राहत:पांच दिन में पहली बार चार लाख से कम केस,55 दिन में सबसे कम 8907एक्टिव केस

5 दिन में पहली बार 4 लाख से कम केस:बीते 24 घंटे में सिर्फ 8,907 एक्टिव केस बढ़े, यह बीते 55 दिन में सबसे कम; लेकिन ऐसा टेस्टिंग घटने से हुआ हो सकता है
नई दिल्ली 10 मई।देश में कोरोना की दूसरी लहर के बीच सोमवार को राहत भरी खबर आई। नए रोगियों का आंकड़ा 5 दिन में पहली बार 4 लाख से नीचे आ गया। बीते 24 घंटे में यहां 3 लाख 66 हजार 317 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। 3 लाख 53 हजार 580 लोग ठीक भी हुए, जबकि 3,747 लोगों ने जान गंवाई।

इस तरह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे रोगियों की संख्या में सिर्फ 8,907 की बढ़ोतरी हुई। यह आंकड़ा पिछले 55 दिन में सबसे कम है। इससे पहले 16 मार्च को 10,934 एक्टिव केस बढ़े थे। हालांकि, ऐसा टेस्टिंग में कमी की वजह से भी हुआ है, क्योंकि बीते दिन देश में सिर्फ 14.74 लाख टेस्ट किए गए। इससे पहले यह आंकड़ा 18 लाख के पार था।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 3.66 लाख
बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 3,747
बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 3.53 लाख
अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.26 करोड़
अब तक ठीक हुए: 1.86 करोड़
अब तक कुल मौतें: 2.46 लाख
अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 37.41 लाख

18 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां

देश के 18 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

14 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन

देश के 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और गुजरात शामिल हैं।

कोरोना अपडेट्स

पुड्डुचेरी के मुख्यमंत्री एन रंगास्वामी कोरोना पॉजिटिव हो गए। उनका चेन्नई के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। राज्यपाल तमिलिसाई साउंडाराजन ने उनके हालचाल जाना, साथ ही उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
इस बीच,ओडिशा के मशहूर मूर्तिकार और राज्यसभा सांसद रघुनाथ मोहापात्रा का रविवार को निधन हो गया। वे पिछले सप्ताह कोरोना से संक्रमित हुए थे। इसके बाद से उनका भुवनेश्वर के एम्स में इलाज चल रहा था। 1943 में जन्मे मोहापात्रा पद्मश्री,पद्म भूषण और पद्म विभूषण से सम्मानित थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पंजाब, कर्नाटक, बिहार और उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों के साथ कोरोना की स्थिति पर बात की। इससे पहले शनिवार को महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, तमिलनाडु के मुख्यमंत्रियो से बात की थी।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली में लॉकडाउन को एक हफ्ते के लिए बढ़ाया जा रहा है। लॉकडाउन अगले सोमवार सुबह 5 बजे तक लागू रहेगा। दिल्ली में कल से मेट्रो चलनी बंद होगी। दिल्ली में 26 अप्रैल के बाद से कोरोना के केस कम होने शुरू हुए और पिछले एक-दो दिन में पॉजिटिविटी रेट 35% से घटकर 23% हो गया है।
उत्तर प्रदेश में आंशिक कोरोना कर्फ्यू 17 मई तक बढ़ाया गया है। उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने इसकी जानकारी दी। इससे पहले उत्तर प्रदेश में कोरोना कर्फ्यू की मियाद 10 मई को खत्म हो रही थी।

प्रमुख राज्यों के हाल

1. महाराष्ट्र

यहां रविवार को 48,401 लोग संक्रमित पाए गए। 60,226 लोग रिकवर हुए और 572 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 51.01 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 44.07 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 75,849 लोगों की मौत हो गई। 6.15 लाख मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

2. उत्तर प्रदेश

यहां रविवार को 23,333 लोग संक्रमित पाए गए। 34,636 लोग रिकवर हुए और 296 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 15.03 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 12.54 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 15,464 मरीजों ने दम तोड़ दिया। 2.33 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।

3. दिल्ली

दिल्ली में रविवार को 13,336 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। यह आंकड़ा पिछले 39 दिन में सबसे कम है। इससे पहले 12 अप्रैल को 11,491 केस आए थे। 14,738 लोग ठीक हुए और 273 की मौत हो गई। अब तक 13.23 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 12.17 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 19,344 मरीजों की मौत हो चुकी है। 86,232 का इलाज चल रहा है।

4. छत्तीसगढ़

यहां रविवार को 9,120 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 13,243 लोग ठीक हुए और 189 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 8.51 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7.14 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,570 मरीजों की मौत हो चुकी है। 1.26 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।

5. गुजरात

राज्य में रविवार को 11,084 लोग संक्रमित मिले। 14,770 लोग रिकवर हुए और 121 की मौत हो गई। अब तक 6.81 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 5.33 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 8,394 मरीजों की मौत हो चुकी है। 1.39 लाख मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है।

6. मध्यप्रदेश

राज्य में रविवार को 11,051 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 4,538 लोग ठीक हुए और 86 की मौत हो गई। अब तक 6.71 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 5.56 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 6,420 लोगों की मौत हो चुकी है। 1.08 लाख मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *