होमगार्ड्स को पिस्टल,बाइक,कैंटीन,छह माह चिकित्सा व प्रसूति अवकाश भी

देहरादून 6 दिसंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित रैतिक परेड में शामिल होकर रैतिक परेड का मान प्रणाम ग्रहण किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हमारे जवान राष्ट्रसेवा का अद्वितीय उदाहरण है। रैतिक परेड में जवानों के मोटरबाईक पर साहस, कौशल एवं सन्तुलन के प्रदर्शन की सराहना करते हुये मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सभी जवान हमारे सहयोगी हैं और विभिन्न नागरिक सेवाओं में अपना सहयोग दे रहे हैं। राज्य में कानून व्यवस्था सुचारू रूप से संचालन में उनका योगदान रहता है। होमगार्ड्स के जवानों को कड़ी धूप सहित बरसात और कड़कड़ाती ठंड में यातायात एवं नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को नियंत्रित करते हुए उन्होंने देखा है।

मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर घोषणा की कि होमगार्ड्स विभाग में शस्त्र प्रशिक्षण को ‘इण्डोर फायरिंग रेंज’ प्रेमनगर में उपलब्ध विभागीय भूमि पर बनाई जायेगी। होमगार्ड्स जवानों को वर्षभर में 12 आकस्मिक अवकाश दिये जायेंगे। होमगार्ड्स स्वयंसेवकों की कम्पनी कार्यालय/ट्रांजिट कैम्प/इमरजेन्सी सर्च एवं रेस्क्यू सेंटर हेतु भवन बनाया जाएगा। विभागीय मोटर साईकिल दस्ते हेतु मोटर साइकिल खरीदी जाएंगी। पुलिस कार्मिकों एवं एनडीआरएफ की भांति उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ड्यूटीरत होमगार्डस स्वयं सेवकों को प्रोत्साहन राशि अनुमन्य होगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने 320 महिला होमगार्ड्स को नियुक्ति पत्र और होमगार्ड विभाग के सेवा पृथक होमगार्ड्स एवं मृतक होमगार्ड्स के परिजनों को दो-दो लाख रुपए की सहायता राशि के चैक भी वितरित किए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कोविड महामारी हो, वीआईपी कार्यक्रम या फिर कांवड़ या अन्य बडे आयोजन, होमगार्ड्स जवान जिस निष्काम सेवा से अपना कर्तव्य निर्वहन करते हैं, वह प्रशंसनीय है। होमगार्ड्स जवानों का एक ही मंत्र रहा है, ‘जहां कम वहां हम’ इसी संकल्प से, प्रदेश के विकास में भी अपनी भागेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने होमगार्ड्स की सुविधा के लिए छोटे हथियारों पिस्टल आदि खरीदने को भी अपनी स्वीकृति प्रदान दे दी है। इस वर्ष होमगार्ड्स के लिए सेना के जवानों की तरह सीएसडी कैंटीन की सुविधा भी शुरू की है, जिसके लिए होमगार्ड्स का स्पेशल कार्ड बनाया जा रहा है। इसके साथ ही होमगार्ड विभाग में आपदा राहत एवं बचाव कार्यों तथा जनसामान्य की सहायता को “द्रुत” मोबाईल एप्लिकेशन बनाया गया है, जो अत्यंत ही सराहनीय कदम है। यह ऐप शुरू करने वाला उत्तराखण्ड देश का पहला प्रदेश है। राज्य सरकार ने ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए महिला होमगार्ड्स को प्रसूति अवकाश अनुमन्य किया है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सभी होमगार्ड्स स्वयंसेवकों हेतु पूरे सेवाकाल में छः माह चिकित्सा अवकाश की भी संस्तुति की गई है। राज्य में प्रथम बार महिला एवं पुरूष होमगार्ड्स को आत्मरक्षा हेतु विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। इसी वर्ष होमगार्ड ने विभागीय बैंड ‘‘मस्क बाजा’’ की भी स्थापना की गई जो सराहनीय है। राज्य में ‘होमगार्ड्स हेल्प डेस्क’ भी बेहतर कार्य कर रही है। हाल ही में हरिद्वार गंगा आरती में शामिल होने आए एक परिवार का नन्हा बालक अपने परिजनों से बिछड़ गया था, होमगार्ड हेल्प डेस्क ने उसे तुरंत ढूंढ कर परिजनों को सौंपा,यह अत्यंत सराहनीय प्रयास था। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हाल में ही राज्य में 330 महिला होमगार्ड जवानों की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, प्रशिक्षण बाद वे जल्द ही संगठन में अपना योगदान देंगी। अब 300 पुरुष होमगार्ड जवानों की भर्ती की तैयारी की है। मुख्यमंत्री धामी ने होमगार्ड्स के जवानों और अधिकारियों को विश्वास दिलाया कि उनके बेहतरी को जो भी आवश्यक होगा, वह किया जायेगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि होमगार्ड्स के जवान समर्पण भाव और कर्तव्य पालन से राज्य और देश की सेवा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में होमगार्ड्स तथा नागरिक सुरक्षा संगठन के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उत्तराखण्ड राज्य के विकास तथा कानून व्यवस्था एवं शान्ति स्थापना के कार्यों में अपना महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करते रहेंगें।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने होमगार्ड स्वयंसेवकों के लिए बनाई गई प्रशिक्षण पुस्तिका, आपदा एवं बचाव कार्य को बनाए गए होमगार्ड विभाग के द्रुत एप का विमोचन तथा विभिन्न कार्यों को ट्रांजिट कैंपों के लिए भूमि पूजन, केंद्रीय प्रशिक्षण में ऑब्सटेकल ट्रैक का लोकार्पण किया ।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्री अमिताभ श्रीवास्तव डिप्टी कमांडेंट जनरल होम गार्ड्स, श्री राजीव बलोनी डिप्टी कमांडेंट जनरल होमगार्ड को राष्ट्रपति से सराहनीय एवं विशिष्ट सेवा को प्राप्त मेडल एवं प्रमाण पत्र भी प्रदान किया।

इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, खजान दास, श्रीमती सविता कपूर, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष डॉक्टर आर.के.जैन, उत्तराखण्ड मण्डी परिषद के अध्यक्ष डॉक्टर अनिल डब्बू, अपर मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूडी, कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार, कमांडेंट जनरल होमगार्ड केवल खुराना सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। शाम को बहुरंगी सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया गया।

उत्तराखंड होमगार्ड के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सांस्कृतिक संध्या उदगम का दीप जलाकर शाम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुभारंभ किया। दाएं ओर मोमबत्ती पकड़े आईपीएस और होमगार्ड कमाडेंट केवल खुराना।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *