कौन हैं मुख्यमंत्री बने पहली बार के विधायक भजनलाल शर्मा

Bhajan Lal Sharma New Cm Rajasthan Full Profile Education Political Career Family All Details
परिवार में कौन… कितनी संपत्ति, पहली बार विधायक से मुख्यमंत्री बने भजनलाल शर्मा की हर बात जानिए
राजस्थान में भाजपा ने सभी को चौंकाते हुए भजन लाल शर्मा को नया मुख्यमंत्री बनाया है। वसुंधरा राजे ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा जिसे विधायक दल ने बैठक में स्वीकार कर लिया । दिल्ली से आए पर्यवेक्षकों राजनाथ सिंह, सरोज पांडेय, विनोद तावड़े के सामने मुख्यमंत्री पर सहमति बनी।
जयपुर 12 दिसंबर : मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ के बाद अब राजस्थान में भी मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा हो गई। भाजपा ने यहां सबको चौंकाते हुए पहली बार के विधायक भजन लाल शर्मा को मुख्यमंत्री बनाया है। वो सांगानेर से विधायक हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की पृष्ठभूमि से आते भजनलाल शर्मा ब्राह्मण समाज से आते हैं। राजस्थान भाजपा के महामंत्री हैं भजन लाल शर्मा, भरतपुर के रहने वाले हैं।
bhajan lal sharma

भरतपुर के रहने वाले भजनलाल शर्मा पार्टी संगठन में लंबे समय से कार्यरत हैं। वो प्रदेश महामंत्री के तौर पर काम कर रहे थे। भाजपा ने उन्हें पहली बार जयपुर की सांगानेर सीट से उतारा। पहली बार में ही वो मुख्यमंत्री भी बन गए हैं। मौजूदा विधायक का टिकट काटकर भजनलाल को उतारा गया था।

जानिए कौन बने उप मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष?
जयपुर में विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री के लिए भजनलाल शर्मा के नाम की घोषणा हुई। वो सांगानेर से विधायक हैं। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा होंगे। दीया कुमारी विद्याधर नगर से विधायक हैं, वहीं प्रेम चंद बैरवा दूदू से एमएलए हैं। विधानसभा स्पीकर वासुदेव देवनानी को चुना गया है। वो अजमेर उत्तर से विधायक हैं। विधायक दल की बैठक में पार्टी के पर्यवेक्षक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सह-पर्यवेक्षक राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय और राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े की मौजूदगी में नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा हुई।

कौन हैं भजन लाल शर्मा, जानिए उनकी संपत्ति

भजन लाल शर्मा जयपुर के सांगानेर से विधायक हैं। उनकी संपत्ति का करीब 1.5 करोड़ रुपए है। इसमें 43.6 लाख रुपए की चल संपत्ति और एक करोड़ की अचल संपत्ति है। भजन लाल पहली बार विधायक बने और इसी बार उन्हें मुख्यमंत्री का पद मिल गया। सांगानेर पार्टी की एक सुरक्षित सीट मानी जाती है, जहां से भजन लाल शर्मा ने दावेदारी की और जीत दर्ज की। उन पर 46 लाख का कर्ज है। भजन लाल शर्मा पोस्ट ग्रेजुएट हैं।

पहली बार विधायक बने और मिल गया मुख्यमंत्री पद

56 साल के भजन लाल शर्मा पहली बार ही विधायक बने और मुख्यमंत्री का पद मिल गया। उनके पिता का नाम किशन स्वरूप शर्मा है। उनके गांव का नाम अटारी है। ये भरतपुर जिले नदबई तहसील में आता है।

भरतपुर में पले बढ़े, उच्च शिक्षा जयपुर में

भजनलाल शर्मा का जन्म एक सामान्य ब्राह्मण परिवार में हुआ। उनके पिता का नाम किशन स्वरूप शर्मा है। प्रारम्भिक शिक्षा उन्होंने अपने गांव अटारी में की। फिर गांव के पास गगवाना की राजकीय माध्यमिक स्कूल गगवाना में 10 कक्षा तक की पढ़ाई की। 11वीं और 12वीं कक्षा तक की पढाई राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नदबई (भरतपुर) में की। बाद में उच्च शिक्षा को वे जयपुर आए और एसएसजी सुबोध कॉलेज में एडमिशन लिया। सुबोध कॉलेज से उन्होंने बीए (स्नातक) किया। इसके बाद राजस्थान विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में एमए की पढ़ाई प्राइवेट की।

पहले एबीवीपी फिर संगठन में सक्रिय हुए

राजस्थान विश्वविद्यालय में अध्ययन के दौरान ही भजन लाल शर्मा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ गए। कुछ ही सालों बाद में संगठन में कार्य करने लगे। पिछले 20 साल से वे लगातार संगठन में भी पर्दे के पीछे रहकर कार्य करते रहे। राजनीति में कभी फ्रंट में आकर उन्होंने कोई बयान नहीं दिया। वे आरएसएस के एक ईमानदार और सबसे एक्टिव कार्यकर्ताओं में गिने जाते रहे हैं। पिछले 10 साल से वे भाजपा के संगठन महामंत्री हैं। अब पार्टी ने उन्हें पहली बार चुनाव लड़ाया और मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *