कृषि कानून वापसी को कांग्रेस का राजभवन को धावा

देहरा दून 15 जनवरी। कृषि कानून वापस लेने की मांग को लेकर जारी किसान आंदोलन के समर्थन में शुक्रवार को कांग्रेस दून में राजभवन के घेराव के लिए निकली। कांग्रेस की इस प्रदर्शन रैली में सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिससे राजधानी में जाम की स्थिति पैदा हो गई। इस दौरान हाथी बड़कला चौक पर भारी पुलिस फोर्स तैनात रही। कूच के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोंकझोंक भी हुई।


इस दौरान कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। वहीं कांग्रेस के मंच और पोस्टरों में जगह न मिलने की शिकायत करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत बागेश्वर में किसानों और बेरोजगारों के समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ उपवास पर बैठे।

विधानसभा चुनाव की तैयारी के बीच कांग्रेस इस प्रदर्शन के जरिये अपनी ताकत का अहसास कराने की भी कोशिश कर रही है। इस बाबत गुरुवार को कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में राजभवन घेराव के कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया गया।

इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष डाक्टर इंदिरा हृदयेश भी शामिल हुईं। प्रीतम सिंह ने पार्टी के विधायकों, पूर्व विधायकों, प्रदेश पदाधिकारियों जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों से फोन पर बातचीत की और उनसे प्रदर्शन में शामिल होने वाले कांग्रेसियों की जानकारी हासिल की।

कांग्रेस ने राजभवन घेराव में प्रदेश भर से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को शामिल होने को कहा था। प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव भी प्रदर्शन में शामिल रहे।

महामंत्री संगठन विजय सारस्वत ने बताया कि दोपहर पूर्व कांग्रेस मुख्यालय में कार्यकर्ताओं का आना हुआ। यहां से प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजभवन की ओर जुलूस के रूप में कूच किया। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष मदन बिष्ट, महामंत्री नवीन जोशी,राजेंद्र शाह,याकूब सिद्धिकी,महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरिता आर्या,महानगर अध्यक्ष लालचंद सहित अन्य शामिल थेे।

कांग्रेस ने कहा-वापिस को कृषि कानून

कांग्रेस ने किसान अधिकार दिवस मनाकर सरकार के खिलाफ हल्ला बोला। उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव और प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने राजभवन तक कूच किया। वहीं, जुलूस में उत्तराखंड के पारंपरिक वाद्य यंत्र, ढोल, दमाई, रणसिंगा आदि भी नजर आए। राजभवन कूच काे लेकर कांग्रेस काफी आक्रामक दिखाई दी। शुक्रवार सुबह से राजपुर रोड स्थित कांग्रेस भवन में कार्यकर्ता जुटने लगे।

प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। कांग्रेसियों ने केंद्र व राज्य सरकारों के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। दोपहर कांग्रेस भवन से कांग्रेसियों ने जुलूस निकाला। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी संख्या को देखते हुए पुलिस ने हाथीबड़कला बैरियर लगाकर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया था। प्रदर्शन के दौरान, पुलिसकर्मियों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोंकझोंक भी हुई। कांग्रेस कार्यकर्ता बैरियर पर धरने पर बैठ गए। कार्यकताओं ने कहा कि सरकार किसानों की आवाज को दबाना चाहती है जो किसी भी सूरत में नहीं होने दिया जाएगा।

वहीं, कांग्रेसियों की जुलूस की वजह से राजधानी देहरादून में जगह-जगह जाम लग गया था। पुलिस को कड़ी मशक्कत से ट्रैफिक को कंट्रोल करना पड़ा। हालांकि, कूच को देखते हुए शहर में ट्रैफिक डायवर्ट किया लेकिन शहरवासियों को जाम से कोई निजात नहीं मिल पाई। यातायात निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि यातायात संचालन के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। ट्रैफिक को प्रेमनगर, बल्लूपुर, चकराता रोड, घंटाघर, दर्शनलाल चौक, लैंसडौन चौक, कनक चौक आदि क्षेत्रों में डायवर्ट किया गया। यहीं नहीं, प्रदर्शन को आने वाले कांग्रेसियों के लिए पार्किंग के लिए भी जगह चिन्हित की गई थी।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि आज राजभवन घिराव में उमड़ी भीड़ ने साबित कर दिया है कि लोग केंद्र और प्रदेश सरकार से दुखी हो चुके हैं। सब लोग भाजपा की नीति-रीति से व्यथित है। किसान, बेरोजगार, व्यापारी, हर वर्ग परेशान है। यह सरकार आम लोगों को राहत देने के बजाए दुख दर्द और बढ़ा रही है। इसे बर्दास्त न किया जाएगा। वर्ष 2022 के चुनाव में जनता प्रदेश से भाजपा सरकार को उखाड़ फैंकेगी। कहा कि भाजपा की गलत नीतियों की वजह से आमजन बुरी तरह से परेशान है और अब समय भाजपा को हराने का समय आ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *