धामी का गोचर में रोड शो,चार अरब की 604 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास

  •   *मुख्यमंत्री ने गौचर में आयोजित नंदा-गौरा महोत्सव में किया प्रतिभाग।*
  • *गौचर में मुख्यमंत्री के रोड शो में उमड़ा जन सैलाब।*
  • *मुख्यमंत्री ने 400 करोड़ के विकास कार्यो का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर सीमांत जनपद चमोली को दी बड़ी सौगात।*
  • *कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भोजपत्र पर कैलीग्राफी, पारंपरिक रांछ पर कालीन बुनाई और पैडल चरखे पर ऊन कताई की।  साथ ही पहाड़ी व्यंजनों का भी लिया स्वाद।*

चमोली 15 फरवरी 2024 । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को गौचर में आयोजित ‘नंदा-गौरा’ महोत्सव में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि हमारी मातृशक्ति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिए गए ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘वोकल फॉर लोकल’’ के मंत्र को धरातल पर उतार रही है। मातृशक्ति के सहयोग से ही हमारा राष्ट्र उन्नति के नए शिखर को छू रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने सीमांत जनपद चमोली के लिये 400 करोड रूपए से अधिक़ की 604 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जिसमें 97 करोड रूपए लागत़ की 260 योजनाओं का लोकार्पण तथा 303 करोड़ की 344 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कन्या पूजन कर मातृशक्ति को सम्मानित भी किया।

*मुख्यमंत्री के रोड शो में उमड़ा जनसमुदाय*

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गौचर हवाई पट्टी से मेला मैदान तक विशाल रोड शो में भी प्रतिभाग किया। इस दौरान सीमांत जनों तथा स्थानीय विद्यालय के छात्रों ने पारंपरिक परिधान एवं वाद्य यंत्रों के साथ पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। महिलाओं ने कलश यात्रा और विद्यालय के बच्चों ने नंदा देवी राजजात, छोलिया नृत्य, पांडव नृत्य, मंगलगान और विविध लोक नृत्य की प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री धामी ने हजारों की संख्या में पहुंची मातृशक्ति का अभिवादन किया।

मुख्यमंत्री धामी ने पहाड़ की पारंपरिक वस्तुओं को बढ़ावा देने के उदेश्य से रांछ पर कालीन बुनाई, पहाड़ की पारंपरिक चक्की (जांदरा) चलाई, पैडल चरखे पर ऊन कताई, रिंगाल की टोकरी बुनने और दुर्लभ भोजपत्र पर कैलीग्राफी भी की । उन्होंने महिला समूहों के साथ विभिन्न क्रियाकलाप कर स्थानीय संस्कृति  समझी और अपनी पुरानी यादें साझा की। मुख्यमंत्री ने उत्पादों की सराहना करते हुए यात्रा मार्ग पर भी आउटलेट खोलने एवं पारंपरिक तरीके से बन रहे कालीन, पंखी, दोखे, शौल, टोपी आदि का खूब प्रचार करने को कहा। मुख्यमंत्री धामी ने लेन्टाना घास से बनाई गई उपयोगी सामग्री भी सराही ।

नंदा-गौरा महोत्सव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मां नन्दा चमोली जिले के साथ ही पूरे गढ़वाल और कुमांऊ मंडल में अधिष्ठात्री देवी के रूप में पूजनीय है। मां नंदा को हम ध्यांण मानते हैं और एक विवाहित बेटी के रूप में मां नंदा की कैलाश विदाई के लिए हर साल सिद्धपीठ कुरूड़ से लोकजात यात्रा और 12 वर्षो में राजजात यात्रा आयोजित करते हैं। उन्होंने याद दिलाया कि गौरा देवी पर्यावरण संरक्षण को लेकर विश्व विख्यात चिपको आंदोलन की अग्रणी रही हैं। उन्होंने कहा कि यह भगवान बद्रीनाथ की पावन भूमि है। उन्होंने इस कार्यक्रम में प्रतिभाग अपना सौभाग्य बताया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारी सरकार मातृशक्ति के उत्थान को समर्पित है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार लगातार महिलाओं के कल्याण हेतु विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है। उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता को विधानसभा में पारित कर जनता से किया वादा पूरा किया है। समान नागरिक संहिता किसी जाति, धर्म-समुदाय के लिए न होकर पूरे राज्यवासियों के हित में है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मातृ शक्ति के सहयोग के बिना किसी भी समाज या किसी भी राष्ट्र का संपूर्ण विकास नहीं हो सकता। आज प्रदेश के दुर्गम गांव-गांव महिलाएं स्वयंसहायता समूह बनाकर कुटीर उद्योगों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति दे रही हैं। महिलाओं के पास कौशल की कभी कोई कमी नहीं रही और अब यही कौशल उनकी आर्थिकी मजबूत कर रहा है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 23 करोड़ महिलाओं के बैंक खाते खोले और अब हर तरह का अनुदान सीधे उनके खाते में ही जमा हो रहा है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण के साथ ही मुख्यमंत्री नारी सशक्तिकरण योजना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, लखपति दीदी योजना, मुख्यमंत्री आंचल अमृत योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक मेधावी योजना, नंदा गौरा मातृवंदना योजना और महिला पोषण अभियान जैसी योजनाएं प्रारंभ की हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारी माताएं- बहनें आज कुटीर उद्योगों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बना रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र भाई मोदी के माणा गांव भ्रमण में हमारी बहनों ने उन्हें भोजपत्र पर लिखा अभिनंदन पत्र भेंट किया था। प्रधानमंत्री  ने मन की बात कार्यक्रम के 103 वें संस्करण में भोजपत्र उत्पादों की जमकर सराहना की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मूल मंत्र ‘‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’’ को हमने आत्मसात किया है। चमोली की जनता का हमेशा से उन्हें स्नेह मिलता रहा है। इसी का प्रतिफल है कि आज चार सौ करोड़ से भी अधिक योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार उत्तराखंड को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने को निरंतर काम कर रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मुख्य सेवक के नाते उनका प्रयास है कि प्रदेश की जनता के हितों को जो भी आवश्यक कदम उठाने हों, बिना देरी उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि एक ओर जहां उत्तराखंड में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया, वहीं धर्मांतरण रोकने को भी कानून बनाया गया। प्रदेश में पहली बार लैंड जिहाद के खिलाफ कार्रवाई की गई। भ्रष्टाचारियों के खिलाफ भी पहली बार कार्रवाई करने से हम पीछे नहीं हटे।

*मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजना के लाभार्थियों को दिये चेक।*

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री आवास योजना में ग्राम पंचायत दुआ की राजेश्वरी देवी, कुसुम देवी और यशोदा देवी तथा अटल आवास योजना में ग्राम सूकी सुराईथोटा की नन्दी देवी एवं ग्राम तोलमा सुराईथोटा की सरिता देवी को भवन की चाबियॉ दी। ग्राम नौटी की नीमा मैठाणी को उत्कृष्ट कृषि कार्य हेतु 25 हजार का चेक और प्रशस्ति पत्र दिया। इस दौरान उल्लेखनीय कार्य कर रहे युवक मंगल दल बूरा, लुणतरा एवं वादुक को 75-75 हजार रूपए और महिला मंगल दल आला जोखना को 37,500 हजार रुपये का चेक सौंपा।

*मुख्यमंत्री ने उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को किया सम्मानित*

मुख्यमंत्री ने नंदा गौरा महोत्सव में कृषि क्षेत्र में उत्साहवर्धक कार्य करने हेतु मत्स्य पालन में मुल्लागांव ग्वाड की लीला देवी व ग्राम पिण्डवाली की सीता देवी, परम्परागत हस्तशिल्प में अपर बाजार चमोली की सुनीता देवी, ग्राम गमशाली की रूकमणी देवी, पर्यटन क्षेत्र में मंडल की पूजा देवी तथा महिलाओं के उत्थान एवं सशक्तिकरण में योगदान और तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित ग्राम मठ की चन्द्रकला तिवारी, गोपेश्वर की मीना तिवारी और शशी देवली को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर जनपद के प्रभारी मंत्री डॉक्टर धन सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़  किया जा रहा है। अस्पतालों में रिक्त चिकित्सकों के पद धामी सरकारी में ही भरे जा सके है।

गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने महिलाओं के विकास को मुख्यमंत्री धामी सरकार को सराहते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड राज्य में ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं और उनको राज्य सरकार बखूबी आगे बढ़ा रही है।

कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल ने मुख्यमंत्री धामी का जनपद आगमन पर स्वागत करते हुए जनपद के विकास को सरकार के किए जा रहे कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी, थराली विधायक भोपाल राम टम्टा ने जनपद के विकास को मुख्यमंत्री के कार्यों पर आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में दायित्वधारी रमेश गढ़िया, गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय, जिलाधिकारी हिमांशु खुराना, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश मैखुरी, महिला मोर्चा अध्यक्ष हिमानी वैष्णव तथा बड़ी संख्या में मातृशक्ति व स्थानीय जनता मौजूद थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *