कांस्टेबल समेत पांच को जेल,लिव इन रिलेशन नहीं पति पत्नी थे साहिल और निक्की

Nikki Yadav Murder Case Know 5 Big Things Happened Till Now

Nikki Yadav Murder Case: पुजारी से पूछताछ, फांसी की गुहार, साजिश… निक्‍की हत्‍याकांड में अब तक क्‍या-क्‍या हुआ, जानें 5 बड़ी बातें

न‍िक्‍की यादव मर्डर केस में काफी चीजें बदली हैं। यह केस काफी घूम गया है। जांच में पता चला है कि निक्‍की यादव और साहिल गहलोत लिव-इन पार्टनर नहीं, बल्कि पति-पत्‍नी थे। दोनों ने 2020 में शादी की थी। एक और नया मोड़ यह आ गया है कि पुलिस ने इस मर्डर को सोचे-समझे षड्यंत्र का हिस्‍सा बताया है।

हाइलाइट्स
1-निक्‍की मर्डर केस में आ रहे हैं नए ट्विस्‍ट और टर्न
2-निक्‍की की मां ने साहिल के लिए मांगी फांसी की सजा
3-कोर्ट ने हत्‍या में शामिल 5 लोगों को हिरासत में भेजा

नई दिल्‍ली 18 फरवरी:निक्‍की यादव मर्डर केस पर देशभर की नजर है। इसमें नए ट्विस्‍ट और टर्न देखने को मिल रहे हैं। 14 फरवरी को इस हत्‍याकांड के सामने आने के बाद से यह सुर्खियों में बना हुआ है। पहले सामने आई कई बातें पुलिस की जांच के बाद बदलती नजर आ रही हैं। यह भी पता चला है कि यह गुस्‍से में हुई कोई वारदात नहीं थी। अलबत्‍ता, सोचा-समझा षड्यंत्र  था। इसमें कई लोग शामिल थे। मुख्‍य आरोपित साहिल गहलोत के पिता को भी इसके बारे में शुरू से जानकारी थी। लिव-इन पार्टनर वाली बात भी गलत साबित हो चुकी है। अब यह साफ हो चुका क‍ि दोनों ने मंदिर में शादी की थी। आइए, जानते हैं कि निक्‍की हत्‍याकांड में अब तक क्‍या-क्‍या हुआ।

पांच लोगों की हुई गिरफ्तारी

दिल्ली पुलिस ने निक्की यादव की हत्या मामले में साहिल गहलोत (24 वर्ष ) के पिता, उसके दो रिश्तेदार और दो दोस्तों को गिरफ्तार किया है। गहलोत के पिता वीरेंद्र सिंह, रिश्‍ते के दो भाई आशीष और कांस्टेबल नवीन के अलावा साहिल के दो दोस्तों अमर और लोकेश से गहन पूछताछ की गई। हत्या के संबंध में उनकी भूमिका की पुष्टि होने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल नवीन मुख्य आरोपित साहिल गहलोत का रिश्तेदार है। गहलोत पहले से ही पुलिस हिरासत में है।

कोर्ट ने आरोपितों को हिरासत में भेजा

मेट्रोपॉलिटन कोर्ट ने निक्की यादव हत्याकांड में मुख्य आरोपित साहिल गहलोत के पिता, दो रिश्तेदारों और दो दोस्तों सहित पांच लोगों को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। साहिल गहलोत पर आरोप है कि उसने पकड़े जाने से पहले निक्की यादव की हत्या कर शव को फ्रिज में छिपा दिया था। इससे पहले मंगलवार को मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट अर्चना बेनीवाल ने गहलोत (24 वर्ष) को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया था।

मामले में षड्यंत्र का एंगल आया सामने

पुलिस के अनुसार, जब गहलोत निक्की यादव को दूसरी महिला से अपनी शादी के लिए राजी नहीं कर सका, तो उसने उसे मारने का षड्यंत्र रचा। अन्य लोगों को भी इसमें शामिल कर लिया। प्राथमिकी में आपराधिक षड्यंत्र रचने, सबूत नष्ट करने और अपराधी को शरण देने सहित कई अन्य आरोप जोड़े गए हैं।

लिव-इन पार्टनर नहीं, पति-पत्‍नी थे साहिल-निक्‍की

पुलिस ने दावा किया है कि निक्‍की यादव साहिल गहलोत की पत्नी थी। दोनों ने साल 2020 में शादी की थी। शुरुआत में बताया गया था कि दोनों लिव-इन पार्टनर थे। निक्‍की साहिल पर शादी करने का दबाव बना रही थी। यही उनके बीच झगड़े का कारण बना। गुस्‍से में आकर साहिल ने निक्‍की की गला घोंटकर हत्‍या कर दी थी। हालांकि, अब इसमें कई ट्विस्‍ट और टर्न आ गए हैं। इस घटना के बारे में जानकारी इसके घटित होने के चार दिन बाद 14 फरवरी को ‘वेलेंटाइन डे’ पर सामने आई थी। तब साहिल गहलोत ने पुलिस हिरासत में अपना अपराध कबूल कर लिया था। पुलिस ने उस होटल के फ्रिज से शव बरामद किया था जहां उसे रखा गया था।

पुजारी से पूछताछ, मां ने लगाई फांसी की गुहार

पुलिस शनिवार को ग्रेटर नोएडा के डेल्टा-1 में बने आर्य समाज मंदिर भी गई। इस मंदिर में साहिल गहलोत और निक्की यादव ने शादी की थी। दोनों ने अक्टूबर, 2020 में  फेरे लिए थे। मंदिर पहुंचकर दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने यहां के पुजारी से पूछताछ की। पुजारी से कागजात कब्‍जे में लिए गए हैं। इस बीच निक्‍की की मां सुनीता यादव ने कहा- हम चाहते हैं कि हमारी बेटी के साथ गलत करने वाले को सख्त से सख्त सजा मिले ताकि दूसरी लड़कियों का भविष्य सुरक्षित रहे। हम सरकार से उसके लिए ऐसी सजा की मांग करते हैं जो सबके लिए सबक बने, हम चाहते हैं कि उसे फांसी हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *