यूक्रेन में अब सिर्फ तीन हजार भारतीय,3352 देश पहुंचे, अगले 24 घंटे 15 और उडानें

ऑपरेशन गंगा :भारतीयों को खार्किव छोड़ने की समय-सीमा खत्म हुई; कल सुबह तक 800 भारतीयों को लेकर पहुंचेंगे 4 ग्लोबमास्टर

नई दिल्ली02 फरवरी।यूक्रेन के खार्किव में फंसे भारतीयों को तुरंत शहर छोड़ने की समय-सीमा खत्म हो चुकी है। कीव स्थित भारतीय एम्बेसी ने चेतावनी जारी करते हुए कहा था कि भारतीय हर हाल में शाम 6 बजे (भारतीय समयानुसार 9.30 बजे) तक खार्किव को छोड़ दें। ये अलर्ट रूस से मिले इनपुट के बाद जारी किया गया। भारतीय एम्बेसी ने करीब तीन घंटे पहले जारी दूसरे अलर्ट में कहा कि छात्र पैदल ही पास के शहरों पोसेचिन, बाबई और बेजुल्योदोव्का पहुंचें।

इस अलर्ट के बाद ही खार्किव में फंसे भारतीय छात्रों के पैदल ही दूसरे शहरों की ओर निकलने की खबर है। खार्किव से पोसेचिन 11 किलोमीटर, बाबई 12 किलोमीटर और बेजुल्योदोव्का 16 किलोमीटर दूर है। लेकिन अब इस अलर्ट की समय-सीमा खत्म हो चुकी है। यह पता नहीं है कितने भारतीय पास के तीन शहरों तक पहुंचे और कितने अभी भी खार्किव में ही फंसे हुए हैं।

खार्किव रेलवे स्टेशन पर हजारों भारतीय फंसे हुए हैं, क्योंकि यहां से ट्रेनें नहीं चल रही हैं। भारतीय एम्बेसी की ओर से अलर्ट जारी होने के थोड़ी ही देर बाद वहां की सिटी काउंसिल पर मिसाइल अटैक भी हुआ है।

यूक्रेन में अब सिर्फ 3 हजार भारतीय ही फंसे

यूक्रेन में अब केवल करीब तीन हजार भारतीय ही फंसे हैं। अब तक 17 हजार भारतीय यूक्रेन छोड़ चुके हैं। इनमें से 3352 भारत आ चुके हैं। बाकी लाए जा रहे हैं। अगले 24 घंटों में 15 उड़ानें अलग-अलग देशों से उन्हें एयरलिफ्ट करेंगी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बताया पिछले 24 घंटों के दौरान, 6 उड़ानें भारत में उतरी हैं।

800 भारतीयों के साथ आज रात कल सुबह तक आएंगे चार C-17 ग्लोबमास्टर

वायुसेना का C-17 ग्लोबमास्टर 200 भारतीयों को लेकर आज रात 1.30 बजे रोमानिया से लौटेगा। वायु सेना कुल चार विमान लगभग 800 भारतीय नागरिकों के साथ रात 1.30 बजे से कल सुबह 8 बजे के बीच हिंडन एयरबेस पर उतरेंगे। पोलैंड और हंगरी से दो विमान गुरुवार तड़के लौटेंगे। 10 फ्लाइट्स से 2305 भारतीयों को एयरलिफ्ट किया गया है। वहीं, हंगरी के बुडापेस्ट से भारतीय छात्रों को लेकर स्पाइसजेट की फ्लाइट दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंची। इंडियन एयरफोर्स का कहना है कि भारतीयों को निकालने के लिए प्रतिदिन 4 विमान उड़ाए जाने की तैयारी है।

मोदी बोले- 4 मंत्रियों को भेजा है, कोई कसर नहीं छोड़ेंगे

उत्तर प्रदेश के रॉबर्ट्सगंज की चुनावी सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- हम ऑपरेशन गंगा में यूक्रेन में फंसे लोगों को निकालने को हर संभव प्रयास कर रहे हैं। हजारों नागरिकों को भारत वापस लाया गया है। मिशन को गति देने के लिए भारत ने अपने 4 मंत्रियों को वहां भेजा है, भारतीयों की सुरक्षित यात्रा को कोई कसर नहीं छोड़़े़ंगेें।

 

एअर इंडिया का दसवां विमान दिल्ली पहुंचा

बुधवार को दसवां विमान भारतीयों को लेकर दिल्ली पहुंचा। इसके पहले 9वीं उड़ान में रात 1.30 बजे 218 भारतीय दिल्ली पहुंचे थे। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली एयरपोर्ट पर छात्रों का स्वागत किया। ऑपरेशन गंगा में अब तक 10 फ्लाइट्स से कुल 2,305 भारतीयों को देश वापस लाया जा चुका है। आज कुल 7 फ्लाइट्स यूक्रेन के आसपास के देशों से भारतीयों को लेकर स्वदेश पहुंचेंगीं।

स्मृति ईरानी ने चार भाषाएं बोलकर यात्रियों का स्वागत किया

दिल्ली एयरपोर्ट पर यूक्रेन से लौटे छात्रों का स्वागत करतीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी।

केद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने दिल्ली एयरपोर्ट पर मलयालम, बांग्ला, गुजराती और मराठी भाषी स्टूडेंट का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि घर वापस आने पर आपका स्वागत है। आपके परिवार सांसें रोक कर इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आप सभी ने यूक्रेन में अपने साहस का परिचय दिया है। अब आप अपने देश भारत आ चुके हैं, इसके लिए आप फ्लाइट के क्रू मेंबर को भी धन्यवाद दें।

सिंधिया बोले- मोलदोवा का बॉर्डर भी भारतीयों के लिए खुला

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुखारेस्ट एयरपोर्ट पर फ्लाइट का इंतजार कर रहे भारतीय छात्रों के साथ बातचीत की।

उधर, ऑपरेशन गंगा की निगरानी के लिए रोमानिया के बुखारेस्ट पहुंचे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ‌वहां इंतजार कर रहे भारतीयों से बात की। वे रोमानिया और मोलदोवा के राजदूत से भी मिले। सिंधिया ने बताया कि मोलदोवा का बॉर्डर भी भारतीयों के लिए खोल दिया गया है। वहां पहुंचने वाले भारतीयों के ठहरने का भी इंतजाम कर दिया गया है।

पोलैंड एम्बेसी की एडवाइजरी, बुडोमाइर्ज बॉर्डर से एंट्री करें

पोलैंड में इंडियन एम्बेसी ने वहां पहुंच रहे भारतीयों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि यूक्रेन के ल्वीव, टर्नोपिल और पश्चिमी हिस्सों से पोलैंड आ रहे भारतीयों को आसान एंट्री के लिए बुडोमाइर्ज बॉर्डर चेक पॉइंट का उपयोग करना चाहिए। वहां इंडियन एम्बेसी ने अधिकारी भी तैनात कर दिए हैं। पोलैंड में प्रवेश को शिहाइनी-मिडाइका बॉर्डर का उपयोग करने से बचें। वहां काफी भीड़भाड़ है। इस बीच पोलैंड से भारतीयों को लेकर पहली फ्लाइट रवाना हो गई है।

यूक्रेन अपडेट्स…

1-केंद्रीय मंत्री वीके सिंह पोलैंड के बुडोमिर्ज पहुंच गए हैं। ये जानकारी उन्होंने ट्वीट करके दी है।
2-स्पाइसजेट 2-3 मार्च को दिल्ली से कोसिसे के लिए और 4-5 मार्च को दिल्ली और अमृतसर से बुखारेस्ट के लिए फ्लाइट भेजेगा।
3-स्पाइसजेट 3-4 मार्च को स्लोवाकिया के कोसिसे से और 4-6 मार्च को रोमानिया के बुखारेस्ट से अपने बोइंग 737 मैक्स विमान से भारतीयों को वापस लाएगा।
4-यूक्रेन से भारतीयों को निकालने के लिए कानून मंत्री किरेन रिजिजू, कोसिसे के स्लोवाकिया शहर पहुंच गए हैं।
5-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हाई लेवल मीटिंग में वायुसेना से मदद लेने का फैसला लिया गया।
6-विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने बताया कि PM ने भारतीयों को निकालने के लिए 3 दिन में 26 फ्लाइट्स भेजने का फैसला किया है।
7-भारतीयों को एयरलिफ्ट करने के लिए बुखारेस्ट और बुडापेस्ट के अलावा पोलैंड और स्लोवाक के एयरपोर्ट का भी इस्तेमाल किया जाएगा।
8-विदेश मंत्रालय ने बताया 8 मार्च तक बुडापेस्ट, बुखारेस्ट समेत अन्य स्थानों पर कुल 46 फ्लाइट भेजी जाएंगी।
9-रोमानिया के बुखारेस्ट में 29 फ्लाइट्स जाएंगी। इनमें 13 एअर इंडिया की, 8 एअर इंडिया एक्सप्रेस की, 5 इंडिगो की, 2 स्पाइसजेट की और एक इंडियन एयरफोर्स का एयरक्रॉफ्ट होगा।
10-बुडापेस्ट में 10 फ्लाइट्स जाएंगी। इनमें से 7 इंडिगो की, 2 एअर इंडिया की और एक स्पाइस जेट की फ्लाइट होगी।
11-पोलैंड में इंडिगो की 6 फ्लाइट, कोसिसे में स्पाइस जेट की एक फ्लाइट जाएगी।
12-एअर इंडिया की फ्लाइट की कैपेसिटी 250 यात्रियों की है, जबकि एअर इंडिया एक्सप्रेस में 180, इंडिगो की 216 और स्पाइस जेट की 180 यात्रियों की क्षमता है।
13-श्रृंगला ने बताया- हमारे सभी नागरिकों ने कीव छोड़ दिया है। हमारी जानकारी के मुताबिक कीव में हमारे और नागरिक नहीं हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *