दुखद: नहीं रहे विधायक गंगोत्री गोपाल रावत, मंत्री रेखा आर्य की बहन ने भी एम्स में ली आखिरी सांस

नहीं रहे गंगोत्री उत्तरकाशी के लोकप्रिय विधायक गोपाल रावत, कैंसर से थे पीड़ित
चालीस वर्षों तक सक्रिय राजनीति में रहे गोपाल रावत, छात्रसंघ अध्यक्ष, पालिका सभासद, ब्लाक प्रमुख और विधायक के तौर पर दी सेवाएं, निधन की सूचना मिलते ही उत्तरकाशी में दौड़ी शोक की लहर।

गंगोत्री विधायक गोपाल रावत

गंगोत्री विधायक गोपाल रावत का गुरुवार को देहरादून में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह कैंसर से पीड़ित थे और बीते दिसंबर माह से उनका उपचार चल रहा था। उनके निधन की खबर से जिले में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। उनके पार्थिव शरीर को उत्तरकाशी लाया जा रहा है। शुक्रवार को केदारघाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
छात्र जीवन से ही समाजसेवा में सक्रिय रहे गोपाल रावत ने वर्ष 1984 में पीजी कालेज उत्तरकाशी में छात्र संघ अध्यक्ष बनने के साथ अपने राजनीतिक जीवन की शुरूआत की। इसके बाद वे उत्तरकाशी नगर पालिका में सभासद चुने गए। इस दौरान उन्होंने पूर्व काबीना मंत्री बलदेव सिंह आर्य के साथ पीआरओ के तौर पर सेवाएं दीं।
वर्ष 1996 में गोपाल रावत डुंडा प्रखंड के ब्लाक प्रमुख चुने गए। वर्ष 2002 तक ब्लाक प्रमुख के तौर पर राजनीति में सक्रिय रहने के बाद वर्ष 2005 में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की और वर्ष 2007 में गंगोत्री विधानसभा से विधायक चुने गए। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में हार के बाद उन्होंने वर्ष 2017 के चुनाव में रिकार्ड मतों से जीत हासिल की।

डुंडा प्रखंड के ढुंगालगांव धनारी निवासी एडवोकेट कुंदन सिंह रावत के पुत्र गोपाल रावत का जन्म 24 फरवरी 1959 को हुआ था। महज 62 वर्ष के जीवन काल में चालीस सालों तक सक्रिय राजनीति में रहे गोपाल रावत ने हमेशा क्षेत्र हित में कार्य किया। दूसरे विधायक कार्यकाल में उन्होंने बड़ी संख्या में सड़क से अछूते गांवों के लिए सड़कें स्वीकृत कराईं।

क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों, मृदुभाषी, मिलनसार तथा स्पष्टवादी छवि के कारण वह क्षेत्र की जनता में खासे लोकप्रिय रहे। बीते दिसंबर माह से उनका स्वास्थ्य खराब चल रहा था। चिकित्सकों के अनुसार उन्हें नसों से संबंधित दिक्कत के साथ ही कैंसर था। मुंबई में लंबे इलाज के बाद वे बीते दो माह से देहरादून में ही उपचार करा रहे थे।

गुरुवार को देहरादून स्थित गोविंद अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही जिले में शोक व्याप्त है। विधायक गोपाल रावत अपने पीछे पत्नी, दो बेटी और एक पुत्र समेत भरापूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके पार्थिव शरीर को उत्तरकाशी लाकर शुक्रवार को केदारघाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

गंगोत्री विधायक के निधन पर जताया शोक

भारतीय जनता पार्टी से गंगोत्री के विधायक गोपाल सिंह रावत के आकस्मिक निधन पर मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, निवर्तमान मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत और विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने गहरा शोक व्यक्त किया है। विधानसभा अध्यक्ष ने गंगोत्री विधायक के निधन को उत्तराखंड के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

राज्यमंत्री रेखा आर्य की बहन की कोरोना से मौत, ऋषिकेश मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार

राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रेखा आर्य की बड़ी बहन वैजयंती बाला की एम्स ऋषिकेश में मौत हो गई।
उत्तराखंड शासन में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रेखा आर्य की बड़ी बहन वैजयंती बाला की एम्स ऋषिकेश में मौत हो गई। इनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार ऋषिकेश मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। मंत्री रेखा आर्य स्वयं यहां मौजूद रही।
उत्तराखंड शासन में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रेखा आर्य की बड़ी बहन वैजयंती बाला की एम्स ऋषिकेश में मौत हो गई। इनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार ऋषिकेश मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। मंत्री रेखा आर्य स्वयं यहां मौजूद रही।

एम्स प्रशासन के मुताबिक उत्तराखंड सरकार में मंत्री रेखा आर्य की बड़ी बहन वैजयंती बाला ((51 वर्ष,पत्नी गिरधारी लाल,निवासी बरेली उत्तर प्रदेश) को 16 अप्रैल को बरेली से एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया था। उन्हें किडनी संबंधित शिकायत थी। एम्स में उनकी कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। यहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। एम्स चौकी प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि गुरुवार की सुबह उनका निधन हो गया। बहन के निधन की सूचना पाकर मंत्री रेखा आर्य एम्स पहुंची। गुरुवार की शाम गंगा तट मुक्तिधाम में निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप उनका अंतिम संस्कार किया गया। मंत्री रेखा आर्य स्वयं मुक्तिधाम में मौजूद रही।

मेरा बूथ कोरोना मुक्त अभियान में बांटे मास्क

भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की परवादून जिलाध्यक्ष रचिता ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर भाजपा महिला मोर्चा कार्यकर्ता मेरा बूथ कोरोना मुक्त अभियान कार्यक्रम चला रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पूरे जनपद में महिला मोर्चा की कार्यकर्ता कोरोना से बचाव के लिए जन जागरूकता अभियान चलाने के साथ मास्क व सैनिटाइजर इत्यादि भी वितरित कर रही हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ऋतु खंडूरी के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में यह अभियान चलाए जाने के साथ हेल्पलाइन भी लांच की गई है। उधर भारतीय जनता पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी संपूर्ण सिंह रावत ने बताया कि जिला स्तर पर ऋषिकेश, विकासनगर व डोईवाला में तीन कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में मेरा बूथ कोरोना मुक्त कार्यक्रम को बढ़ावा दिया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी माजरी ग्रांट मंडल अध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आम जनता को जागरूक कर उनसे वैक्सीनेशन कराने की अपील भी कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *