मुस्लिम से हिंदू बने परिवार को जिंदा जलाने की कोशिश

UP में जिंदा जलाने की कोशिश:रायबरेली में मुस्लिम से हिंदू बने परिवार के घर में आग लगाई, ग्राम प्रधान समेत 5 के खिलाफ केस दर्ज
रायबरेली 04 जनवरी। शनिवार रात यहां कुछ लोगों ने घर का दरवाजा बाहर से बंद कर घर में आग लगा दी थी। परिवार के मुखिया ने पीछे का दरवाजा तोड़कर अपनी और बच्चों की जान बचाई।
पीड़ित ने तीन महीने पहले अपने तीन बटों के साथ धर्म परिवर्तन किया था

उत्तर प्रदेश के रायबरेली में मुस्लिम से हिंदू बने एक परिवार को जिंदा जलाने की कोशिश की गई। मामला सलोन इलाके के रतासों गांव का है। शनिवार रात यहां कुछ लोगों ने घर का दरवाजा बाहर से बंद कर घर में आग लगा दी। परिवार के मुखिया ने किसी तरह पीछे का दरवाजा तोड़कर अपनी और बच्चों की जान बचाई। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने घर में लगी आग बुझाई। घटना पर इलाके के हिंदू संगठनों में आपत्ति जताई। पुलिस ने ग्राम प्रधान समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

तीन महीने पहले हिंदू अपनाया

गांव के रहने वाले मोहम्मद अनवर ने तीन महीने पहले परिवार समेत हिंदू धर्म अपना लिया था। इसके बाद उन्होंने अपना नाम बदलकर देव प्रकाश पटेल कर लिया था। देव प्रकाश ने अपने तीन बेटों के नाम देवीदयाल, देवनाथ और दुर्गा रख दिया था। देव प्रकाश की पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है।

इसी जगह देव प्रकाश मंदिर बनवा रहा है।

मंदिर बनाने का विरोध कर रहे थे लोग

देव प्रकाश ने बताया कि वे अपने घर के पास अपनी जमीन पर मंदिर का निर्माण कराने जा रहे थे। इस बात से गांव के कुछ लोग उससे नफरत करने लगे थे। इसी को लेकर शनिवार रात जब हम लोग घर में आराम कर रहे थे। तभी कुछ लोगों ने दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद आग लगा दी। आग घर के अंदर पहुंची तो बच्चे चीखने लगे। इसके बाद देव प्रकाश ने पीछे का दरवाजा तोड़कर जान बचाई।

घटना के बाद घर में बिखरा सामान।

पांच आरोपितों पर पुलिस ने दर्ज किया केस

पीड़ित ने ग्राम प्रधान ताहिर, अली अहमद, इम्तियाज आदि पर जिंदा जलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। पीड़ित देव प्रकाश की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है।

गांव में जुटे पुलिसकर्मी व अन्य।

हिंदू सगठनों की पीड़ित से मुलाकात

विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने रविवार को गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। कार्यकर्ताओं ने क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी से भी बातचीत की। घटना के बाद जिले के DM और SP ने भी पीड़ित देव प्रकाश से मुलाकात की। DM ने पीड़ित को उचित न्याय दिलाने की बात कही।

मूर्ति स्थापना करने पर मिली थी परिणाम भुगतने की धमकी,धर्म परिवर्तन से चिढ़े लोगों ने मूर्ति और झंडा हटाने की दी थी चेतावनी

धर्म परिवर्तन करने वाले युवक के घर में आग लगाने की पटकथा एक सप्ताह पहले ही लिख गई थी। अराजकतत्वों ने उसे चेतावनी भी दी थी और फिर वारदात को अंजाम भी दे डाला। पुलिस के पहुंचने से गांव में हालात नियंत्रण में आए। हिदू संगठनों ने इस वारदात को लेकर खासा आक्रोश जताया है। संगठनों ने पुलिस से इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
करीब चार माह पहले देव प्रकाश ने हिदू धर्म अपनाया। वह मंदिर में पूजा अर्चना करने जाने लगा। एक हफ्ते पहले उसने घर के बगल ही भगवान शिव और हनुमान की मूर्तियां स्थापित कर दीं। वहीं पर भगवा रंग का झंडा लगा दिया। ये बात गांव के कुछ लोगों को बहुत ज्यादा अखर गई। उन्होंने देव प्रकाश के घर जाकर कहा कि ये सब हटा लो, वरना अंजाम भुगतना पड़ जाएगा। युवक ने उनकी बातों को अनसुना कर दिया और फिर इतनी बड़ी वारदात हो गई। गनीमत रही कि उसके घर में पीछे का दरवाजा था, वरना बड़ा कांड हो जाता।

आंदोलन की चेतावनी

रतासो गांव में हुई वारदात से हिदूवादी नेता काफी गुस्से में हैं। जिला धर्म जागरण प्रमुख रामसजीवन ने घटना पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने सीओ से आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। रामसजीवन ने कहा कि तहसील दिवस में युवक को अनवर के नाम से नहीं बल्कि देव प्रकाश के नाम से जाना पहचाना जाए। इसके लिए प्रार्थना पत्र दिया गया था। उसकी भी कागजी कार्रवाई लेखपालों की खाऊ कमाऊ नीति से अधर में लटकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *