हिंसा: ममता की महिला आयोग दौरा रोकने की कोशिश

रेखा शर्मा और ममता बनर्जी (दाएँ)

पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने दो और कार्यकर्ताओं की हत्या का इल्जाम तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) पर लगाया है। घटना मालदा के उत्तर लक्ष्मीपुर की है। यहाँ दो भाजपा कार्यकर्ताओं का शव एक ही पेड़ से लटका मिला। इससे पहले, राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) की प्रमुख रेखा शर्मा ने बताया कि उन्हें राज्य में एक और दिन रहने की इजाजत देने से ममता सरकार ने इनकार कर दिया है। वे चुनावी नतीजों के बाद भड़की हिंसा की पीड़ित महिलाओं का दर्द जानने के लिए राज्य के दौरे पर थीं।

भाजपा की बंगाल ईकाई ने ट्वीट कर कहा है, “दोहरी हत्या का मामला। मालदा के उत्तर लक्ष्मीपुर में टीएमसी के गुंडों ने भाजपा कार्यकर्ता मनोज मंडल (21) और चैतन्य मंडल (19) को मारकर पेड़ पर लटका दिया। अब बंगाल पुलिस पड़ताल करने और टीएमसी गुंडों को सजा दिलवाने की जगह इसे सुसाइड या फेक करार देगी।”

इधर रेखा शर्मा को दौरा रद्द करने की सलाह देने का आधिकारिक कारण कोरोना संक्रमण के कारण लागू किए गए नए उपायों को बताया गया है। शर्मा ने खुद सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी दी है। वे 5 मई को कोलकाता पहुॅंची थीं। हालात को लेकर ज्यादा से ज्यादा जानकारी जुटाने के मकसद से उन्होंने अपना दौरा एक दिन और बढ़ाना चाहा था, लेकिन बंगाल सरकार ने तत्काल इससे इनकार कर दिया। इसका कारण कोरोना के हालात से निपटने में अधिकारियों की व्यस्तता को बताया गया है।

शर्मा ने 6 मई को ट्वीट कर बताया कि दो दिन के दौरे में वे कई महिलाओं से मिलीं। उनकी पीड़ा को जाना। उनकी खौफनाक आपबीती दर्ज की।

हिंसा के बाद हालात का जायजा लेने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 6 मई को अतिरिक्त सचिव गोविंद मोहन के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम को राज्य के दौरे पर भेजा था। इस टीम ने कई हिंसा प्रभावित इलाकों में जाकर जायजा लिया। टीम ने राज्यपाल जगदीप धनखड़ से भी मुलाकात की है।

उल्लेखनीय है कि मालदा में डबल मर्डर से पहले बीजेपी के एक किसान नेता की हत्या की खबर आई थी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने 26 साल के किशोर मंडी की हत्या की जानकारी दी थी। मंडी झाड़ग्राम (Jhargram) के बिनपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा किसान मोर्चा के मंडल सचिव थे।

इसके अलावा ये भी पता चला कि बंगाल में भाजपा का समर्थन करने वाले मुस्लिमों को भी नहीं बख्शा जा रहा है। ‘ABP न्यूज़’ के पत्रकार विकास भदौरिया ने जानकारी दी है कि मेटियाब्रुज मंडल 2 में भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष शेर मोहम्मद खान को मारा-पीटा गया। वहाँ के वॉर्ड संख्या 139 के रहने वाले खान के घर में घुस कर भीड़ ने उनके साथ गाली-गलौज किया। सार्वजनिक रूप से उन्हें थप्पड़ मारे गए और प्रताड़ित किया। उनके परिवार के साथ भी मारपीट हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *