मारपीट, बलवा, धार्मिक उन्माद फैलाने, हत्या का प्रयास समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। इसमें किसी को भी नामजद नहीं किया गया है।

IPS अजय पाल ने कानपुर हिंसा की संभाली कमान

कानपुर हिंसा की जांच के लिए लखनऊ से एनकाउंटर स्पेशलिस्ट IPS अजय पाल शर्मा को भेजा गया है। शुक्रवार रात अजय पाल कानपुर पहुंच कर अफसरों के साथ बैठक की। इलाके का भ्रमण करके पूरे मामले को समझा। देर रात तक उनकी मॉनिटरिंग में ही आरोपियों के खिलाफ एक ऑपरेशन देर रात में ही शुरू कर दिया। हिंसा मामले में अब तक 3 FIR दर्ज हो चुकी हैं। दो FIR पुलिस ने दर्ज की हैं। एक यतीमखाना के पास चंदेश्वर हाते में रहने वाले लोगों ने दर्ज करवाई है।

हिंसा के 24 घंटे पहले की कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही
पुलिस का कहना है कि कानपुर हिंसा में कई नेता जांच के दायरे में हैं। नेताओं ने सियासी लाभ लेने की साजिश रची थी। घटना के 24 घंटे पहले की कॉल डिटेल्स कुछ नेताओं की पुलिस खंगाल रही है। बुलडोजर की कार्रवाई के खौफ से गिरफ्तार लोग हिंसा के पीछे की वजह कबूल दे रहे हैं। उधर, अन्य इलाकों में पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। युवाओं के जमावड़े वाली जगह पर कुछ बवाल हुआ तो इसके जिम्मेदार थानेदार होंगे।

हिंसा में शामिल लोगों की प्रॉपर्टी पर बुलडोजर चलाया जा सकता है। दरअसल, CM योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर देर रात हाई लेवल मीटिंग के बाद यह आदेश दिया है। 3 जून को बेकनगंज इलाके के यतीमखाना बाजार में जुमे की नमाज बाद करीब 1,000 लोगों ने 5 घंटे तक उपद्रव किया। पथराव, तोड़फोड़ कर दुकानें लूट ली। पुलिस को उन्हें रोकने को लाठीचार्ज करना पड़ा।

दंगे के दौरान यहां से करीब 50 किमी दूर कानपुर देहात के परौंख गांव में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद मौजूद थे। साथ में, PM नरेंद्र मोदी, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और CM योगी आदित्यनाथ भी थे। बताया जा रहा है कि इस हिंसा की असल कहानी आज से ठीक 9 दिन पहले शुरू हो गई थी। पूरा घटनाक्रम सिलसिलेवार समझिए….

दुकानों को जबरन बंद कराने से भड़की हिंसा

नौ दिन पहले यानी 26 मई को एक न्यूज चैनल पर ज्ञानवापी मामले को लेकर डिबेट में भाजपा नेता नूपुर शर्मा भी मौजूद थीं। डिबेट में मौहम्म्द जुुुबेर के सवाल पर नूपुर ने पैगंबर मोहम्मद पर एक बयान दिया। नूपुर शर्मा के इस बयान पर कई मुस्लिम संगठनों ने नाराजगी जताई।

27 मई को मौलाना मोहम्मद अली जौहर फैंस एसोसिएशन के अध्यक्ष हयात जफर हाशमी ने बाजार बंद का आह्वान किया। नूपुर के बयान पर कानपुर में पोस्टर लगाए गए। 28 मई को हयात की तरफ से 3 मई को जेल भरो आंदोलन का आह्वान किया गया।

29 मई को मुस्लिम इलाके के हजारों लोगों ने हयात को अपना समर्थन दिया। 30 मई को हयात ने मुस्लिम समुदाय के लोगों के साथ बैठक की। 1 जून को हयात ने 5 जून तक बंदी और जेल भरो आंदोलन टाल दिया, लेकिन बाजार में लगे 3 जून के बंदी के पोस्टर नहीं हटाए गए।

2 जून को बेकनगंज इलाके में फिर दुकानों को बंद करने की अपील की गई। मस्जिदों में हुई तकरीरों में कहा गया कि वो लोग पैगंबर मोहम्मद पर की गई किसी भी टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं करेंगे।

बेकनगंज इलाके में हुई हिंसा की खबर लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उपद्रवियों को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज कर दिया।

भीड़ में शामिल अराजक तत्वों ने चलाईं गोलियां, फिर बेकाबू हो गया माहौल

3 जून को सुबह से ही बेकनगंज में असहज करने वाला सन्नाटा था। इलाके में ज्यादातर दुकानें मुस्लिम समुदाय के लोगों की थी। जो बंद रखी गई थीं, लेकिन यतीमखाना के पास के बाजार में कुछ हिंदू दुकानदारों ने दुकानें खोली थीं।

दोपहर 1:45 बजे यतीमखाना के पास की मस्जिद में जुमे की नमाज अदा की गई। 2.30 बजे के करीब नमाज के बाद लोग बाहर निकले और सीधे बाजार में खुली हुई दुकानों को जबर्दस्ती बंद कराने लगे।

डीसीपी क्राइम सलमान ताज पाटिल, पुलिस कमिश्नर विजय सिंह मीणा और एडिशनल सीपी आनंद प्रकाश तिवारी ने हिंसा वाली जगह सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

हिंदू दुकानदारों ने दुकाने बंद करने से मना किया, तो लोगों के बीच शामिल कुछ अराजक तत्वों ने सबसे पहले चंद्रेश के हाता में घुसकर पथराव शुरू कर दिया। जिसके बाद पूरे इलाके का माहौल बिगड़ गया। इसी बीच भीड़ में शामिल कुछ शरारती तत्वों ने तमंचों से फायर किए।

दोपहर 3 बजे तक बाजार से शुरू हुई घटना अब बवाल की शक्ल ले चुकी थी। देखते ही देखते परेड चौराहा पर करीब एक हजार लोग इकट्‌ठा हो गए। बवाल शुरू होने के बाद स्थितियां तेजी से बेकाबू हुईं। पुलिस तंग गलियों में घुसकर कार्रवाई नहीं कर पा रही थी।

संकरी गलियों में पुलिस बेबस नजर आई

ज्यादातर पत्थर फेंकने वालों ने अपने चेहरे ढंके हुए थे। CCTV और सोशल मीडिया पर सर्कुलेट हुए फुटेज के आधार पर इनकी पहचान की जा रही है।

संकरी गलियों में लोग रुक-रुककर पथराव कर रहे थे। पुलिस ने लोगों को नियंत्रित करने के लिए कई राउंड फायर किए। लाठीचार्ज करके लोगों को गलियों में खदेड़ा गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए करीब 12 थानों का फोर्स मौके पर भेजा गया।

करीब 5 घंटे तक चले उपद्रव के बाद स्थितियां काबू में आ गईं। पुलिस ने 18 उपद्रवियों को हिरासत में लिया। इस पथराव में करीब 7 लोग घायल हुए हैं। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

कानपुर में हुई हिंसा के बाद देर रात CM ने गोरखपुर मंदिर से वर्चुअल बैठक की। इसके बाद बेकनगंज थाने में 1,040 उपद्रवियों के खिलाफ 2 FIR दर्ज की गईं। बवाल के मुख्य आरोपित हयात जफर हाशमी समेत 40 लोगों के नाम दर्ज किए गए हैं, जबकि करीब 1,000 बवालियों की पहचान की जानी बाकी है।

पुलिस ने देर रात तक ताबड़तोड़ दबिश देकर 15 और आरोपियों को हिरासत में लिया है। सभी से पूछताछ की जा रही है। सभी आरोपितों को शनिवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा।

पुलिस खुफिया तंत्र पर मायावती का सवाल

मायावती ने हिंसा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाया है। मायावती ने शनिवार को सोशल मीडिया पर लिखा, “राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के UP दौरे के दौरान ही कानपुर में दंगा और हिंसा भड़कना चिंताजनक और पुलिस खुफिया तंत्र की विफलता को दिखाता है। सरकार इस घटना की धर्म, जाति से ऊपर उठकर जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।”

उपद्रवियों ने पुलिस पर भी पथराव किया। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया।

अब वायरल वीडियो और CCTV फुटेज पुलिस के हथियार


कानपुर पुलिस कमिश्नर विजय सिंह मीणा ने बताया कि उपद्रवियों के खिलाफ धार्मिक उन्माद फैलाने, बलवा, जानलेवा हमला करने, हिंसा फैलाने जैसी धाराओं में FIR दर्ज की गई है। उपद्रवियों की पहचान के लिए वायरल वीडियो और CCTV फुटेज की मदद ली जा रही है।

गैंगस्टर की कार्रवाई, संपत्ति पर चलेगा बुलडोजर

कानपुर पुलिस कमिश्नर विजय सिंह मीणा ने बताया कि कानपुर हिंसा के एक-एक आरोपी को चिह्नित करके उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हो रही है। इसके साथ ही उनकी संपत्ति पर बुलडोजर चलेगा। शासन को पूरे मामले की रिपोर्ट भेज दी गई है।

हिंसा के बाद परेड चौराहा से लेकर मूलगंज चौराहा और पेंचबाग, नई सड़क, इफ्तखाराबाद, बकरमंडी समेत आसपास के इलाकों में 50 PRV बाइक रात भर गश्त करती रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *