भाजपा दूसरी सूची: त्रिवेंद्र हरिद्वार,बलूनी पौड़ी और खट्टर करनाल से

Lok Sabha Election 2024 Bjp Candidates second List Know All About It
नागपुर से गडकरी, करनाल से खट्टर, हरिद्वार से त्रिवेंद्र सिंह रावत और पौड़ी गढ़वाल से अनिल बलूनी को टिकट, भाजपा ने जारी की 72 उम्मीदवारों की दूसरी सूची
भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए अपनी दूसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में 72 कैंडिडेट्स के नाम शामिल हैं। इससे पहले 1 मार्च को पार्टी की तरफ से 195 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की गई थी। सूची में प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह और राजनाथ सिंह जैसे बड़े नाम शामिल थे।

नई दिल्ली 13 मार्च 2024: भाजपा ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। दूसरी सूची में नितिन गडकरी को नागपुर से टिकट दिया गया है। पहली लिस्ट में नाम नहीं आने पर उन्हें लेकर लगातार सवाल उठाए जा रहे थे। करनाल से मनोहर लाल खट्टर को टिकट मिला है। दिल्ली की दो सीटों पर भी उम्मीदवारों के नाम का ऐलान हो गया है। पूर्वी दिल्ली सीट से हर्ष मल्होत्रा को चुनाव मैदान में उतारा गया है। उत्तर पश्चिमी दिल्ली से योगेंद्र चंदोलिया चुनाव मैदान में होंगे।

उत्तराखंड से दोनों निवर्तमान सांसदों/पूर्व मुख्यमंत्रियों के नाम साफ

उत्तराखंड की पहली सूची से छुटी दोनों सीटों हरिद्वार और पौड़ी गढ़वाल के सांसदों पूर्व मुख्यमंत्रियों रमेश पोखरियाल निशंक और तीरथ सिंह रावत के नाम काट कर क्रमशः पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और राष्ट्रीय प्रवक्ता पूर्व राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी को टिकट दिया गया है। दोनों नाम बड़े तो हैं लेकिन इनमें बलूनी तो बैक टू बैक पुरस्कार पा गये क्योंकि उन्होंने राज्य  सभा सीट पिछले महीने ही खाली की है।  दूसरे जिन तीरथ सिंह रावत को वे रिप्लेस कर रहे हैं वे लोकसभा से लेकर अपने चुनाव क्षेत्र तक सक्रिय रहे हैं। इसके विपरीत बलूनी की राजनीति शीर्ष नेतृत्व के आसपास सीमित रही है। वे प्रतीकात्मक राजनीति के कायल रहे हैं। निशंक का जाना उनके लोकसभा क्षेत्र में विधानसभा चुनाव परिणामों का प्रतिफल है।  बाद में ताबड़तोड़ दूसरे दलों से ज्वाइनिंग भी उनके काम नहीं आई।

हमीरपुर से अनुराग ठाकुर उम्मीदवार
बीजेपी की नई लिस्ट में फरीदाबाद से कृष्णपाल गुर्जर को तीसरी बार टिकट मिला है। पौड़ी से बलूनी को उम्मीदवार बनाया गया है। सिरसा से अशोक तंवर, गुरुग्राम से राव इंद्रजीत सिंह, फरीदाबाद से कृष्णपाल गुर्जर चुनाव मैदान में उतरेंगे। हमीरपुर से अनुराग ठाकुर, शिमला से सुरेश कुमार कश्यप को टिकट मिला है।

प्रधानमंत्री  मोदी की अध्यक्षता में चर्चा
इससे पहले लिस्ट को अंतिम रूप देने के लिए सोमवार को भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई थी। भाजपा हेडक्वार्टर में हुई बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित केंद्रीय चुनाव समिति के अन्य सदस्य मौजूद थे। पार्टी की तरफ से आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक और हरियाणा में टिकट पर चर्चा हुई थी। मीटिंग से पहले हरियाणा के उपमुख्यमंत्री और जननायक जनता पार्टी के नेता दुष्यंत चौटाला ने भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा के साथ राज्य में दोनों सहयोगी दलों के बीच सीटों के बंटवारे पर बातचीत की थी।

पहली सूची में मोदी, शाह समेत 195 नाम
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक एक मार्च को हुई बैठक में 16 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 195 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी गई थी। पहली लिस्ट में प्रधानमंत्री मोदी (वाराणसी), अमित शाह (गांधीनगर) और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (लखनऊ) के नाम भी शामिल थे। इस सूची में 34 केंद्रीय मंत्रियों के नाम शामिल थे जबकि तीन मंत्रियों के टिकट काट दिए गए थे।

पार्टी की पहली सूची में 28 महिलाएं और 47 युवा शामिल थे। वहीं, 27 उम्मीदवार अनुसूचित जाति से, 18 अनुसूचित जनजाति से और 57 अन्य पिछड़ा वर्ग से थे। पहली लिस्ट में उत्तर प्रदेश की 51 सीट, पश्चिम बंगाल की 20, मध्य प्रदेश की 24, गुजरात और राजस्थान की 15-15 सीट, केरल और तेलंगाना की 12-12 सीट, झारखंड, छत्तीसगढ़ और असम की 11-11 सीट शामिल थी। वहीं, दिल्ली की पांच सीट सहित कुछ अन्य प्रदेशों व केंद्र शासित प्रदेशों में उम्मीदवारों की घोषणा की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *