10+% जनता को दी जा चुकी कोरोना वैक्सीन

 

वैक्सीनेशन प्रोग्राम का 100वां दिन:13 राज्यों ने हर उम्र के लोगों के लिए वैक्सीनेशन फ्री किया; तीसरी लहर रोकने के लिए 70% आबादी को टीका जरूरी
नई दिल्ली 25अप्रैल। देेश में कोरोना के खिलाफ चल रहे वैक्सीनेशन प्रोग्राम का आज 100वां दिन है। 16 जनवरी से 24 अप्रैल यानी 99 दिनों में 14 करोड़ 8 लाख 2 हजार से ज्यादा यानी देश की 10% आबादी को वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है। इनमें 11 करोड़ 85 लाख लोग ऐसे हैं, जिन्हें एक डोज दी गई है। 2 करोड़ 22 लाख लोगों को दोनों डोज लग चुकी है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, कोरोना की तीसरी और फिर आगे कोई लहर न आए, इसके लिए देश की 70% आबादी को वैक्सीन लगाना जरूरी है।

एक मई से 18+ वाले भी लगवा सकेंगे वैक्सीन

अब तक हेल्थ केयर वर्कर्स, फ्रंट लाइन वर्कर्स, 45 साल से अधिक उम्र के लोगों को और अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को मुफ्त में वैक्सीन लगाई जा रही थी। एक मई से केंद्र सरकार ने 18 साल से अधिक उम्र के लोगों को भी वैक्सीन लगवाने की मंजूरी मिल गई है।

हालांकि, इस बार केंद्र सरकार ने फैसला लिया है कि ये 18 से 45 साल के बीच के लोग या तो प्राइवेट हॉस्पिटल में वैक्सीन लगवाएं या फिर राज्य सरकार की ओर से की जा रही व्यवस्था के तहत वैक्सीनेशन कराएं। मतलब इन उम्र के लोगों को केंद्र सरकार की तरफ से फ्री वैक्सीन नहीं दी जाएगी।

45 साल से अधिक उम्र के लोगों को पहले की तरह मुफ्त में वैक्सीन लगाना जारी रहेगा। ऐसे में 13 राज्यों ने हर उम्र के लोगों को मुफ्त में वैक्सीन लगाने का ऐलान कर दिया है।

फोटो कोलकाता की है। यहां वैक्सीन लगाने की तैयारी करती स्वास्थ्यकर्मी। बंगाल में BJP ने ऐलान किया है कि अगर राज्य में सरकार बनी तो सभी को मुफ्त में वैक्सीन लगवाएंगे।
1. उत्तर प्रदेश

प्रदेश की योगी आदित्य नाथ सरकार ने एक मई से 18 साल और उससे अधिक उम्र के लोगों को Covid-19 का टीका फ्री लगाने का फैसला किया है। कैबिनेट की बैठक में यह फैसला हो चुका है। 22 करोड़ की आबादी वाले इस प्रदेश में अब तक 1.2 करोड़ लोगों को ही केवल वैक्सीन लगाई गई है। यहां अब तक 10 लाख 51 हजार 314 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7 लाख 52 हजार 211 लोग ठीक हो गए हैं, जबकि 10 हजार 959 मरीजों की मौत हो चुकी है। यानी 18 से 44 साल की उम्र के लोगों को राज्य सरकार और 45 से ऊपर वालों को केंद्र सरकार मुफ्त में टीका लगाएगी।

2. मध्य प्रदेश

प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार ने 18 से अधिक उम्र के सभी लोगों को फ्री में वैक्सीन लगाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन का पूरा खर्च राज्य सरकार खुद उठाएगी। मध्य प्रदेश में अब तक 4 लाख 85 हजार 703 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3 लाख 91 हजार 299 लोग ठीक हो गए, जबकि 5041 की मौत हो चुकी है। 89 हजार 363 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। राज्य में अब तक 79 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई गई है।

3. बिहार

यहां में वैक्सीनेशन प्रोग्राम पहले से ही मुफ्त में चल रहा है। फिर वह प्राइवेट हॉस्पिटल में लगे या सरकारी में। मुफ्त वैक्सीनेशन की घोषणा बिहार विधानसभा चुनाव से पहले ही की जा चुकी थी। जब नीतीश मुख्यमंत्री बने तो कैबिनेट की पहली बैठक में ही उन्होंने मुफ्त में टीका देने पर मुहर लगा दी थी। जिसके बाद से राज्य में सभी को मुफ्त में टीका दिया जा रहा है। अब एक मई से 18 साल से अधिक उम्र के लोगों को जो वैक्सीन लगाई जाएगी वो भी फ्री रहेगी।

4. दिल्ली

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राज्य के सभी 2 करोड़ लोगों को मुफ्त में वैक्सीन लगाई जाएगी। दिल्ली उन राज्यों में से एक है जहां संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले हैं। अब तक यहां 10 लाख 4 हजार 782 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 8 लाख 97 हजार 804 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 13 हजार 898 मरीजों की मौत हो चुकी है। 93 हजार 80 मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है। राज्य में अब तक 29.6 लाख लोगों को वैक्सीन लग चुकी है।

5. छत्तीसगढ़

कांग्रेस शासित राज्य छत्तीसगढ़ में भी फ्री वैक्सीनेशन का ऐलान हो चुका है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि राज्य में संक्रमण रोकने के लिए हर संभव कोशिश की जाएगी। इसी को देखते हुए 18 साल से अधिक उम्र के युवाओं को भी मुफ्त में ही वैक्सीन लगाई जाएगी। यहां अब तक 6 लाख 39 हजार 696 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 5 लाख 9 हजार 622 लोग ठीक हो गए हैं, जबकि 7,111 मरीजों की मौत हो चुकी है। 1 लाख 22 हजार 963 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। अब तक राज्य में 53.2 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।

6. पंजाब
कांग्रेस शासित दूसरा राज्य है, जहां हर उम्र के लोगों के लिए मुफ्त वैक्सीनेशन का ऐलान किया गया है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि राज्य में वैक्सीनेशन प्रोग्राम काफी तेजी से होगा। 3 करोड़ की आबादी वाले इस राज्य में अब तक 29.3 लाख लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। यहां अब तक 3 लाख 32 हजार 110 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 2 लाख 77 हजार 189 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 8356 मरीजों की मौत हो चुकी है। 46 हजार 565 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

7. केरल
केरल देश का दूसरा सबसे संक्रमित राज्य है। यहां अब तक 13 लाख 77 हजार 187 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 11 लाख 73 हजार 202 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 5081 मरीजों की मौत हो चुकी है। 1 लाख 98 हजार 572 मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है। 3.5 करोड़ की आबादी वाले इस राज्य में 68.7 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।

8. असम
BJP शासित इस राज्य में हाल ही में विधानसभा चुनाव हुए हैं। राज्य सरकार ने राज्य के सभी लोगों को मुफ्त में वैक्सीन लगाने का आदेश जारी किया है। यहां अब तक 2 लाख 35 हजार 689 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2 लाख 18 हजार 958 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1,186 मरीजों की मौत हो चुकी है। 14,198 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। यहां अब तक 20.1 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।

9. झारखंड
राज्य में अब तक 1 लाख 95 हजार 844 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 1 लाख 48 हजार 364 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 1,888 मरीजों की मौत हो चुकी है। 45 हजार 592 मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है। 3.7 करोड़ की आबादी वाले इस राज्य में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी को मुफ्त में वैक्सीन लगाने का ऐलान किया है। यहां अब तक 29.7 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।

10. गोवा
15.4 लाख की आबादी वाले इस राज्य में अब तक 75 हजार 184 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 62 हजार 113 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 993 मरीजों की मौत हो चुकी है। 12 हजार 78 मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य में सभी को मुफ्त में वैक्सीन लगाने का आदेश दिया है। अब तक यहां 6.1 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।

11. सिक्किम
मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने राज्य में हर उम्र के लोगों को मुफ्त में वैक्सीन लगाने का ऐलान किया है। 6.6 लाख की आबादी वाले इस राज्य में अब तक 7,158 लोग संक्रमित हुए हैं। इनमें 6069 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 798 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। 137 लोग संक्रमण के चलते जान गंवा चुके हैं। राज्य में अब तक 1.9 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।

12. राजस्थान प्रदेश में 18 से 45 साल उम्र के 2.90 करोड़ लोगों का फ्री वैक्सीनेशन होगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया पर इसकी घोषणा की है। इस पर 3000 करोड़ रुपए खर्च होंगे। CM गहलोत ने लिखा कि यह बेहतर होता कि राज्य सरकारों की मांग के अनुसार भारत सरकार 60 और 45 साल से ज्यादा उम्र वालों की तरह 18 से 45 साल तक के उम्र के युवाओं के वैक्सीनेशन का खर्च भी उठा लेती, तो राज्यों के बजट पर असर नहीं होता।

13. महाराष्ट्र
उद्धव ठाकरे सरकार भी अपने यहां 18 से 45 साल की उम्र के लोगों को फ्री वैक्सीन लगाएगी। सरकार में मंत्री नवाब मलिक ने सोशल मीडिया पर बताया कि पिछली कैबिनेट में एकमत से फैसला हुआ था कि महाराष्ट्र के सभी नागरिक जिनकी उम्र 18-45 वर्ष के बीच है, उन्हें सरकार अपने पैसे से टीका लगवाएगी

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *