एबीपी न्यूज सर्वे: उप्र में भाजपा को लोकसभा की 80 में 67-73 भाजपा को,मत प्रतिशत 63%

 

अभी लोकसभा चुनाव हुए तो उत्तर प्रदेश में BJP को 67-73 सीटें, सपा से 3 गुना से भी ज़्यादा वोट प्रतिशत: बरकरार है मोदी-योगी का जलवा, सर्वे में खुलासा

लोकसभा चुनाव सर्वे उत्तर प्रदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फोटो साभार: IndiaToday)

नई दिल्ली,25 मार्च।      साल 2024 में देश भर में लोकसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में सर्वे किया गया है। इस सर्वे के हिसाब से उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मोदी लहर चलती दिख रही है। वहीं, बीते 6 साल से उत्तर प्रदेश की सत्ता चला रहे योगी आदित्यनाथ अब भी सूबे की जनता के लिए पहली पसंद बने हुए हैं।

दरअसल, आगामी लोकसभा चुनावों को देखते हुए एबीपी न्यूज- Matrize ने सर्वे किया है। इस सर्वे में उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों के 80 हजार 600 लोगों से सवाल पूछे गए हैं। उत्तर प्रदेश में लोकसभा की कुल 80 सीटें हैं। इस सर्वे के अनुसार, लोकसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन को 67-73 सीटें, सपा गठबंधन को 3-6 सीटें, बीएसपी को 0-4 सीटें और कॉन्ग्रेस 1-2 सीटों में सिमटती दिख रही है।

वोट प्रतिशत की बात करें तो इसमें भी भाजपा बाजी मारती दिख रही है। भाजपा गठबंधन को 63% वोट, सपा गठबंधन को 19% वोट, बीएसपी को 11% वोट और कॉन्ग्रेस के खाते में 4% वोट जाता दिख रहा है। वहीं, अन्य के को 3% वोट मिलने की बात कही जा रही है।

इस सर्वे में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 27 लोकसभा सीटों की सर्वे रिपोर्ट भी विपक्ष को परेशान करने वाली है। सर्वे में पश्चिमी यूपी में भाजपा गठबंधन को 18-23 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। वहीं, समाजवादी पार्टी को 2-5 सीट, बसपा 0-1 सीट तथा कॉन्ग्रेस और अन्य का खाता खुलता नहीं दिख रहा है।

मोदी-योगी का जलवा बरकरार

इसके अलावा एबीपी न्यूज-Matrize के सर्वे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता को लेकर सवाल किया गया है। इस सर्वे में 52% लोगों का मानना है कि प्रधानमंत्री मोदी का काम बहुत बेहतर है। वहीं, 32% लोगों को पीएम मोदी का काम संतोषजनक लगता है। जबकि 16% लोगों ने प्रधानमंत्री के काम को बेहद खराब कहा है।

योगी आदित्यनाथ बीते 6 सालों से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। लगातार सबसे अधिक समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड भी उनके नाम है। सर्वे में जब लोगों से मुख्यमंत्री के लिए पहली पसंद को लेकर सवाल किया गया तो 61% ने योगी आदित्यनाथ को सीएम पद के लिए पहली पसंद बताया है। वहीं, 24% लोगों अखिलेश यादव को, 11% ने मायावती और 4% लोगों ने अन्य को मुख्यमंत्री पद के लिए अपनी पसंद कहा है।

यही नहीं, इस सर्वे में 52% लोगों का मानना है कि योगी आदित्यनाथ का काम बहुत बेहतर है। वहीं, 27% लोगों को उनका काम संतोषजनक लगता है। जबकि 21% लोगों ने सीएम योगी के काम को बेहद खराब कहा है। इसके अलावा योगी आदित्यनाथ सरकार की पहचान बन चुकी बुलडोजर कार्रवाई को 54% लोगों ने माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई बताया है। इस सर्वे में 10 हजार लोगों की राय ली गई।

TOPICS:#Narendra Modi Survey Uttar Pradesh Yogi Adityanath #उत्तर प्रदेश नरेंद्र मोदी योगी आदित्यनाथ सर्वे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *