मुख्यमंत्री तीर्थ ने लिया जन. खंडूड़ी का आशीर्वाद

मुख्यमंत्री तीरथ ने लिया गुरु खंडूड़ी का आशीर्वाद, बोले; जनरल साहब पिता तुल्य, जो सीखा, आगे आएगा काम

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी से शिष्टाचार भेंट की।
प्रदेश के नए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कार्यभार संभालने के बाद गुरुवार को सबसे पहले अपने राजनीतिक गुरु व पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (सेवानिवृत्त) से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी से बहुत कुछ सीखा है।

देहरादून 11 मार्च: प्रदेश के नए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कार्यभार संभालने के बाद गुरुवार को सबसे पहले अपने राजनीतिक गुरु व पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (सेवानिवृत्त) से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी से बहुत कुछ सीखा है, वह आगे उनके काम आएगा। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री खंडूड़ी ने कहा कि तीरथ एक योग्य व्यक्ति हैं। उन पर किसी तरह का दाग नहीं है। उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में अच्छे नतीजे आएंगे।
गुरुवार को मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने अपने राजनीतिक गुरु खंडूड़ी से मुलाकात कर यह संदेश दिया कि वह उनकी राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। लोकसभा चुनावों के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी के पुत्र मनीष खंडूड़ी पौड़ी गढ़वाल सीट से तीरथ सिंह रावत के खिलाफ कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े थे। इस सीट पर तब तीरथ सिंह रावत ने साढ़े तीन लाख से भी ज्यादा अंतर से जीत दर्ज की थी। अब मुख्यमंत्री बनने के बाद तीरथ सिंह रावत ने किसी तरह का राजनीतिक दुराग्रह मन में नहीं रखा।


इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी उनके पिता तुल्य है। उनके कारण ही वह आज यहां तक पहुंचे हैं। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री खंडूड़ी ने कहा कि तीरथ सिंह रावत एक समर्पित कार्यकत्र्ता हैं। जब वह क्षेत्र भ्रमण पर जाते थे, तो तब उन्हें तीरथ सिंह रावत के पीछे घूमना पड़ता था। तीरथ के नेतृत्व में भाजपा के विधानसभा चुनाव लडऩे के सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का अपना एक विशिष्ट चरित्र और कार्यशैली है। नेतृत्व का इसमें पूरा प्रभाव रहता है है। इस दौरान मुख्यमंत्री की पत्नी डॉक्टर रश्मि रावत, पूर्व मुख्यमंत्री की पत्नी अरुणा खंडूड़ी और बेटी एवं यमकेश्वर विधायक ऋतु खंडूड़ी के अलावा भाजपा महानगर मीडिया प्रभारी राजीव उनियाल भी मौजूद रहे ।

खंडूडी बोले, मैने बहुत हड़काया है

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान जब पूर्व मुख्यमंत्री खंडूडी को अपना आदर्श बताया, तो पूर्व मुख्यमंत्री बोले कि उन्होंने तीरथ को बहुत बार हड़काया (डांटा) है। इस पर मुख्यमंत्री बोले की हड़काता वही है, जिस पर अधिकार समझा जाता है।

नौकरशाही पर मेरी लगाम, लेकिन घर पर मुझ पर लगाम


बातचीत के दौरान जब मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत से यह कहा गया कि पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी के कार्यकाल में नौकरशाही पर लगाम लगी हुई थी, क्या वैसे लगाम अभी भी लग सकेगी। इस सवाल का मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत जवाब देते, पूर्व मुख्यमंत्री खंडूड़ी बोल पड़े कि हर जगह उनकी लगाम रहती थी, लेकिन घर पर उन पर लगाम रहती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *