मतदान शाम 5 बजे:सर्वाधिक 76.10% त्रिपुरा,सबसे कम बिहार 46.32%,UK 53.56%

21 राज्यों की 102 सीटों पर वोटिंग:मणिपुर में फायरिंग, 5 बूथ पर वोटिंग रोकी, बंगाल में हिंसा; त्रिपुरा में सबसे ज्यादा मतदान

मणिपुर में बिष्णुपुर जिले के थमनपोकपी में मतदान केंद्र पर गोलीबारी

नई दिल्ली 18 अप्रैल 2024.   लोकसभा के फर्स्ट फेज में 21 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों की 102 सीटों पर वोटिंग हुई। सीटों के हिसाब से यह सबसे बड़ा फेज है। वोटिंग शाम 6 बजे तक चली।

PM मोदी ने सभी से वोट डालने की अपील की। उन्होंने हिंदी, तमिल, मराठी समेत 5 भाषाओं में ट्वीट किया।

वोटर टर्नआउट ऐप के मुताबिक, दोपहर 3 बजे तक सबसे ज्यादा वोटिंग त्रिपुरा में 68.35% हुई। सबसे कम वोटिंग बिहार में 39.73% हुई। 21 राज्यों में वोटिंग का एवरेज 53% है।

वोटिंग में मणिपुर के बिष्णुपुर में फायरिंग, बंगाल के कूचबिहार में हिंसा और छत्तीसगढ़ के बीजापुर में ग्रेनेड ब्लास्ट हुआ। ब्लास्ट में एक असिस्टेंट कमांडेंट और जवान घायल।

मणिपुर की दो लोकसभा सीटों (मणिपुर इनर और मणिपुर आउटर) पर भी इस फेज में वोटिंग है। हिंसा देखते हुए आउटर सीट के कुछ हिस्सों में 26 अप्रैल को भी वोटिंग होगी।

2019 में इन 102 लोकसभा सीटों पर भाजपा ने 40, DMK ने 24, कांग्रेस ने 15 सीटें जीती थीं। अन्य को 23 सीटें मिली थीं। इस फेज में अधिकतर सीटों पर मुकाबला इन्हीं 3 दलों में है।

फर्स्ट फेज में 1,625 कैंडिडेट्स चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें 1,491 पुरुष, 134 महिला कैंडिडेट हैं। 8 केंद्रीय मंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री,पूर्व राज्यपाल और पूर्व जज भी चुनाव मैदान में हैं।

26 अप्रैल को दूसरे फेज की वोटिंग होगी। कुल 7 फेज में 543 सीटों पर 1 जून को मतदान खत्म होगा। सभी सीटों के रिजल्ट 4 जून को आएंगे।

राजस्थान की 12 लोकसभा सीटों पर वोटिंग
उत्तर प्रदेश की 8 लोकसभा सीटों पर वोटिंग
मध्य प्रदेश की 6 लोकसभा सीटों पर वोटिंग
बिहार की 4 लोकसभा सीटों पर वोटिंग
छत्तीसगढ़ की बस्तर लोकसभा सीट पर वोटिंग
तमिलनाडु के डिंडीगुल में 102 साल की महिला रेड्डीआर्चत्रम ने वोट डाला

कैराना में 2.5 फीट के अजीम मंसूरी ने वोट डाला

उत्तर प्रदेश के कैराना में 2.5 फुटे अजीम मंसूरी ने अपनी पत्नी बुशरा के साथ वोट डाला। दोनों ने शादी के बाद पहली बार मतदान किया। अजीम ने कहा- वह मोहब्बत और भाईचारे को वोट डालने आए हैं।

बिहार के नक्सल प्रभावित इलाकों में शाम 4 बजे वोटिंग खत्म
बिहार में नक्सल प्रभावित इलाकों में शाम चार बजे वोटिंग खत्म हो गई। हालांकि, जो वोटर मतदान केंद्र पहुंच गए और लाइन में खड़े है, उन्हें मतदान कराया जा रहा है। इस तरह पंद्रह विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्र हैं। अभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में वोटिंग शाम 6 बजे तक हुई।

नगालैंड के 6 जिलों में वोटिंग जीरो
नगालैंड के 6 जिलों में वोटिंग नहीं हुई। ये जिले मोन, लॉन्गलेंग, तुएनसान्ग, नोकलाक, शामाटोर और किफिरे सभी पूर्वी नगालैंड में आते हैं। ईस्टर्न नगालैंड पीपुल्स ऑर्गेनाइजेशन इन जिलों के लिए अलग प्रशासन और अधिक वित्तीय स्वतंत्रता की मांग कर रहा है। इस संगठन ने इन जिलों के लोगों से चुनाव का बहिष्कार करने की अपील की थी।

अभिनेत्री उर्वशी रौतेला ने उत्तराखंड के कोटद्वार में वोट डाला
फिल्म अभिनेत्री उर्वशी रौतेला ने उत्तराखंड के कोटद्वार  पहुंचकर वोट डाला। यहां उनका पैतृक घर है। उर्वशी ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय सितापुर के बूथ पर वोट डाला। वो मुंबई से वोट डालने पहुंचीं थीं।

लंदन से वोट देने पहुंचीं अनूपपुर की श्रद्धा
शहडोल संसदीय क्षेत्र के अनूपपुर में रहने वाली श्रद्धा बियानी लंदन से वोट डालने पहुंची। श्रद्धा ने वार्ड नंबर 12 में मतदान किया। श्रद्धा यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन में आर्किटेक्ट की छात्रा हैं। श्रद्धा ने कहा कि विदेश में पढ़ते बच्चों को वहीं से वोट डालने की सुविधा मिलनी चाहिए।

कांग्रेस का आरोप- पुलिस के सामने हमारे एजेंट्स को खदेड़ा जा रहा
मणिपुर में फायरिंग, बूथ कैप्चरिंग और EVM में तोड़फोड़ की खबरों के बीच कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि उनके बूथ एजेंट्स पुलिस के सामने भगाये जा रहे हैं। मणिपुर कांग्रेस उपाध्यक्ष देब्रत सिंह ने कहा कि ये सब राज्य सरकार करवा रही है। कांग्रेस कई मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान की अपील करेगी। सुरक्षाकर्मियों से कांग्रेस उम्मीदवार की बहस पर टिप्पणी करते हुए देब्रता ने कहा कि यह घटना खुद पुलिस अधिकारियों के चुनाव आचार संहिता का खुला उल्लंघन था।

गढ़चिरौली में 3 बजे मतदान खत्म
महाराष्ट्र के नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली जिले में दोपहर 3 बजे मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई।

उधमपुर में 109 साल के बुजुर्ग ने की वोटिंग
109 साल के बुजुर्ग तिरलोक सिंह ने जम्मू-कश्मीर के उधमपुर के पिंगर-ए पोलिंग बूथ पीएस थाले में वोट डाला

बस्तर लोकसभा की 6 विधानसभा क्षेत्रों में 3 बजे मतदान खत्म
बीजापुर जिले के नरोनापल्ली मतदान केंद्र-35 में थर्ड जेंडर वोटर्स ने मतदान किया।
बस्तर लोकसभा की 6 विधानसभा क्षेत्रों में 3 बजे मतदान खत्म हो गया। अन्य दो विधानसभा सीटों जगदलपुर और बस्तर में 5 बजे तक मतदान होगा

इंफाल ईस्ट में 5 बूथों पर मतदान रोका गया
ईस्ट इंफाल डीसी ने बताया कि लोगों ने अनियमितताओं का आरोप लगाने पर हंगामे के बाद कुल 5 बूथों पर मतदान रोका गया है, जिनमें से 2 पूर्वी इंफाल में और 3 पश्चिमी इंफाल में हैं।

मैतेई ग्रुप ने पोलिंग स्टेशन पर कब्जा किया
इंफाल में पुलिस की मौजूदगी में मैतेई ग्रुप अरामबाई टैंगोल ने हट्‌टा पोलिंग स्टेशन कब्जा लिया। इसके अलावा कम मतदान से कांगपोकपी जिले के कई मतदान केंद्र वीरान दिख रहे हैं। हालांकि कूकी बहुल एक अन्य क्षेत्र चर्चानपुर जिले में दोपहर एक बजे तक 50 प्रतिशत मतदान हो गया।

विदाई से पहले नवविवाहित बहनों ने किया मतदान
राजस्थान में करौली के लैदौर कला में बूथ नंबर 206 पर दो नवविवाहित बहनों ने विदाई पूर्व मतदान किया। लैदोर कला के सुरेश जाटव की दो बेटियों रचना और अर्चना की 18 अप्रैल को शादी हुई।

तमिलनाडु में 102 साल की वोटर
तमिलनाडु के डिंडीगुल में 102 साल की चिनम्मा ने मतदान किया।
भाजपा जॉइन कर चुके छिंदवाड़ा महापौर ने नकुलनाथ के लिए मांगा समर्थन
एमपी में छिंदवाड़ा के महापौर विक्रम अहाके ने कुछ दिन पहले बीजेपी ज्वॉइन की थी। लेकिन उन्होंने कांग्रेस कैंडिडेट नकुलनाथ के लिए समर्थन मांगा। उन्होंने वीडियो जारी कर कहा, कुछ दिन पहले मैंने भाजपा  जॉइन की, इसी दिन से मुझे घुटन महसूस हो रही थी। लगा रहा था कि उस इंसान से गलत  हो रहा है,जिसने छिंदवाड़ा विकसित किया और लोगों के दुख-दर्द में मदद की।’

11 बजे तक वोटर टर्नआउट, बंगाल में ज्यादा वोटिंग

मुरादाबाद में मुस्लिम महिला कर्मचारियों को बुर्का पहनाकर तैनात किया
जिलाधिकारी  मुरादाबाद  ने फर्जी मतदान रोकने को एक अनूठी पहल की है। मुस्लिम बहुल मतदान केंद्रों पर मुस्लिम महिला कर्मचारियों को बुर्का पहनाकर तैनात किया। ये महिला कर्मचारी बुर्कानशीं मतदाताओं का हिजाब उठाकर आईडी फोटो से मिलान कर रही हैं।

सहारनपुर में EVM खराब, 1 घंटे मतदान रुका
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर की कोतवाली मंडी के झोटे वाला में बूथ संख्या 62 पर EVM खराब हो गई। 1 घंटे मतदान रुका रहा। वोट डालने आए कुछ वोटर परेशान होकर घर लौट गए।

बीजापुर में दूसरा ब्लास्ट, CRPF के असिस्टेंट कमांडेट घायल
छत्तीसगढ़ के बस्तर लोकसभा सीट पर चुनाव के बीच बीजापुर के चिहका में IED ब्लास्ट हुआ है। इसमें एरिया डॉमिनेशन पर निकले CRPF के असिस्टेंट कमांडेंट मनु एचसी को बाएं पैर और बाएं हाथ में चोट आई। CRPF जवान चिहका पोलिंग बूथ के आसपास एरिया डॉमिनेशन को निकले थे। इससे पहले बीजापुर में पोलिंग बूथ से 500 मीटर दूर ग्रेनेड ब्लास्ट हुआ। जिसमें एक जवान घायल हुआ।

बिहार के नवादा में एक बूथ पर एक भी वोटर नहीं पहुंचा
बिहार में नवादा के दनिया कौआकोल मतदान केंद्र पर सुबह 11.30 बजे तक कोई वोटर नहीं पहुंचा। यहां वोटरों ने बूथ दूसरी जगह बनाने के विरोध में वोटिंग का बहिष्कार कर दिया । नवादा में बूथ संख्या 234 से सिपाही एसएलआर रायफल और 20 गोलियां चोरी होने पर सस्पेंड हो गया।

3 किलोमीटर पहाड़ी पार कर वोट देने पहुंचे ग्रामीण
बस्‍तर लोकसभा सीट के गुटूररास इलाके के ग्रामीण 3 किलोमीटर पैदल चलकर पहाड़ी पार कर वोट देने मिरीवाड़ा पहुंचे। ग्रामीणों के अनुसार मतदान से गांव में विकास होगा। पानी और सड़क की सुविधा पहुंचेगी।

झुंझुनूं में आईआरएस अधिकारी ने 21 किलोमीटर दौड़कर मतदान किया
राजस्थान में झुंझुनूं के आईआरएस अधिकारी सुशील कुलहरी ने 21 किलोमीटर दौड़ लगाकर मतदान किया। सुशील ने जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय से अपने गांव तिलोका का बास के मतदान केंद्र तक 21 किलोमीटर हाफ मैराथन लगाकर मतदान किया। उनका बेटा साइकिल चलाकर साथ रहा। सुशील ने मई 2019 के लोकसभा चुनाव और नवंबर 2023 के विधानसभा चुनाव में भी अपने परिवार एवं मित्रों के साथ मतदान केंद्र तक 21 किलोमीटर की दौड़ लगाकर मतदान कर मतदाताओं को मतदान को प्रेरित किया था।

दिव्यांगों-बुजुर्गों को रथ में बैठाकर वोटिंग के लिए लाया गया
महाराष्ट्र के नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली में नए मतदाताओं, दिव्यांगों और बुजुर्गों को रथ में बैठाकर वोटिंग को लाया गया

9 बजे तक बंगाल में सबसे ज्यादा वोटिंग

मणिपुर में मतदान केंद्र पर फायरिंग में 3 घायल, EVM में तोड़फोड़
मणिपुर के इनर मणिपुर लोकसभा सीट पर फायरिंग हुई। बिष्णुपुर जिले के थमनपोकपी में एक मतदान केंद्र पर गोलीबारी में 3 लोग घायल हुए हैं। वहीं इम्फाल पूर्व के थोंगजू के एक बूथ पर EVM में तोड़फोड़ की खबर है। राज्य की दो सीटों- इनर मणिपुर और आउटर मणिपुर सीट पर आज वोटिंग हो रही है। आउटर सीट के हिंसा प्रभावित इलाकों के कुछ बूथ पर 26 अप्रैल को भी वोटिंग होगी। मणिपुर में पिछले साल 3 मार्च से हिंसा जारी है।

दुनिया की सबसे छोटी महिला ज्योति ने नागपुर में मतदान किया
दुनिया की सबसे छोटी महिला ज्योति आम्गे ने नागपुर में मतदान किया। अभी ज्योति की उम्र 30 साल है। 18 साल की उम्र से पहले उनकी लंबाई 2 फीट 0.3 इंच थी। 18 साल के बाद उनकी लंबाई 2 फीट 0.7 इंच थी।  वह दुनिया की सबसे छोटी महिला हैं। उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज है।

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में पोलिंग बूथ से 500 मीटर दूर ग्रेनेड ब्लास्ट
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के उसूर थाना इलाके के गलगम में CRPF-196 बटालियन के जवान एरिया डॉमिनेशन पर निकले तभी UBGL सेल ब्लास्ट से एक जवान को चोट आई । इससे 500 मीटर के फासले पर पोलिंग बूथ है। घायल जवान को अस्पताल ले जाया गया। उधर, भैरमगढ़ के चिहका गांव में इलेक्शन ड्यूटी पर लगे CRPF के असिस्टेंट कमांडेंट IED ब्लास्ट में घायल हो गए।

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में मतदान रुका
गढ़चिरौली के कुरखेडा मतदान केंद्र पर EVM मशीन में खराबी के चलते 2 घंटे वोटिंग रुकी रही।

सद्गुरु जग्गी वासुदेव, बाबा रामदेव ने वोट डाला
सद्गुरु जग्गी वासुदेव ने कोयंबटूर, बाबा रामदेव और आचार्य बालकृष्ण ने हरिद्वार में मतदान किया।
रामदेव ने कहा कि हमने भारत की आजादी, एकता को वोट डाला। हमने चिकित्सा आजादी को मतदान किया। हमें एक ऐसा भारत बनाना है कि यहां के नागरिक को खुद को भारतीय कहने में गर्व हो

गडकरी नागपुर के टाउन हॉल वोटिंग करने पहुंचे
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी नागपुर के टाउन हॉल वोटिंग करने पहुंचे। उन्होंने नागपुर में करीब 65% वोटिंग होने का अनुमान लगाया है। भाजपा नागपुर में 75% वोटिंग टारगेट पर काम कर रही है।

विदाई के बाद सीधे पोलिंग बूथ पहुंचे दूल्हा-दुल्हन
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में नवविवाहित जोड़े ने वोट डाला। विदाई के बाद दूल्हा-दुल्हन सीधे पोलिंग बूथ पहुंचे।

पुडुचेरी मुख्यमंत्री  बुलेट पर वोट डालने पहुंचे
पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन रंगासामी मोटरसाइकिल चलाकर वोट डालने पहुंचे। उन्होंने पुड्डुचेरी के देलारशपेट में वोट डाला। 73 साल के रंगासामी 2021 से पुड्डुचेरी के मतदाता हैं।

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने वोट डाला
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने परिवार के साथ देहरादून में वोट डाला। भाजपा ने उन्हें हरिद्वार लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस ने यहां राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के बेटे वीरेंद्र रावत को मैदान में उतारा है।

टीएमसी का आरोप, भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिंसा की
बंगाल के कूचबिहार में भाजपा और टीएमसी वर्कर्स के बीच पथराव की खबर है। तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कूचबिहार के तूफानगंज में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पोलिंग बूथ पर हिंसा की। तृणमूल एजेंट्स से मारपीट की गई है और कई घायल हैं। टीएमसी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता हथियारों के साथ बूथ के सामने खड़े होकर मतदाताओं को डरा रहे हैं।

इस इलाके में गुरुवार रात भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिंसा की और तृणमूल के अस्थाई दफ्तर में आगजनी की। टीएमसी ने भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत की है। भाजपा ने भी तृणमूल के कार्यकर्ताओं पर हिंसा का आरोप लगाया है।

नागपुर में मतदान के लिए लंबी कतारें, गडकरी लड़ रहे चुनाव
नागपुर लोकसभा सीट पर सुबह 6 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है। सुबह 8.00 बजे नागपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के हजारी पहाड़ (मतदान केंद्र संख्या 204) और दाभा (मतदान केंद्र संख्या 205) पर मतदान के लिए भारी कतारें लगी हैं। यहां भाजपा ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को उतारा है। कांग्रेस प्रत्याशी विकास ठाकरे गडकरी के खिलाफ लड़ रहे हैं।

कूच बिहार में CAPF जवान की मौत
बंगाल के कूचबिहार में पोलिंग ड्यूटी में लगे CAPF जवान की मौत हो गई है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, जवान का नाम नीलेश कुमार है। वो बिहार से चुनाव ड्यूटी पर आया था। साथियों को वो बीमार हालत में मिला। जब उसे अस्पताल लाया गया, तब डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।

नकुलनाथ ने कहा- छिंदवाड़ा की जनता सच का साथ देगी
मध्य प्रदेश की छिंदवाड़ा लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार और मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ ने कहा- छिंदवाड़ा की जनता सच का साथ देगी। हमने 44 साल तक छिंदवाड़ा की जनता के लिए काम किया है। मुझे पूरा विश्वास है कि जनता हमें आशीर्वाद देगी।

मुजफ्फरनगर में दुल्हन वोट डालने पहुंची
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में मतदान बूथ संख्या- 193 और 194 पर एक दुल्हन अपना वोट डालने पहुंची।

तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष अन्नामलाई ने वोट डाला
तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष और कोयंबटूर लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार के. अन्नामलाई ने करूर में अपना वोट डाला।

कांग्रेस नेता गौरव गोगोई बोले- आज लोकतंत्र बचाने का दिन
असम की जोरहाट लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार गौरव गोगोई ने अपने पिता को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा- आज एक महत्वपूर्ण दिन है। मैं लोगों से अपील करता हूं कि आज लोग घर से निकल कर अपना वोट दें। ये वोट लोकतंत्र को बचाने के लिए है और भारतीय गणतंत्र संस्कृति को बचाने के लिए है।

पी. चिदंबरम बोले- I.N.D.I.A गठबंधन तमिलनाडु की सभी 39 सीटें जीतेगा
वोट डालने के बाद कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने कहा- मुझे बहुत खुशी और गर्व है कि मैं लोकसभा चुनाव में अपना वोट डाल सका। जहां तक तमिलनाडु का सवाल है, मुझे पूरा विश्वास है कि INDIA समूह तमिलनाडु की सभी 39 संसदीय सीटों पर जीत हासिल करेगा।

अर्जुन राम मेघवाल बोले- प्रथम चरण से विकसित भारत की एक मजबूत नींव रखी जाएगी
केंद्रीय मंत्री और बीकानेर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार अर्जुन राम मेघवाल ने अपना वोट डालने से पहले कहा- आज लोकतंत्र का पर्व है। आज का दिन इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि आज प्रथम चरण के 102 सीटों पर मतदान है। राजस्थान की 12 सीटों पर मतदान है। बीकानेर उसमें शामिल है। प्रथम चरण से विकसित भारत की एक मजबूत नींव रखी जाएगी।

कमलनाथ ने कहा- छिंदवाड़ा के लोग सच का साथ देंगे
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ ने कहा- मुझे छिंदवाड़ा की जनता पर पूरा विश्वास है। वो पिछले 44 साल के इतिहास के सबसे बड़े गवाह हैं और मुझे उम्मीद है कि वे सच्चाई का साथ देंगे।

मेघालय के CM ने तुरा में वोटिंग की
तुरा, वेस्ट गारो हिल्स से मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा वोट डालने पहुंचे। उन्होंने कहा- मैं यहां 6:30 पर आया तो मैंने देखा सुबह से मतदान केंद्र पर भीड़ लगी है। ये देख कर मुझे अच्छा लगा। मैंने अपने कर्मचारियों को भी वोट डालने के लिए भेज दिया है, मैं मतदान केंद्र तक खुद गाड़ी चला कर आया हूं।

RSS प्रमुख बोले- मैंने पहला काम आज मतदान का किया, 100 प्रतिशत वोटिंग होनी चाहिए
RSS प्रमुख मोहन भागवत ने वोट डालने के बाद कहा- मतदान अपना कर्तव्य है, मतदान हमारा अधिकार है। 100 प्रतिशत मतदान होना चाहिए इसलिए पहला काम मैंने आज मतदान का किया है।

PM मोदी का X पर पोस्ट- मतदान जरूर करें, वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाएं

161 कैंडिडेट्स पर हत्या, किडनैपिंग जैसे गंभीर मामले दर्ज
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (ADR) ने 1,618 उम्मीदवारों के हलफनामे के आधार पर एक रिपोर्ट तैयार की। इनमें से 16% यानी 252 उम्मीदवारों पर क्रिमिनल केस दर्ज हैं। 450 यानी 28% उम्मीदवार करोड़पति हैं। इनके पास एक करोड़ या उससे ज्यादा की संपत्ति है। 10 ने अपनी संपत्ति शून्य बताई है, जबकि तीन के पास 300 से 500 रुपए की संपत्ति है।

ADR की रिपोर्ट के मुताबिक, 10% यानी 161 कैंडिडेट ऐसे हैं जिन पर हत्या, किडनैपिंग जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। 7 उम्मीदवारों पर हत्या और 19 पर हत्या की कोशिश के मामले हैं। 18 उम्मीदवारों पर महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले दर्ज हैं। इनमें से एक पर रेप का मामला भी दर्ज है। वहीं, 35 कैंडिडेट्स पर हेट स्पीच से जुड़े मामले दर्ज हैं।

ADR ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि इलेक्शन के पहले फेज में 1618 उम्मीदवारों में से 450 यानी 28% उम्मीदवार करोड़पति हैं। इनके पास एक करोड़ या उससे ज्यादा की संपत्ति है। कैंडिडेट्स के पास औसत संपत्ति 4.51 करोड़ रुपए है।

10 उम्मीदवारों ने अपनी संपत्ति शून्य बताई है, जबकि तीन के पास 300 से 500 रुपए की संपत्ति है। तमिलनाडु की थुथुकूडी सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के. पोनराज 320 रुपए के साथ सबसे गरीब उम्मीदवार हैं

सबसे हॉट 10 सीटें 

1. नागपुर (महाराष्ट्र)

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी महाराष्ट्र की नागपुर सीट से चुनाव मैदान में हैं। गडकरी यहां से हैट्रिक लगाने की कोशिश कर रहे हैं। वो पहली बार इस सीट पर 2014 में जीते थे।

उस चुनाव में गडकरी ने सात बार के सांसद कांग्रेस नेता विलास मुत्तेमवार को हराया था। 2019 के चुनाव में गडकरी ने कांग्रेस प्रत्याशी नाना पटोले को मात दी। इस बार कांग्रेस ने विकास ठाकरे को मैदान में उतारा है। वो नागपुर पश्चिम के विधायक हैं।

2. बीकानेर (राजस्थान)

केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल राजस्थान की बीकानेर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के पूर्व मंत्री गोविंद राम मेघवाल से है। बहुजन समाज पार्टी ने खेत राम मेघवाल को मैदान में उतारा है। अर्जुन राम मेघवाल पहली बार इस सीट पर 2009 में और फिर 2014 और 2019 का चुनाव जीते थे।

3. अलवर (राजस्थान)

केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव राजस्थान की अलवर सीट से चुनाव मैदान में हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के ललित यादव से है. वो अलवर की मुंडावर विधानसभा सीट से विधायक हैं।

अलवर से 2019 में बाबा बालक नाथ ने लोकसभा चुनाव जीता था। गत वर्ष विधानसभा चुनाव में बाबा बालक नाथ विधायक बने हैं। भूपेंद्र यादव का यह पहला लोकसभा चुनाव है। वो 2012 से ही राज्य सभा के सदस्य हैं।

4. छिंदवाड़ा (मध्य प्रदेश)

70 साल से ज्यादा समय से यह सीट कांग्रेस के पास है। 45 साल से यहां नाथ परिवार जीत रहा है। हालांकि, 1997 के उपचुनाव में राज्य के तत्कालीन मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा ने कमलनाथ को 37 हजार से ज्यादा मतों से हराया था। इसके बाद अगले ही साल कमलनाथ ने भी पटवा को बड़े अंतर से हराया।

कमलनाथ यहां 1980 से 2019 के बीच 9 बार सांसद रहे। 2018 में मुख्यमंत्री बनने पर उन्होंने कमान बेटे को सौंपी और 2019 में मोदी लहर के बावजूद नकुलनाथ MP की यह सीट जीते। इस बार भी कांग्रेस के नकुलनाथ और भाजपा के विवेक बंटी साहू में मुकाबला है। साहू 2019 उपचुनाव और 2023 विधानसभा चुनाव में कमलनाथ के हाथों हार चुके हैं।

5. मंडला (मध्य प्रदेश)

भाजपा ने यहां से 6 बार के सांसद और केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते को मैदान में उतारा है। उनका मुकाबला कांग्रेस के चार बार के विधायक ओमकार सिंह मरकाम से है। इस सीट पर BJP की चिंता इससे बढ़ी है कि 6 माह पहले विधानसभा चुनाव में फग्गन सिंह कुलस्ते को मंडला जिले की निवास सीट से हार का सामना करना पड़ा था। मंडला संसदीय क्षेत्र की 8 विधानसभा सीटों में से 5 पर कांग्रेस तो 3 पर BJP का कब्जा है।

6. उधमपुर (जम्मू-कश्मीर)

जम्मू-कश्मीर की उधमपुर-डोडा लोकसभा सीट से तीसरी बार जीत के लिए मैदान में केंद्रीय मंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह हैं। उन्होंने 2014 में जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद को 61 हजार वोटों से हराया था। इसके बाद 2019 में कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम आदित्य सिंह को 3 लाख से ज्यादा वोटों से हराया था। कांग्रेस ने इस बार भाजपा बागी चौधरी लाल सिंह पर दांव लगाया है।

7. अरुणाचल पश्चिम

केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री किरण रिजिजू चुनाव अरुणाचल पश्चिम सीट से चुनाव मैदान में हैं। रिजिजू इस सीट से पहली बार 2004 में जीते थे। लेकिन उन्हें 2009 के चुनाव में हार का सामना करना पड़ा।

इसके बाद रिजूजू 2014 चुनाव में जीते। वो 2019 में भी अरुणाचल पश्चिम सीट से चुनाव जीते। इस बार उनका मुकाबला पूर्व मुख्यमंत्री और अरुणाचल प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नबाम तुकी से हैं।

8. कूचबिहार (पश्चिम बंगाल)

भाजपा ने इस सीट से केंद्रीय मंत्री निशीथ प्रमाणिक मैदान में उतारा है, जबकि TMC ने जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया पर दांव खेला है। 2019 में कूचबिहार सीट से BJP उम्मीदवार निशीथ प्रमाणिक चुने गए थे। 2019 में निशीथ प्रमाणिक को तृणमूल कांग्रेस ने निष्कासित कर दिया था, तब वे BJP टिकट पर कूचबिहार से चुनाव लड़े और जीते। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के अधिकारी परेश चंद्र को 54,231 वोटों से हराया था।

9. नगीना (उत्तर प्रदेश)

UP के बिजनौर जिले की नगीना लोकसभा सीट इस बार हाई-प्रोफाइल हो गई है। यहां युवा दलित नेता चंद्रशेखर आजाद अपनी पार्टी ‘आजाद समाज पार्टी’ से चुनाव लड़ रहे हैं। इसी वजह से सीट पर मुकाबला चार लोगों में हो गया है। BJP  से यहां नहटौर विधायक ओम कुमार मैदान में हैं तो इंडिया गठबंधन से पूर्व जज मनोज कुमार हैं।बहुजन समाज पार्टी से सुरेंद्र पाल प्रत्याशी हैं। दरअसल, 2019 के मोदी लहर में भी यह सीट बसपा ने जीत ली थी। इस सीट से बसपा के गिरीश चंद्र जाटव जीते थे, लेकिन मायावती ने उन्हें इस बार बुलंदशहर से मैदान में उतारा है।

लोकसभा चुनाव 7 फेज में हो रहे, नतीजे 4 जून को
देश की 543 सीटों के लिए चुनाव सात फेज में होगा। पहले फेज की वोटिंग आज और आखिरी फेज की वोटिंग 1 जून को होगी। 4 जून को नतीजे आएंगे। चुनाव आयोग ने लोकसभा के साथ 4 राज्यों- आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के विधानसभा चुनाव की तारीखें भी जारी की हैं। ओडिशा में 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून को वोटिंग होगी।

अरुणाचल और सिक्किम में विधानसभा चुनाव भी आज ही
अरुणाचल प्रदेश में 60 विधानसभा सीटें हैं, लेकिन आज 50 सीटों पर एक फेज में वोटिंग थी। दरअसल, 10 सीटों पर भाजपा को चुनाव से पहले ही जीत मिल चुकी है। इन 10 सीटों पर भाजपा उम्मीदवार निर्विरोध जीते। इनमें CM पेमा खांडू, उपमुख्यमंत्री चाउना मेन भी शामिल हैं।

अरुणाचल में अभी भाजपा के पेमा खांडू की सरकार है। 2019 में खांडू के नेतृत्व में भाजपा ने अरुणाचल में दूसरी बार सरकार बनाई थी। इससे पहले 2003 में भाजपा के गेगोंग अपांग के नेतृत्व वाली सरकार थी। ये सरकार 44 दिन ही चली थी।

सिक्किम में विधानसभा की 32 सीटें हैं। यहां भी आज एक चरण में वोटिंग थी। फिलहाल राज्य में सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (SKM) की सरकार है। यहां प्रेम सिंह तमांग उर्फ पीएस गोले मुख्यमंत्री हैं।

1994 से 2019 तक राज्य में सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (SDF) की सरकार रही। पार्टी चीफ पवन चामलिंग लगातार 24 साल 166 दिन मुख्यमंत्री रहे। 2019 विधानसभा चुनाव में SKM को 17 सीटें और चामलिंग की पार्टी को 15 सीटें मिली थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *