सिल्क्यारा सुरंग में फंसी ऑगर मशीन निकालने को मंगाया हैदराबाद से प्लाज्मा कटर

उत्तरकाशी 25 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सिलक्यारा, उत्तरकाशी में सिलक्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन के संबंध में अस्थाई मीडिया सेंटर, सिलक्यारा में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कठिन परिस्थितियों में सरकार पूरी गंभीरता और तत्परता से बचाव कार्य में जुटी है। पाइप में फंसी ऑगर मशीन जल्द ही काट के निकाल ली जाएगी। इसके लिए हैदराबाद से प्लाज्मा कटर भी मंगाया गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उन्होंने स्वयं कम्युनिकेशन सिस्टम से अंदर फंसे लोगों से बात की है। अंदर फंसे सभी श्रमिक स्वस्थ हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार समन्वय से सभी संभव विकल्पों पर काम कर रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियां हर संभव प्रयास कर रहे हैं। दुनिया भर के विशेषज्ञों का इसमें तकनीकी सहयोग लिया जा रहा है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निरंतर स्थिति पर नजर बनाए हैं। उन्होंने कहा कि बचाव कार्य में किसी भी तरह की अड़चन न आये,इसके लिए पहले से ही सेना के अलावा देश और विदेश की विशेषज्ञ तकनीकी एजेंसियों की मदद ली गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बचाव कार्य में तकनीकी और संसाधनों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता सुरंग में फंसे सभी श्रमिकों को सुरक्षित निकालना है। यह कार्य काफी चुनौतीपूर्ण है जिसमें सभी केंद्रीय और राज्य एजेंसियां दिनरात काम कर रही है।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, मुख्य सचिव डॉक्टर सुरजीत सिंह संधू, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय( भारत सरकार) सचिव अनुराग जैन मौजूद रहे।

इसके पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सिलक्यारा, उत्तरकाशी में सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान का निरीक्षण और मूल्यांकन किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सुरंग में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने ऑगर मशीन के संबंध में जानकारी प्राप्त कर अधिकारियों को निर्देशित किया कि पाइप में फंसी ऑगर मशीन अतिशीघ्र निकाली जाए। ऑगर मशीन निकालने हेतु जो मशीन या टेक्नोलॉजी उपयोगी हो,उसे अतिशीघ्र मंगवाया जाए।

मुख्यमंत्री धामी ने सुरंग में फंसे श्रमिकों को भेजे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की जांच भी की। उन्होंने श्रमिकों को भोजन भेजने की विधि भी जानी। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की हर मांग प्राथमिकता से ले जो सामग्री संभव हो भेजी जाए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सुरंग में एसडीआरएफ के स्थापित ऑडियो कम्युनिकेशन सेटअप से अंदर फंसे श्रमिकों में से गब्बर सिंह,सबा अहमद और अखिलेश से बात कर सभी मजदूरों के बारे में जानकारी ले उनका साहस दृढ़ किया। मुख्यमंत्री धामी ने वार्ता में कहा कि देश एवं दुनिया के विशेषज्ञ मदद को दिन-रात जुटे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी स्थिति पर नजर बनाए हैं एवं प्रत्येक दिन स्वयं जानकारी जुटा रहे हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने अंदर फंसे श्रमिकों से कहा कि कोई भी कठिनाई हो तो अधिकारियों को तत्काल सूचित करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी को जल्द ही बाहर निकाल लिया जाएगा। पूरा देश आपके साथ खड़ा है। केंद्र एवं राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि सभी श्रमिक शीघ्र और सुरक्षित बाहर निकाले जाए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी अधिकारियों,विशेषज्ञों एवं अभियान में जुटे लोगों के उत्साह में कमी न आने देने की बात कही। उन्होंने कहा कि जो भी तकनीक एवं संसाधन मौजूद हैं उनसे बचाव अभियान में और अधिक तेजी लाई जाए। जरूरत हो तो अतिरिक्त संसाधन भी बाहर से तत्काल मंगाये जाएं। राज्य सरकार से हर संभव सहयोग मिलेगा। हम सभी मिलकर अति शीघ्र राहत एवं बचाव कार्य पूर्ण करेंगे।
वार्ता में उत्तरकाशी प्रभारी कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल, प्रधानमंत्री के पूर्व सलाहकार एवं उत्तराखंड सरकार के विशेष कार्याधिकारी भास्कर खुल्बे, मुख्य सचिव डॉक्टर सुरजीत सिंह संधु,सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय( भारत सरकार) सचिव अनुराग जैन, प्रबंध निदेशक एनएचआईडीसीएल महमूद अहमद, गढ़वाल मंडलायुक्त विनय शंकर पांडे,बचाव अभियान समन्वयक सचिव डॉक्टर नीरज खैरवाल,प्रधानमंत्री कार्यालय में उप सचिव मंगेश घिल्डियाल,विधायक संजय डोभाल,विधायक सुरेश चौहान,सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी,जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *