महापौर अनिता ने मुख्यमंत्री को भेंट की गंगाजली, विस अध्यक्ष ने ऋषिकेश में मनाया फूलदेई पर्व

लोकपर्व फूलदेई पर महापौर ने मुख्यमंत्री को गंगा जली भेंट की, विधानसभा अध्यक्ष ने बच्चों संग मनाया पर्व
महापौर अनिता ममगाईं ने मुख्यमंत्री आवास पर पहुंच मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
उत्तराखंड में लोकपर्व फूलदेई की बयार के बीच नगर निगम महापौर अनिता ममगाईं ने मुख्यमंत्री आवास पर पहुंच राज्य के नये मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। रविवार की सुबह नगर निगम महापौर अपने पति डॉक्टर हेतराम ममगाई के साथ मुख्यमंत्री आवास पहुंची।

ऋषिकेश 14 मार्च: उत्तराखंड में लोकपर्व फूलदेई की बयार के बीच नगर निगम महापौर अनिता ममगाईं ने मुख्यमंत्री आवास पर पहुंच राज्य के नये मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। रविवार की सुबह नगर निगम महापौर अपने पति डॉक्टर हेतराम ममगाई के साथ मुख्यमंत्री आवास पहुंची। जहां उन्होंने पतित पावनी मां गंगा की पवित्र गंगा जली मुख्यमंत्री को भेंट कर उनके स्वर्णिम भविष्य की कामना की। उन्होंने मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड का पारंपरिक फूलदेई त्योहार बच्चों के साथ मनाया। महापौर ममगाई ने बताया कि प्रकृति संरक्षण हमारी संस्कृति में है।
यह बड़ी खुशी की बात है कि हमारे बच्चों में अपनी संस्कृति और परंपराओं से लगाव बना हुआ है। हमें अपनी प्राचीन संस्कृति को संजोकर रखने की जरूरत है। प्रकृति के इस त्योहार को संजोए रखने के लिए सबको मिलकर प्रयास करने होंगे। फूलदेई का त्योहार सुख-शांति की कामना का प्रतीक है। महापौर ने इस मौके पर राज्य के नए मुखिया के उज्जवल भविष्य की मंगल कामना भी की।

विधानसभा अध्यक्ष ने ऋषिकेश में बच्चों संग मनाया फूलदेई

विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने बैराज स्थित अपने कैंप कार्यालय में उत्तराखंड का पारंपरिक फूलदेई त्योहार बच्चों के साथ मनाया। कैम्प कार्यालय की दहलीज पर फूल डालने के बाद बच्चों ने विधानसभा अध्यक्ष को रंग लगाया। साथ ही फूल-फूलमाई दाल दे, खूब-खूब खज्जा. समेत अन्य फुलारी के गीत गाए। विधानसभा अध्यक्ष ने शगुन में बच्चों को मुट्ठी भर चावल और गेहूं भेंट किए।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि त्यौहार हम उत्तराखंडवासियों कोे प्रकृति के प्रति अपने कर्त्तव्यों की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे त्यौहार हमें संस्कृति के साथ संजो कर रखते है। श्री अग्रवाल ने प्रकृति के इस त्यौहार की बच्चों को बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह पर्व उत्तराखण्ड की संस्कृति को उजागर करता है।


श्री अग्रवाल ने कहा कि फूलदेई उत्तराखण्ड की प्राचीन परम्परा है। नव वर्ष के आगमन पर बच्चे घरों में जाकर पुष्पदान करते है और बड़ों का आशीर्वाद लेते हैं। प्रकृति के इस त्यौहार को संजोए रखने के लिए सबको मिलकर प्रयास करने होंगे। फूलदेई का त्योहार सुख शांति की कामना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह बड़ी खुशी की बात है कि हमारे बच्चों में अपनी संस्कृति और परंपराओं से लगाव बना हुआ है।
इस अवसर पर ऋषिकेश मंडल के अध्यक्ष दिनेश सती, श्यामपुर मंडल अध्यक्ष गणेश रावत, श्यामपुर मंडल महामंत्री रवि शर्मा, भूपेंद्र रावत, वीर भद्र मंडल महामंत्री सुरेंद्र सिंह, जयंत किशोर शर्मा, महावीर चमोली, अनीता तिवारी, सुशीला बिष्ट सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *